Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

नरवाई प्रबंधन निर्देशों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई बिना एसएमएस के धान कटाई करने वाले चार हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

मंडला, 17 नवम्बर 2026

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, मंडला द्वारा जारी आदेश क्रमांक कृषि/खरीफ-नरवाई पराली/2026-27/5384, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के माध्यम से जिले की राजस्व सीमा में फसल अवशेष प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से नरवाई जलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही धान की फसल की कटाई के लिए कम्बाइन हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगाया जाना अनिवार्य किया गया है।

उक्त आदेश तथा राष्ट्रीय फसल अवशेष प्रबंधन नीति, 2014 के प्रावधानों के अनुपालन में जिले में बिना एसएमएस युक्त कम्बाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई पर प्रतिबंध है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत स्तरीय निगरानी समितियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा की जा रही निगरानी के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना एसएमएस युक्त हार्वेस्टर से धान कटाई किए जाने के मामले सामने आए। जांच में आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर थाना प्रभारी नैनपुर द्वारा संबंधित चार हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध थाना नैनपुर में पृथक-पृथक चार एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें एफआईआर क्रमांक 0523/2026, 0524/2026, 0525/2026 एवं 0526/2026 शामिल हैं।

उक्त प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही कलेक्टर मंडला द्वारा जारी आदेश के प्रावधानों के अनुसार संबंधित हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध निर्धारित दण्ड एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है।

 

बिना एसएमएस हार्वेस्टर संचालन पर सतत निगरानी

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंडला जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के कम्बाइन हार्वेस्टर से फसल कटाई की अनुमति नहीं है। यदि किसी क्षेत्र में बिना एसएमएस के हार्वेस्टर से फसल कटाई की जाती है, तो नागरिक इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना, राजस्व अधिकारी अथवा जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 9301463430 पर दे सकते हैं। प्राप्त सूचना पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

नरवाई जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर अर्थदण्ड

 

कलेक्टर मंडला के आदेश के अनुसार जिले की राजस्व सीमा में खेतों में नरवाई अथवा फसल अवशेष जलाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। नरवाई जलाने की स्थिति में भूमि के रकबे के आधार पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति अर्थदण्ड निर्धारित किया गया है। इसके तहत 2 एकड़ से कम भूमि पर प्रति घटना 2,500 रुपये, 2 से अधिक एवं 5 एकड़ से कम भूमि पर 5 हजार रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि पर प्रति घटना 15 हजार रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जिले के समस्त कृषकों एवं हार्वेस्टर संचालकों से अपील की है कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। कृषक नरवाई न जलाएं तथा फसल कटाई के लिए केवल एसएमएस युक्त हार्वेस्टर का ही उपयोग कराएं। फसल अवशेषों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन कर भूमि की उर्वरा शक्ति, पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के संरक्षण में सहयोग प्रदान करें।

Related posts

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

Reva India News

विधानसभा क्षेत्र मंडला-107 के बीएलओ एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 20 एवं 21 नवंबर को

Reva India News

प्रभारी कलेक्टर ने आरडी कॉलेज ऑडिटोरियम में विक्रमादित्य महोत्सव के सूर्य उपासना कार्यक्रम की तैयारियां देखी

Reva India News

Leave a Comment