मण्डला 6 नवम्बर 2020
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आगामी माह में दसवी एवं बारहवी की होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर स्कूल शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों की विस्तृत समीक्षा ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विगत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को 25 प्रतिशत तक बेहतर करें। उन्होंने कहा कि निम्न प्रदर्शन करने वाले सभी स्कूल अपने विगत् वर्ष के परीक्षा परिणामों को बेहतर करने लक्ष्य निर्धारित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि दसवी एवं बारहवी की बोर्ड परीक्षाओं के लिए तय समय सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करें। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अनुसार नोट्स उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी बीईओ एवं बीआरसी को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के स्कूलों में कमजोर, मध्यम एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को वर्गीकृत करें। पढ़ाई में कमजोर बच्चों को विशेष प्रयास कर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के चलते इस वर्ष अध्ययन की दृष्टि से भी विषम परिस्थितियाँ हैं। सभी को व्यक्तिगत रूप से प्रयास कर विद्यार्थियों के अच्छे भविष्य के लिए मेहनत करना होगा।
कलेक्टर ने पांचवी तथा आठवी कक्षाओं के लिए भी सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दसवी एवं बारहवी के साथ-साथ पांचवी एवं आठवी के लिए भी मॉकटेस्ट एवं प्रेक्टिस पेपर तैयार करें। शिक्षक विद्यार्थियों की विषयों से संबंधित शंकाओं का समाधान निश्चित रूप से करें। सभी शिक्षक स्वयं रूचि लेते हुए अध्यापन कराएं। दिसम्बर तक पाठ्यक्रम को पूर्ण करें। श्रीमती सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि प्रति सप्ताह संकुल प्राचार्यों की बैठक लें। प्रत्येक संकुल प्राचार्यों को उनके संकुल के स्कूलों का प्रदर्शन सुधारने की जिम्मेदारी दें। साथ ही इनके संकुल में शिक्षकों की कमी, आधारभूत संरचना या अन्य कठिनाईयों को भी जानें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला पटले, डीपीसी हीरेन्द्र वर्मा, मुकेश पांडे तथा बीईओ बीआरसी एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में श्रीमती सिंह ने ऑनलाईन कक्षा की प्रगति भी जानी। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जो नेटवर्क समस्या या अन्य किसी कारण से ऑनलाईन कक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहे हैं, शिक्षक उन तक नोट्स पहुंचाने की व्यवस्था करें। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में शिक्षकों को मोहल्ला क्लास लेकर बच्चों को पढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त को निर्देशित किया कि ऐसे स्कूल जहां पर शिक्षकों की कमी है वहां मार्च तक अन्य स्थानों से शिक्षकों का समन्वय कर जरूरी व्यवस्था बनाएं। उन्होंने बीएसी, बीआरसी, बीईओ को भी आवश्यक होने पर अपने समीपस्थ स्कूलों में कक्षाएं लेने के निर्देश दिए। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राईवेट स्कूलों के संचालकों से भी चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोविड-19 काल में प्राईवेट स्कूल विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस के अलावा अन्य किसी प्रकार की फीस नहीं लें। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों से आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों की अच्छी तैयारी कराने एवं जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर करने की अपील की।
