Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनाई – मंत्री श्रीमती संपत्तिया उईके पीआईबी द्वारा आयोजित वार्तालाप कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

मंडला, 12 जून 2026

मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज देश दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों के कारण वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान और प्रभाव लगातार बढ़ा है।

केबिनेट मंत्री श्रीमती उईके मंडला में स्थानीय होटल विट्ठल इन में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) भोपाल द्वारा आयोजित एक दिवसीय वार्तालाप कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों ने लाखों परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।

मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। देश के गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे विश्व स्तर पर देश की प्रतिष्ठा और बढ़ी है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद का दशक विकास के शानदार कीर्तिमानों का दशक रहा है। सिंचाई, राजमार्ग, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में मात्र 7 लाख हेक्टेयर जमीन की सिंचाई हो रही थी। आज 2026 में 64 लाख हेक्टेयर सिंचाई कर किसानों को खेती को लाभ में बदलने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं पूरे देश में राजमार्गों का ऐसा जाल बिछाया गया है कि देश के एक छोर से दूसरे छोर तक 4 से 6 लेनों के शानदार राजमार्ग बनकर तैयार हो गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में अटल टनल जैसे अनेक कीर्तिमान हासिल किए गए हैं जिनकी बराबरी मुश्किल है। इस दशक में करीब 23 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। हाई स्पीड ट्रेन के मामले में भी देश ने ऊंचे प्रतिमान हासिल किए हैं।

वार्तालाप कार्यक्रम के आरंभ में दीप प्रज्ज्वलित कर अतिथियों ने वार्तालाप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने स्वागत उद्बोधन में श्री मनीष गौतम ने कहा कि सरकार गरीब, उपेक्षित, किसान, मजदूर सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक योजनाओं, कार्यक्रमों को आमजन के लिए तैयार कर उनका सफल क्रियान्वयन कर रही है। इन योजनाओं से निश्चित ही बड़ी संख्या में देश के नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं और उससे लाभ उठा रहे हैं। पत्र सूचना कार्यालय का यह प्रयास होता है कि केंद्र सरकार की इन योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में मीडिया के माध्यम से आमजन तक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न अंचलों में वार्तालाप जैसे कार्यक्रमों के जरिए यह प्रयास किए जाते रहते हैं। मंडला में उसी के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि आज देश बदल रहा है देश की सैन्य शक्ति सशक्त हुई है। डिजिटल इंडिया के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित हुआ है। महिला सशक्तिकरण से देश मजबूत हो रहा है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा ने भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इन अधिकारियों ने केंद्र की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक श्रीमती दीपाली वाजपेई ने चर्चा की। चिकित्सा अधिकारी डॉ.डी.के. मरकाम ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित और शाखा प्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के श्री सुजय कुमार ने मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मंडला जिले के एक सफल किसान श्री सुनील झरिया ने प्राकृतिक, कार्बनिक खेती के विषय में अपने सफल प्रोजेक्ट के बारे में बताया। इस अवसर पर सहायक संचालक जनसंपर्क मंडला श्री राहुल वासनिक, श्री जेपी सिंह, सुलोचना रजक, उप परियोजना संचालक आत्मा अंजू कोडापे सहित प्रगतिशील कृषक, दीदी एवं मीडिया कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम में पीआईबी भोपाल के सहायक निदेशक श्री अजय प्रकाश उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया, वहीं केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक प्रचार अधिकारी श्री अजय बैंस ने कार्यक्रम का संचालन किया।

Related posts

जीवन का सुरक्षा कवच है हेलमेट  हेलमेट न पहनने की छोटी सी लापरवाही का नुकसान पूरे परिवार को न भुगतना पड़े : मुख्यमंत्री डॉ. यादव  मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को हेलमेट पहनाकर जीवन रक्षा का दिया संदेश

Reva India News

69 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए

Reva India News

Police seek contempt of court action against Harsh Mander over speech at Jamia

Admin

Leave a Comment