Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

संभागीय प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव (आईएएस) ने राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया राज्य लोक सेवा आयोग के निर्देशों के तहत जिले में सम्पन्न होंगी परीक्षाएं परीक्षार्थियों को केन्द्रों में 90 मिनिट पूर्व उपस्थित होना अनिवार्य होगा

मंडला, 25 अप्रैल 2026

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव (आईएएस) ने शनिवार को मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का सफलतापूर्वक संचालन करने के लिए जिले में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिले में राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की परीक्षा के लिए पाँच परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं। इसमें आरडी कॉलेज, रानी अवंती बाई हायरसेकेंडरी स्कूल मंडला, अमल ज्योति स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर एवं उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। परीक्षार्थियों के लिए वाहन पार्किंग स्थल, बैरीकेट्स, सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक, साफ-सफाई, फ्रिस्किंग, बीओआईपी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, विद्युत एवं जनरेटर की व्यवस्था, पंखे, टायलेट की व्यवस्था, पुलिस कंट्रोल रूम, चिकित्सा सुविधा इत्यादि व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

विदित है कि राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 तक और दोपहर 2:15 से सायं 4:15 तक दो सत्रों में आयोजित की जाएगी।

संभागीय प्रेक्षक डॉ. भार्गव ने राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए परीक्षा में नियुक्त अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेंद्र घोरमारे, डीपीसी श्री कुलदीप कठल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केन्द्रों में रहेगी निगरानी

 

संभागीय पर्यवेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की परीक्षा को सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए आयोग द्वारा जारी नवीन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने को कहा। जिसके तहत परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक फ्रिक्सिंग एवं बीओआईपी की व्यवस्था लागू की गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत समस्त परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थी को परीक्षा के 90 मिनिट पूर्व अनिवार्य रूप से प्रवेश दिया जाना है। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की त्रि-स्तरीय जांच की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश द्वार पर अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की जानकारी चस्पा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से कराना सुनिश्चित करें। परीक्षा केन्द्रों में आने वाले परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी, जिससे परीक्षार्थी वर्जित वस्तुएं लेकर प्रवेश न कर सकें। परीक्षार्थियों की जांच दोनों सत्रों में नियमित रूप से की जाएगी। पुरूष परीक्षार्थियों की जांच पुरूष वीक्षकों और महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षक द्वारा केबीन में की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर परीक्षार्थियों के लिए विकल्प होगा कि वह अपनी फ्रिस्किंग पुरूष अथवा महिला कर्मचारी से करवाना चाहते हैं।

परीक्षा कक्ष में वर्जित वस्तुएं

 

राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थी के लिए स्टेशनरी संबंधी सामग्री जैसे पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, स्केल, बैग्स, पठन सामग्री, आई.टी. गैजेट्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैल्कुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या कोई ऐसा उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जाते हैं, वर्जित रहेंगे। इसी तरह एसेसरीज जैसे- बालों को बांधने वाला क्लचर, वक्कल, हाथ के बैंड/हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैंड/चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलींक, धूप के चश्मा, पर्स/वॉलेट, टोपी और अन्य वस्तुएं जैसे चाबी, लाइटर्स/माचिस बॉक्स, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, शार्पनर, ब्लेड तथा अन्य कोई कीमती सामान साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित रहेगा।

परीक्षा के समय अनुमत वस्तुएं

 

राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षार्थी के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थी अपने साथ ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, गोले बनाने के लिए निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटो (यदि आवश्यक हो), पानी की पारदर्शी बॉटल, दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए 3 आवश्यक सामग्री और अन्य कोई सामग्री जो ई-प्रवेश पत्र में निर्दिष्ट हो, साथ में लेकर आ सकते हैं। किसी भी परिस्थिति में धार्मिक/सामाजिक प्रतीकों को काटने-फाड़ने या बलपूर्वक हटाने की अनुमति नहीं रहेगी।

Related posts

जल संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है – कलेक्टर बिछिया के ग्राम भौंदा में जल चौपाल का आयोजन

Reva India News

मण्डला-बिछिया मार्ग पर वाहनों की चैकिंग की गई

Reva India News

जिले में 47 पंजीयन केन्द्रों में संचालित है खरीफ पंजीयन

Reva India News

Leave a Comment