मंडला, 22 अक्टूबर 2026
कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों को अनुदान पर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कार्यालय सहायक कृषि यंत्री, कृषि अभियांत्रिकी, पौंडी, महाराजपुर, मण्डला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र किसान 29 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदनों के आधार पर 30 अक्टूबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। लक्ष्य निर्धारण एवं लॉटरी संबंधी सूचना पृथक से जारी की जाएगी।
आवश्यक दस्तावेज एवं धरोहर राशि
आवेदन के लिए किसानों को भूमि की खतौनी (बी-1), सहायक कृषि यंत्री, मण्डला के नाम से स्वयं के बैंक खाते से बना 3 हजार 500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट, कंबाइन हार्वेस्टर का पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी) तथा बैंक खाते की छायाप्रति ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को जाति प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा।
47 हजार 800 से 59 हजार 700 रुपये तक अनुदान
स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम की खरीदी पर पात्र किसानों को न्यूनतम 47 हजार 800 रुपये से अधिकतम 59 हजार 700 रुपये तक अनुदान देय होगा। इच्छुक किसान निर्धारित समय-सीमा में विभागीय पोर्टल dbt.mpdage.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसानों से अपील की गई है कि आवेदन करने से पूर्व आवश्यक दस्तावेज एवं निर्धारित शर्तों की जानकारी सुनिश्चित कर लें।
