मंडला, 30 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर-वाराणसी यात्रा के अंतर्गत नगर पालिका टाउन हॉल में स्वच्छता मित्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, बारडोली, गुजरात के सांसद श्री प्रभु वसावा सहित बाइकर्स, जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता मित्रों से संवाद किया और स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में उनके योगदान को सराहा।

कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि स्वच्छता मित्र हमारे शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए कार्य करते हैं। उनके परिश्रम और योगदान का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है।

सांसद श्री प्रभु वसावा ने भी स्वच्छता मित्रों से संवाद कर उनके कार्य एवं अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता मित्रों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मियों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता मित्रों ने अपने कार्य से जुड़े अनुभव साझा किए तथा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी दिए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे।

