मंडला, 19 मई 2026
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 20 मई से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय मंडला में जिला स्तरीय हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार हेल्प डेस्क का संचालन 20 मई से आगामी आदेश तक किया जाएगा।
हेल्प डेस्क का उद्देश्य अन्य राज्यों से आने वाले नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रवासी एवं वरिष्ठ मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन, विलोपन तथा आवश्यक दस्तावेजों संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही मतदाताओं को पूर्व एवं वर्तमान विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी, गणना प्रपत्र भरने तथा मतदाता सूची से संबंधित अन्य प्रक्रियाओं में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
हेल्प डेस्क प्रतिदिन कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य करेगा। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। जिला संस्थागत वित्त अधिकारी श्री आर.के. बागड़े को हेल्प डेस्क का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 तथा मोबाइल ऐप एवं ई-कॉल सुविधा की जानकारी भी दी जाएगी।
