शिविर में 149 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क उपचार एवं दवाइयां वितरित की गईं
मंडला, 22 अक्टूबर 2026। कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला अंतर्गत मुक्की परिक्षेत्र स्थित वन औषधालय में आज एक दिवसीय विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन एवं श्री शंकराचार्य स्वरूपानंद फाउंडेशन के तत्वावधान में शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, भिलाई तथा अभिषेक आई. मिश्रा मेमोरियल हॉस्पिटल, भिलाई के तकनीकी एवं चिकित्सीय सहयोग से आयोजित किया गया।
कान्हा टाइगर रिजर्व के दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में दिन-रात कर्तव्य निर्वहन करने वाले वन अमले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य तथा रिजर्व की सीमाओं से लगे वन ग्रामों में निवासरत ग्रामीणों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल द्वारा उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह एवं नेत्र संबंधी जांच के साथ-साथ महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं, हड्डियों से संबंधित रोगों तथा सामान्य मौसमी बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही, मरीजों को नि:शुल्क आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।
दिनभर चले इस शिविर में कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारी-कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों तथा आसपास के सीमावर्ती वन ग्रामों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में कुल 149 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य वन अमले एवं स्थानीय ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ दूरस्थ वन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस प्रकार के जनहितैषी आयोजन वन विभाग एवं स्थानीय समुदाय के बीच सहयोग और विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
