अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं आमजनों की समस्या
मंडला, 14 जुलाई 2026
जिला योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की समस्या का न्यायोचित समाधान करने की बात कही।
अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में दूरस्थ तहसीलों से आए 104 आवेदकों की समस्याओं को लेकर अपर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की और उन्हें शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन सख्त, 11 टीनशेड हटाए गए
मंडला, 14 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार जिले में अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम के मार्गदर्शन में नगरपालिका, राजस्व विभाग, कोतवाली पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एनआरसी के पास किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए छोटे-बड़े कुल 11 टीनशेड हटाए गए। इसके साथ ही उदय चौक से बड़ चौराहा मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आमजन को आवागमन में सुविधा मिले। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार श्री रामसिंह उलाड़ी सहित उनकी टीम उपस्थित रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन के अभियान में सहयोग करें।

16 एवं 17 जुलाई को आईएफएमआईएस प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे
मंडला, 14 जुलाई 2026
जिला कोषालय कार्यालय, मंडला द्वारा आईएफएमआईएस प्रणाली के प्रभावी संचालन एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से 16 एवं 17 जुलाई 2026 को प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला कोषालय अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न आहरण एवं संवितरण अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों को आईएफएमआईएस प्रणाली के संचालन, ऑनलाइन प्रक्रियाओं एवं आवश्यक तकनीकी बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वित्तीय कार्यों का निष्पादन अधिक पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध ढंग से किया जा सके।
जिला कोषालय अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त करें। साथ ही संबंधित विभागाध्यक्षों से भी अपेक्षा की गई है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि आईएफएमआईएस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

15 से 30 जुलाई तक चलेगा ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ जनजागरूकता अभियान
मंडला, 14 जुलाई 2026
समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने और नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान का संचालन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के समन्वय से पुलिस विभाग तथा विभिन्न शासकीय विभागों के सहयोग से किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत ग्राम एवं नगर स्तर पर प्रतिदिन विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रैली, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, लघु फिल्म प्रदर्शन, जनसंवाद, मानव श्रृंखला, सोशल मीडिया अभियान, खेल गतिविधियाँ तथा विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
अभियान की शुरुआत 15 जुलाई को मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार, नशामुक्ति संदेश वाले पंपलेट वितरण तथा स्कूल-कॉलेजों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से शपथ कार्यक्रमों के साथ होगी। इसके बाद विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, सार्वजनिक परिवहन स्थलों, पुलिस थाना परिसरों तथा विभिन्न शासकीय संस्थानों में प्रतिदिन निर्धारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के दौरान नशा पीड़ित व्यक्तियों को पुनर्वास एवं उपचार संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत हेल्पलाइन 14446 एवं मानस हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा के लिए विशेष जाँच अभियान जारी,
नियम उल्लंघन पर 34 हजार का जुर्माना
मंडला, 14 जुलाई 2026
पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अशासकीय ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल, अशासकीय सेंट बंता कॉन्वेंट स्कूल (पिंडरई), अशासकीय अपोलो स्कूल तथा अशासकीय सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल (बम्हनी) में संचालित स्कूली बसों एवं वैनों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए बिना परमिट संचालित दो वाहनों पर कुल 20 हजार रूपए, फिटनेस प्रमाण-पत्र संबंधी उल्लंघन पर एक वाहन पर 5 हजार रूपए, बीमा नियमों के उल्लंघन पर एक वाहन पर 5 हजार रूपए, पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं होने पर एक वाहन पर 1 हजार रूपए तथा फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र जैसे अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के अभाव में 3 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 34 हजार रूपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
जांच के दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाण-पत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। साथ ही वाहन चालकों, परिचालकों एवं अटेंडेंटों को स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंडला पुलिस एवं परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन मालिकों से अपील की है कि वे स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक नियमों के अनुरूप ही करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

