मण्डला 20 अक्टूबर 2020
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे ने बताया कि महिलाओं एंव बालिकाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार द्वारा महिला हेल्पलाईन 181 1 मार्च 2020 से भोपाल से प्रारंभ की गई है जिससे पूरे जिले में महिलाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहायता दी जाती है। महिला हेल्पलाइन 181 एक टोल फ्री नंबर है तथा 24 घंटे सातों दिवस कार्य करता है। महिला हेल्पलाईन 181 के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध की जाती है। विषम परिस्थितियों में निवासरत महिला या बालिका किसी भी प्रकार की सलाह या सहायता के लिए किसी भी समय टोल फ्री नम्बर से संपर्क कर सकती है। महिला हेल्पलाईन 181 मंडला जिले में संचालित वन स्टॉप सेंटर से जुड़ी है। यदि महिला को घटनास्थल पर ही सहायता की आवश्यकता हो तो महिला हेल्पलाईन 181 द्वारा वन स्टॉप सेंटर, पुलिस डायल 100 तथा 108 एम्बुलेंस से संपर्क कर सहायता दी जाती हैं। विषम परिस्थितियों में महिलाओं को पुलिस सहायता, चिकित्सकीय सहायता, विधि सहायता उपलब्ध कराई जाती है। महिला हेल्पलाईन 181 में उपलब्ध प्रशिक्षित महिला काउंसलर्स के माध्यम से टेली कॉन्फ्रेंसिंग एवं भावनात्मक सहयोग के साथ मार्गदर्शन भी दिया जाता है। महिला एवं विकास विभाग के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर (सखी) योजना रेडक्रॉस भवन, प्रथम तल मण्डला में संचालित है। कोई भी पीड़ित या बालिका विषम परिस्थितियों में महिला हेल्पलाईन 181 नम्बर एवं कार्यालय वन स्टॉप सेंटर मण्डला का दूरभाष नम्बर 07642-252699 सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।
