मंडला, 17 सितम्बर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम समर्पित सेवा भाव और जनसेवा के 25 वर्षों को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जिला चिकित्सालय मंडला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, नागरिकों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपना योगदान दिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों के दौरान 74 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर रक्तदान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा सेवा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दिया जा सकता है। शिविर में रक्तदाताओं ने सेवा भावना के साथ रक्तदान कर अभियान को सार्थक बनाया।

नवजात का नाम रखा ‘नरेंद्र’, प्रसूता महिलाओं को फल वितरित
जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक नवजात शिशु का नामकरण ‘नरेंद्र’ किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण की भावना से जुड़े इस अवसर को यादगार बनाने के लिए मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके द्वारा नवजात का नाम ‘नरेंद्र’ रखा गया। शिशु की माता एवं परिवारजनों ने इस नाम को उत्साहपूर्वक स्वीकार किया। उपस्थितजनों ने नवजात शिशु के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी दौरान जिला चिकित्सालय में नवजात शिशुओं को जन्म देने वाली माताओं को फल वितरित किए गए। प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं के बीच पहुंचकर सेवा एवं संवेदना का संदेश दिया गया। फल वितरण के माध्यम से माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सेवा भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।

आर.डी. कॉलेज में विद्यार्थियों ने भी किया रक्तदान
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएमश्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंडला में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। युवा विद्यार्थियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का माध्यम बताते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए अपना रक्त समर्पित किया।
जिला चिकित्सालय एवं आर.डी. कॉलेज में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से जिले के युवाओं एवं नागरिकों ने ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को साकार किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जिले में विभिन्न जनसेवा एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, एसडीएम मंडला श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

