Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

देश में गंभीर कुपोषितों का एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम लागू जिले में 31 जुलाई से संचालित है ’’सेमफ्री मंडला अभियान’’ अब तक 521 बच्चे लिए गए गोद, 172 हुए स्वस्थ

मण्डला 8 जनवरी 2021
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में बेटी बचाओ अभियान को नए सिरे से चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत बच्चियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण हर पहलू पर ध्यान दिया जाएगा। मध्यप्रदेश की पोषण नीति तैयार है, जिसे शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने गंभीर कुपोषित बच्चों का एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम राज्य में लागू किया है। हम कुपोषण को पूरी तरह समाप्त करेंगे। हमारा ध्येय है ’पोषित परिवार-सुपोषित मध्यप्रदेश’। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
बच्चों का कुपोषण दूर करने के सघन प्रयास

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत उनका नियमित रूप से वजन लिए जाना, पोषण आहार प्रदाय, सामान्य कुपोषित बच्चों का समुदाय स्तर पर उपचार एवं पोषण प्रबंधन, अतिरिक्त पोषण आहार प्रदाय, गंभीर कुपोषित बच्चों का पोषण पुर्नवास केन्द्रों पर उपचार एवं देखभाल आदि कार्य किए जाते हैं। पोषण सेवाओं की मॉनीटरिंग के लिए ’पोषण डैशबोर्ड’ तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि ’पोषित परिवार-सुपोषित मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम के अंतर्गत गंभीर कुपोषण वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होने पर परिवार को प्रोत्साहन राशि दी जाती है तथा सम्मान किया जाता है। प्रदेश की 62 हजार 500 आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका बनाई जा रही है। सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों ग्राम आरोग्य केन्द्र का विस्तार किया जा रहा है। अभी 51 हजार 500 केद्रों में यह स्थापित है।

31 जुलाई से प्रारंभ है ’’सेमफ्री मंडला अभियान’’

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार महिला बाल विकास विभाग द्वारा जिले के कुपोषित तथा अति कुपोषित बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाने के लिए ’सेम फ्री मंडला’ अभियान 31 जुलाई से का प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत् जिले के चिन्हित अति कुपोषित बच्चों को पोषण आहार प्रदान कर उनके स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाया जा रहा है। जिले में कुपोषण को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा चिन्हित कुपोषित बच्चों को स्वस्थ बनाने में सहयोग करने के लिए उन्हें गोद भी लिया जा रहा है। अब तक 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कुपोषित बच्चों को गोद लिया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे ने बताया कि कोई भी व्यक्ति या संस्था स्वेच्छा से कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें स्वस्थ करने तक की प्रक्रिया में आर्थिक रूप से सहयोग कर सकता है। उन्होंने बताया कि कुपोषित बच्चों को प्रतिदिन विशेष पोषण आहार प्रदान किया जा रहा है तथा स्थानीय आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से उनके स्वास्थ्य स्तर पर निगरानी भी की जा रही है।

521 बच्चे गोद लिए गए, 172 बच्चे कुपोषण की श्रेणी से बाहर

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे ने बताया कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए प्रारंभ किया गया सेमफ्री मंडला अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है और सकारात्मक परिणाम दे रहा है। इसी क्रम में कुपोषित बच्चे अब स्वस्थ होकर कुपोषण की श्रेणी से बाहर भी आ रहे हैं। पूर्व में जिले में चिन्हित किए गए 1214 कुपोषित बच्चों में से जिला अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा जनसामान्य द्वारा अब तक कुल 521 बच्चे गोद लिए जा चुके हैं जिन पर स्वेच्छा से 300 रूपये प्रति बच्चे के पोषण आहार पर व्यय किया जा रहा है। जिनमें से 172 बच्चे सामान्य श्रेणी में एवं 207 बच्चे मध्यम कुपोषण की श्रेणी में है। वर्तमान में 1042 बच्चे सेम केटेगिरी एवं मेम केटेगिरी में हैं जिनका स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा लगातार फॉलोअप किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति कुपोषित बच्चों को गोद लेते हुए इस अभियान में शामिल होकर आर्थिक सहयोग प्रदान कर कुपोषण को हराने में अपना सहयोग दे सकता है।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 22 अक्टूबर 2023

Reva India News

Parrots get probability, use stats to make choices

Admin

घुघरी जनपद अध्यक्ष सहित 11 जनपद सदस्यों ने ली भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता। कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने दिलाई भाजपा की सदस्यता। कांग्रेस विधायक के गृह क्षेत्र के सदस्यों ने ली भाजपा की सदस्यता।

Reva India News

Leave a Comment