Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला वन अधिकार समिति की बैठक, 7 दावों को पुनः परीक्षण के लिए लौटाया

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में जिला वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें पिछली बैठक में रिव्यू के लिए भेजे गए दावों के साथ उपखण्ड स्तरीय समितियों द्वारा जिला स्तरीय समिति को प्रेषित 33 दावा प्रकरणों की समीक्षा की गयी।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने समिति के समक्ष रखे गये सभी प्रकरणों का प्रकरणवार बारीकी से समीक्षा की। समीक्षा के बाद 7 दावों को पुनः परीक्षण के लिए खण्ड स्तरीय समिति को वापस भेजने का निर्णय लिया गया। उन्होंने एसी ट्राईबल को प्रत्येक दावा प्रकरण का बारीकी से अध्ययन करने के निर्देश दिए। इस दौरान वन मण्डल अधिकारी सुश्री प्रीता एसएम, उपसंचालक बफर जोन सुश्री अनीता केबी, उपसंचालक कोर जोन श्री वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य डॉ. अरूण शुक्ला, क्षेत्रीय संयोजक जनजातीय कार्य श्री रंजीत गुप्ता सहित संबंधित मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रोजेक्ट संकल्प की प्रगति पर जिला शिक्षा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

गुरु पूर्णिमा पर किया वृक्षारोपण, शिक्षा गुणवत्ता एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े एवं एपीसी श्री मुकेश कुमार पाण्डेय द्वारा विकासखंड बिछिया के शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बिछिया, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधोपुर का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विद्यार्थियों के लिए लिए गए ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन की जांच की गई। अधिकारियों ने लाभान्वित विद्यार्थियों से वन-टू-वन चर्चा कर परियोजना से प्राप्त हो रहे लाभ, अध्ययन सामग्री के उपयोग तथा तैयारी की स्थिति की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बिछिया परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में नामांकन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय मींस-कम-मेधावी छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) के पंजीयन, प्रोफाइल अपडेट, छात्रवृत्ति स्वीकृति, अपार आईडी निर्माण सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार, शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शासन की सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

16 जुलाई तक जिले में औसतन 581.5 मिमी वर्षा दर्ज,

बुधवार को बिछिया तहसील में सर्वाधिक 19.5 मिमी बारिश हुई

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

भू-अभिलेख कार्यालय, मंडला से प्राप्त वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार जिले में 16 जुलाई 2026 को औसतन 4.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, 1 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक जिले में औसतन 581.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 914.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी, जिसके मुकाबले इस वर्ष अब तक वर्षा कम रही है।

जिले की छह तहसीलों में दर्ज वर्षा के अनुसार बिछिया तहसील में सर्वाधिक 19.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नारायणगंज में 4.2 मिमी, मंडला में 1.8 मिमी, घुघरी में 1.0 मिमी वर्षा हुई, जबकि नैनपुर एवं निवास तहसील में वर्षा दर्ज नहीं हुई।

प्रगतिशील (1 जून से 16 जुलाई 2026 तक) वर्षा के आंकड़ों के अनुसार मंडला तहसील में 373.0 मिमी, घुघरी में 313.8 मिमी, नैनपुर में 296.8 मिमी, बिछिया में 283.6 मिमी, निवास में 179.4 मिमी तथा नारायणगंज में 123.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

वहीं, पिछले वर्ष 16 जुलाई 2025 तक प्रगतिशील वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडला तहसील में 1038.0 मिमी, नैनपुर में 971.0 मिमी, बिछिया में 827.6 मिमी, निवास में 982.1 मिमी, घुघरी में 755.4 मिमी तथा नारायणगंज में 920.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इससे स्पष्ट है कि इस वर्ष जिले में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है।

भू-अभिलेख विभाग के अनुसार जिले की वार्षिक औसत वर्षा 1326.2 मिमी निर्धारित है, जबकि जिला मुख्यालय मंडला तहसील की वार्षिक औसत वर्षा 1442.6 मिमी है। प्रशासन द्वारा वर्षा की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सतर्कता एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत छात्राओं को अधिकार, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

वन स्टॉप सेंटर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजित किया जागरूकता सत्र, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का हुआ सम्मान

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनपुर में छात्राओं के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा एवं अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में भी जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

जागरूकता सत्र के दौरान जेंडर संवेदीकरण पर विशेष चर्चा करते हुए छात्राओं को लड़के एवं लड़की के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न करने का संदेश दिया गया। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, माहवारी के दौरान सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं उचित निपटान, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्थानीय फल एवं सब्जियों के सेवन, नियमित खेल, व्यायाम और योग के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

परियोजना नैनपुर की परियोजना अधिकारी श्रीमती रेखा सैयाम ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

बरसात में रहें सतर्क, बुखार को न करें नजरअंदाज – मलेरिया से बचाव के लिए जिला मलेरिया अधिकारी ने जारी की एडवाइजरी

रुके हुए पानी से बढ़ता है मलेरिया का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने दी महत्वपूर्ण सलाह

