Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 16 जुलाई 2026

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में अस्पताल प्रबंधन, 108 एम्बुलेंस, टीबी उन्मूलन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की हुई विस्तृत समीक्षा

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, एसएनसीयू, एनआरसी, पूर्ण टीकाकरण और महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन की कड़ाई से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 108 एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम की नियमित रिपोर्टिंग की जाए। कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि समय पर एम्बुलेंस न पहुंचने और रिस्पॉन्स में देरी होने पर संबंधित एजेंसी व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के विशेष रूप से चिन्हित क्षेत्रों, बिछिया, मवई और नारायणगंज में टीबी उन्मूलन के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने जिले के सभी अस्पतालों के बेहतर प्रबंधन (मैनेजमेंट) को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुचारू पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि अस्पतालों के शौचालयों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और चिकित्सालय परिसरों का अनिवार्य रूप से सौंदर्यीकरण किया जाए। इस दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय मण्डला के ब्लड बैंक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल सीसीटीवी कैमरे और गार्ड की मुस्तैद तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में अनधिकृत (अनवांटेड) लोगों के प्रवेश को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए।

गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ई-गवर्नेंस के माध्यम से आगामी 3 दिनों के भीतर सभी गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी अपडेट की जाए और उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि पहली तिमाही में ही गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीकरण शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक गर्भवती महिला के कम से कम 4 एएनसी चेकअप सुनिश्चित करने के लिए एएनएम को फील्ड में जाकर महिलाओं को समझाने व जागरूक करने के निर्देश दिए गए। आदेश न मानने वाली या अपने कार्यों में लापरवाही बरतने वाली एएनएम के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री धोटे ने जिले में बच्चों का शत-प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा, जिसमें विशेष रूप से 9 माह की आयु में लगने वाले टीकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिले में एनीमिया (खून की कमी) की स्थिति के प्रबंधन और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को जिले में प्रतिदिन की स्वास्थ्य गतिविधियों और प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया, जिसके माध्यम से प्रतिदिन की रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल सहित बीएमओ तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

कर्तव्यनिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को भावपूर्ण विदाई, कलेक्टर ने की कार्यों की सराहना

अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह के सम्मान में आयोजित हुआ विदाई समारोह

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में गुरुवार को अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह के भोपाल स्थानांतरण होने पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विदाई समारोह में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने विशेष रूप से सहभागिता की और श्री सिंह के शासकीय सेवाकाल के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का अत्यंत निष्ठा, कुशलता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। उनके प्रशासनिक अनुभव से जिला प्रशासन को जटिल मामलों के त्वरित निराकरण में सदैव मार्गदर्शन मिला।

समारोह में उपस्थित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और कलेक्ट्रेट स्टाफ ने भी अपर कलेक्टर श्री सिंह के साथ कार्य करने के अपने अनुभवों को साझा किया। सभी ने उनके मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और सहकर्मियों के प्रति उनके सहयोगात्मक रवैये की प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

 

अपर कलेक्टर श्री सिंह ने व्यक्त किया आभार

 

अपने विदाई समारोह में भावुक होते हुए अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के कुशल नेतृत्व और पूरे कलेक्ट्रेट स्टाफ से मिले निरंतर सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जिले में बिताया गया समय और यहाँ की स्मृतियाँ उनके शासकीय जीवन का एक अमूल्य हिस्सा रहेंगी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया सहित कलेक्ट्रेट का समस्त स्टॉफ मौजूद रहे।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्यसमाचार मण्डला 5 नवम्बर 2021

Reva India News

ज्ञानदीप स्कूल मंडला के नवनिर्मित भवन का उदघाटन 31 अक्टूबर को

Reva India News

पंच पद के लिए मतपेटी से मतदान एवं मतगणना 11 सितंबर को होगी

Reva India News

Leave a Comment