Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जनोन्मुखी एवं सुलभ प्रशासन के अध्ययन के लिए आईआईपीए टीम का मंडला भ्रमण

मंडला, 6 जून 2026

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (आईआईपीए) की अध्ययन टीम शुक्रवार को मंडला पहुंची। टीम ने जिले की प्रशासनिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, भौगोलिक परिस्थितियों तथा जनसेवाओं की उपलब्धता का अध्ययन कर जनोन्मुखी एवं सुलभ प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान टीम ने सर्वप्रथम कलेक्टर श्री राहुल नामदेव से उनके कार्यालय कक्ष में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर जिले की प्रशासनिक संरचना, भौगोलिक परिस्थितियों, दूरस्थ क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की उपलब्धता तथा प्रशासनिक चुनौतियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इसके पश्चात टीम ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना से भेंट कर जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। बाद में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला पंचायत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत परिचर्चा आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक पुनर्गठन, जनसेवाओं की पहुंच, सेवा प्रदायगी की प्रभावशीलता तथा प्रशासन को और अधिक जनोन्मुखी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

अध्ययन भ्रमण के अगले चरण में टीम ने जनपद पंचायत घुघरी एवं जनपद पंचायत बिछिया का भ्रमण किया। यहां ब्लॉक स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्रीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन अपेक्षाओं, सेवा वितरण प्रणाली तथा प्रशासनिक पुनर्गठन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सेवाओं, चुनौतियों तथा सुधार की संभावनाओं के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

आईआईपीए टीम ने अध्ययन के दौरान इस बात पर विशेष ध्यान केंद्रित किया कि प्रशासनिक इकाइयों का गठन एवं संचालन किस प्रकार जन अपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं कैसे सुनिश्चित की जा सकती हैं। जिला स्तर पर डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया द्वारा टीम के भ्रमण, समन्वय एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

Related posts

टीएल बैठक में कलेक्टर के निर्देश – हाईवे पर संचालित ढाबों का निरीक्षण करें, अवैध क्लीनिकों पर करें कार्रवाई

Reva India News

नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा: अंबेडकर जयंती पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

Reva India News

16 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

Reva India News

Leave a Comment