मंडला, 4 सितम्बर 2026
मिशन पोषण गतिविधियों एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र मोहगांव, विकासखंड मवई, तहसील बिछिया में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली छह प्रकार की सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम में पोषण पर जानकारी देते हुए स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों, विभिन्न भाजियों, फलों, मोटे अनाज, अनाज एवं दालों के पोषण महत्व के बारे में बताया गया। एनीमिया से बचाव, स्तनपान को बढ़ावा देने, माहवारी स्वच्छता तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र जाकर हीमोग्लोबिन एवं एनीमिया की जांच कराने की सलाह दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए जननी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।

पैरालीगल वालेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना, हिट एंड रन योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, आशा योजना, लोक अदालत एवं जनोपयोगी लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली श्रीमती राजेश्वरी खैरवार को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

