Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

*भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्म जयंती पर विकास खण्ड स्तरीय संगोष्ठी संपन्न*  *जनजातीय_गौरव_दिवस_कार्यक्रम_विकास खंड मंडला जिला मंडला*     *भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का दिवस है जनजातीय गौरव दिवस

मंडला। जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मंडला जिला मंडला के तत्वावधान में शासकीय स्नातकोत्तर रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला के सेमीनार हॉल में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) की नियमित कक्षा के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति से सम्मानित डॉ प्रमोद मारावी जी, विकास खण्ड समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग,विशिष्ट अतिथि श्री हरेंद्र मसराम जनपद पंचायत मंडला के सदस्य , श्री सुरेन्द्र गुप्ता प्रबंधक एक गांव टेक्नोलॉजी मंडला , श्री गोविन्द सिंह पुसाम सरपंच ग्राम पंचायत तिंदनी तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकास खण्ड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया जी मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी एवं मां भारती के छायाचित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात स्वागत गीत अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम की प्रस्तावना विकास खण्ड समन्वयक संतोष कुमार झारिया जी द्वारा प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति से सम्मानित डॉ प्रमोद मारावी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की राष्ट्रनिष्ठा, स्वाभिमान एवं देश की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन हमें अपने गौरवशाली इतिहास और जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान का एहसास कराते है

भगवान बिरसा मुंडा के मात्र 25 वर्षों के अल्प जीवनकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों और भारतीय इतिहास में उनके विशिष्ट स्थान पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के गौरव, समाज के उत्थान और देशहित में अपने जीवन का कुछ न कुछ योगदान अवश्य सुनिश्चित करना चाहिए।

 

विशिष्ट अतिथि श्री हरेंद्र मसराम जनपद पंचायत मंडला के जनपद सदस्य , ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी है। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि समाज की सेवा ही सच्ची आराधना है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए उन्होंने उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया, जिसमें समाज की विभिन्न जातियों और बिरादरियों के लोगों ने सहभागिता की। उनका संघर्ष सामाजिक एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का प्रेरक उदाहरण है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इतिहास विषय के प्राध्यापक डॉ. अमित ताम्रकार जी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, शिक्षा, संघर्ष एवं उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता, अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक चेतना, आत्मसम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।

वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोकज्ञान, प्रकृति के साथ उसके आत्मीय संबंध तथा भारतीय समाज और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों तथा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।

प्रातः काल जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय रैली कार्यक्रम में परिषद के सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के विद्यर्थियों,परामर्शदाताओं, एवं अधिकारी/कर्मचारियों ने सहभागिता की

 

कार्यक्रम का सफल संचालन पाठ्यक्रम के परामर्शदाता श्री आशीष नामदेव जी ने किया। आभार प्रदर्शन पाठ्यक्रम की परामर्शदाता श्रीमती रागिनी हरदहा जी द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम का समन्वय पाठ्यक्रम के परामर्शदाता श्री लालाराम चक्रवर्ती, संतोष कुमार रजक एवं दीपा श्रीवास जी ने किया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा ग्रहण की।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 3 मार्च 2024

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की वीडियो कॉन्फ्रेंस — प्रदेशवासियों के लिए यह दीपावली समृद्धि लाए

Reva India News

मतदान दिवस को समस्त श्रेणी के कामगारों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश

Reva India News

Leave a Comment