मंडला, 11 जून 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में प्रकृति सेवा समिति टिकरिया द्वारा ग्राम बनेहरी में जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जल स्त्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से ग्राम के कुएं की साफ-सफाई की गई तथा जल स्त्रोतों की उपेक्षा से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई। साथ ही बदलते पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित करते हुए हम सब मिलकर एक पेड़ लगाएं, धरती माता का ऋण चुकाएं का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का दायित्व बताते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद ’’पंडित राम प्रसाद बिस्मिल’’ की जयंती के संबंध में भी जानकारी दी गई। उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं को देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।
