मंडला, 3 सितम्बर 2026
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंडला डॉ. डी.जे. मोहंती द्वारा मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र में ग्राम सलैया अंतर्गत एम्बुलेंस उपलब्ध न होने से गर्भवती महिला की मौत के संबंध में प्रकाशित खबरों का खण्डन करते हुए कहा है कि महिला की मृत्यु एम्बुलेंस नही मिलने के कारण नही हुई है, बल्कि महिला पूर्व से ही सिकलसेल बीमारी से प्रभावित थी तथा सोनोग्राफी रिपोर्ट के अनुसार गर्भ में जुड़वा बच्चे होने के साथ ही महिला सात माह की गर्भावस्था में थी। क्रिटिकल लक्षण होने के चलते ही महिला को 20 अगस्त को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी से मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए रैफर किया गया था, इसलिए यह कहना सही नही है कि महिला की मृत्यु समय पर एम्बुलेंस नही मिलने के कारण हुई है। 1 सितंबर को महिला के परिजनों द्वारा 108 एम्बुलेंस के लिए शाम 4:46 बजे फोन किया गया, एम्बुलेंस को केस असाइन होने से पहले ही महिला को शाम 5:10 बजे परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी लेकर आए, चिकित्सा अधिकारी के द्वारा जांच उपरांत शाम 5:25 बजे महिला को मृत घोषित किया गया। इस प्रकार एम्बुलेंस की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही हुई है, चूकि महिला पूर्व से ही सिकलसेल से पीड़ित होने और गर्भावस्था के क्रिटिकल होने से यह दुःखद घटना हुई है।
