Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश मना रहा है जनजातीय गौरव दिवस: मंत्री श्रीमती संपतिया उइके 15 लाख रुपये के विकास कार्यों का हुआ भूमि-पूजन

 

 

मंडला, 15 नवम्बर 2026

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती ’जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित राजराजेश्वरी किला वार्ड परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके शामिल हुईं। उन्होंने रानी दुर्गावती एवं भगवान बिरसामुंडा की जन्मभूमि की रज युक्त कलश का पूजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज और लोक कलाओं को मंच मिल रहा है, तथा युवा पीढ़ी को जनजातीय महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया जा रहा है।

श्रीमती उइके ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय वर्ग के सर्वांगीण उत्थान के लिए ’धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 200 से अधिक जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को मुख्यधारा में लाकर उन्हें सच्चा सम्मान दिया है। उन्होंने जिलेवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह की जन्मस्थली तथा राजराजेश्वरी मंदिर परिसर से संबंधित 15 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का विधिवत भूमि-पूजन किया।

 

युवा अपनी संस्कृति और इतिहास को सहेजें- श्री संजय कुशराम

 

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जीवन गाथा का वर्णन करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास को समझें और अपनी पारंपरिक संस्कृति को संजोए रखें।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने पारम्परिक वेशभूषा में सामूहिक रूप से आकर्षक ’सैला नृत्य’ की प्रस्तुति दी। समारोह में जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन तथा धार जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव) देखा। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, ग्राम पंचायत टिकरवारा की सरपंच श्रीमती श्रद्धा उइके, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम मण्डला श्री शैलेंद्र चौधरी, एसीईओ श्री विनोद मरावी सहित जनप्रतिनिधिगण, लोक कलाकार, छात्र-छात्राएं, विभिन्न पंचायती के सरपंच, नगरपालिक के पार्षद एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

भू-राजस्व चालान का भुगतान अब ऑनलाइन  

Reva India News

वन ग्राम मनोरी एवं भीमडोंगरी में विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न

Reva India News

जिलेवासी कोविड गाईडलाईन का पालन करें – कलेक्टर

Reva India News

Leave a Comment