Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 15 जुलाई 2026

आईएफएमआईएस की तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए 16 एवं 17 जुलाई को विशेष समाधान शिविर आयोजित

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

जिला कोषालय अधिकारी, मंडला द्वारा जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को आईएफएमआईएस (एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली) से संबंधित तकनीकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में जिला कोषालय अधिकारी ने एक पत्र जारी कर सभी विभागों से पूर्व से लंबित तथा वर्तमान में आ रही तकनीकी समस्याओं का विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा है।

जारी निर्देशों के अनुसार संचालनालय, कोष एवं लेखा, भोपाल के निर्देशों के अनुपालन में सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को अपने कार्यालयों में आईएफएमआईएस प्रणाली से संबंधित तकनीकी समस्याओं का संकलित विवरण अनिवार्य रूप से जिला कोषालय को उपलब्ध कराना होगा। ताकि प्राप्त समस्याओं का समुचित परीक्षण एवं समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि प्राप्त शिकायतों एवं तकनीकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से 16 एवं 17 जुलाई 2026 को जिला कोषालय कार्यालय, मंडला में विशेष तकनीकी समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में आईएफएमआईएस प्रणाली से संबंधित विभिन्न तकनीकी कठिनाइयों का विशेषज्ञों की सहायता से निराकरण किया जाएगा, जिससे विभागीय वित्तीय कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके।

पत्र में सभी विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से समय-सीमा का पालन करते हुए आवश्यक जानकारी निर्धारित तिथि तक भेजने का आग्रह किया गया है, ताकि शिविर के दौरान समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान किया जा सके। जिला कोषालय ने स्पष्ट किया है कि समय पर जानकारी उपलब्ध कराने से वित्तीय लेन-देन, वेतन, बिल भुगतान तथा अन्य कोषालय संबंधी कार्यों के सुचारू संचालन में सुविधा होगी।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा निर्धारित समय-सीमा में तकनीकी समस्याओं का विवरण उपलब्ध कराने की अपील की है, जिससे आईएफएमआईएस प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं निर्बाध बनाया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

नमस्ते दिवस पर सफाई मित्रों का सम्मान, स्वच्छता की दिलाई शपथ

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

नगर पालिका परिषद मंडला द्वारा टाउनहॉल परिसर में नमस्ते दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका एवं जनपद पंचायत मंडला के सफाई मित्रों को भारत सरकार की नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम योजना के तहत पोर्टल पर पंजीयन कराने की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सीवर एवं सेप्टिक टैंक सफाई से जुड़े सफाई मित्रों तथा कचरा बीनने वाले सफाई कर्मियों को नमस्ते योजना, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों का सम्मान भी किया गया। साथ ही वार्डों की स्वच्छता में विशेष सहयोग देने वाली वार्डवासी श्रीमति ललति बाई ठाकुर, श्रीमती कला बाई कछवाहा, श्रीमती उर्मिला भांगरे एवं श्री राजेन्द्र तिवारी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

 

 

 

शासकीय कन्या हाईस्कूल पड़ाव में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर द्वारा शासकीय कन्या हाई स्कूल पड़ाव, मंडला में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्राओं को जेंडर संवेदीकरण के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि समाज में लड़का और लड़की के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य प्रबंधन, किशोरियों के अधिकारों एवं आत्म-सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जागरूकता प्रदान करते हुए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह निषेध कानून, इसके उल्लंघन पर मिलने वाले दंड के प्रावधान तथा वन स्टॉप सेंटर एवं महिला सशक्तिकरण हब के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी छात्राओं को दी गई।

कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में भी जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर सुश्री आशा नंदा एवं श्रीमती साक्षी पटवा, विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती विभा सिहारे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

बरसात में सर्पदंश से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और सर्पदंश होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सर्प के काटने पर जहर रक्त के माध्यम से पूरे शरीर में फैल जाता है। सामान्यतः विषैले सांप के काटने पर दो गहरे दांतों के निशान दिखाई देते हैं, जबकि गैर विषैले सांप के काटने पर दो से अधिक निशान हो सकते हैं। हालांकि केवल निशानों के आधार पर यह मान लेना कि सांप विषैला नहीं था या उसने नहीं काटा, उचित नहीं है। सर्पदंश के लगभग 95 प्रतिशत मामलों में सबसे पहला लक्षण अत्यधिक नींद आना होता है। इसके अलावा निगलने में कठिनाई, सांस लेने में परेशानी तथा अन्य लक्षण सामान्यतः आधे घंटे के भीतर दिखाई देने लगते हैं। सर्पदंश की स्थिति में मरीज को घबराने न दें और उसे मानसिक रूप से आश्वस्त रखें। काटे गए स्थान को साफ गीले कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें, मरीज को करवट लिटाएं तथा प्रभावित अंग को हल्के कपड़े से स्थिर रखें, जिससे अनावश्यक हरकत न हो। इसके बाद बिना देरी किए मरीज को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं, जहां एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन एवं आवश्यक उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।

सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि सर्पदंश की स्थिति में रस्सी या कपड़े से कसकर बांधना, ब्लेड से चीरा लगाना, मुंह से जहर चूसने का प्रयास करना, झाड़-फूंक, ओझा-गुनिया या अन्य पारंपरिक एवं अंधविश्वास आधारित उपाय अपनाना पूरी तरह गलत है और इससे मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है।

 

 

 

 

 

 

विश्व युवा कौशल दिवस पर जन शिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, मंडला में युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अ.प्रा. प्रधानाचार्य डॉ. नरेश ज्योतिषी, विशिष्ट अतिथि श्रीमती विभा मिश्रा (प्राचार्य, पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय, महाराजपुर), सेंटर फॉर डेवलपमेंट के निदेशक निसार कुरैशी तथा वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रेणुका परमार द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री अखिलेश पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों, कौशल विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन श्री दिवाकर द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों, युवाओं एवं संस्थान के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की गई।

Related posts

4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाना हमारी जिम्मेदारी-कलेक्टर श्री मिश्रा रोजगार के अवसर से युवाओं का भविष्य होगा उज्जवल जिले के आईटीआई प्राचार्यों की बैठक

Reva India News

परीक्षा के सफल संचालन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने दंडाधिकारी नियुक्त

Reva India News

Leave a Comment