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

बरसात के मौसम में मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला मलेरिया अधिकारी ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए मलेरिया से बचाव एवं समय पर उपचार कराने की अपील की है। एडवाइजरी में बताया गया है कि मलेरिया एक परजीवी जनित रोग है, जो संक्रमित मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। भारत में मुख्य रूप से प्लाज्मोडियम वाइवेक्स एवं प्लाज्मोडियम फैल्सीपेरम परजीवी पाए जाते हैं, जिनमें फैल्सीपेरम मलेरिया सबसे अधिक गंभीर माना जाता है।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया फैलाने वाले मच्छर साफ एवं रुके हुए पानी में पनपते हैं। घरों की खुली पानी की टंकियाँ, कूलर, गमले, पुराने टायर, बाल्टियाँ, फूलदान तथा अन्य पात्रों में एक सप्ताह से अधिक समय तक भरे पानी में मच्छर अंडे देते हैं। इसलिए पानी को प्रत्येक 3 से 4 दिन में बदलें, पानी संग्रहण वाले बर्तनों को ढक्कर रखें तथा पानी निकासी के स्थानों पर मच्छररोधी जाली लगवाएं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार का बुखार मलेरिया का संकेत हो सकता है। तेज बुखार, कंपकपी, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी, बेचैनी, पसीना आना तथा रुक-रुक कर बुखार आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में रक्त जाँच कराएं और मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सक के निर्देशानुसार पूरा उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना चाहिए। शासकीय अस्पतालों, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मलेरिया की जाँच एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में 52,113 रोगियों की मलेरिया जांच की जा चुकी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बुखार को हल्के में न लें, समय पर जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेकर स्वयं एवं अपने परिवार को मलेरिया से सुरक्षित रखें।

 

 

 

 

 

 

 

जर्जर भवनों पर नगर पालिका की कार्रवाई

दो भवनों का कराया गया सुरक्षित ध्वस्तीकरण, नागरिकों से सहयोग की अपील

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद मंडला द्वारा जनसुरक्षा एवं वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को वार्ड क्रमांक 3 नर्मदाजी वार्ड स्थित स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद सोनी के जर्जर भवन तथा वार्ड क्रमांक 6 रानी दुर्गावती वार्ड स्थित श्री नारायण विश्वकर्मा के जर्जर भवन का नियमानुसार सुरक्षित ध्वस्तीकरण कराया गया।

नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह कार्रवाई संपन्न की गई। संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे, किंतु आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवनों का ध्वस्तीकरण कराया गया।

नगर पालिका परिषद मंडला ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके स्वामित्व में कोई जर्जर अथवा खतरनाक भवन है, तो उसकी समय रहते मरम्मत अथवा सुरक्षित ध्वस्तीकरण कराकर नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करें। इससे वर्षाकाल के दौरान किसी भी प्रकार की जन-धन हानि की संभावना को रोका जा सकेगा तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर के औचक निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई

कर्तव्य से अनुपस्थित मिलने पर फार्मासिस्ट निलंबित, स्टोर में मिली अनियमितताओं पर भी कार्रवाई

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिछिया के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्मासिस्ट ग्रेड-02 श्री कृष्ण कुमार मरावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला-मंडला द्वारा जारी आदेश के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार 15 जुलाई 2026 को कलेक्टर श्री धोटे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिछिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट ग्रेड-02 श्री कृष्ण कुमार मरावी अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए। साथ ही दवा भंडार (स्टोर) में भी विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं एवं कमियाँ पाई गईं। इस लापरवाही को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन माना गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मध्यप्रदेश शासकीय सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के अंतर्गत श्री कृष्ण कुमार मरावी को तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, कलेक्टर मंडला, खंड चिकित्सा अधिकारी बिछिया एवं मवई तथा संबंधित कर्मचारी को आवश्यक कार्यवाही एवं पालनार्थ प्रेषित की गई है। इस कार्रवाई को स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन, जवाबदेही एवं बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

स्वैच्छिकता पर्व पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 

मंडला, 16 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, विकासखंड मंडला द्वारा चयनित नवांकुर संस्था धेनु बाड़ी गौरक्षण समिति, अचली के तत्वावधान में स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में स्वैच्छिक सेवा और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन ने कहा कि स्वैच्छिकता पर्व का मुख्य उद्देश्य समाज में बिना किसी स्वार्थ के सेवा करने की भावना विकसित करना और लोगों को अपने गांव एवं शहर के विकास कार्यों में स्वेच्छा से भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम में परिषद से जुड़े कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Related posts

मीरा दीदी के घर पहुँचे अधिकारी

Reva India News

राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्रतिदिन करें – श्रीमती सिंह कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की ली वीसी

Reva India News

कलेक्टर ने माटी कला के साधक बलराम चक्रवर्ती से की आत्मीय मुलाकात पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों को पुनर्जीवित करने पर हुई सार्थक चर्चा

Reva India News

Leave a Comment