मंडला, 23 अप्रैल 2026
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय मंडला द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए लू (तापघात) से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतें और आवश्यक उपाय अपनाकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गर्मी के दिनों में अधिक समय तक धूप में रहने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। लू लगने पर व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर आना, प्यास अधिक लगना, शरीर में पानी की कमी, आंखों में जलन, बुखार, त्वचा लाल होना, उल्टी, सांस फूलना, बेचौनी तथा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
कैसे करें बचाव
लोग बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, सिर और कान को कपड़े या टोपी से ढकें तथा छाता और चश्मे का उपयोग करें। घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीकर निकलें और दिनभर अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें और अपने साथ पानी अवश्य रखें।
विशेष सावधानी की जरूरत
बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को गर्मी से विशेष रूप से बचाने की सलाह दी गई है। उन्हें बेवजह धूप में न जाने दें, समय-समय पर पानी पिलाएं तथा ठंडे फल एवं तरल पदार्थों का सेवन कराएं। अधिक समय तक धूप में श्रम कार्य करने से बचें।
लू लगने पर प्राथमिक उपचार
यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर कपड़े ढीले करें और ठंडे पानी से शरीर को ठंडा करें। होश में आने पर उसे ठंडे पेय पदार्थ या कच्चे आम का शरबत दिया जा सकता है। गंभीर स्थिति या बेहोशी होने पर तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन सावधानियों का पालन कर गर्मी के मौसम में लू से सुरक्षित रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
