Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 23 सितम्बर 2021

कलेक्टर ने घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया

विभिन्न ग्रामों का भ्रमण के दौरान ली योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला विकासखण्ड के पटपर सिंगारपुर, आमाटोला, सिलपुरी एवं बकौरी आदि क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वैक्सीनेशन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने वैक्सीनेशन से छूटे चिन्हित लोगों के घर जाकर वैक्सीनेशन का फायदा बताते हुए उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अधिकारी कर्मचारी ग्रामीणजनों को वैक्सीनेशन का महत्व बतलाते हुए सकारात्मक वातावरण तैयार करें तथा अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों को अफवाहों से दूर रहने की सलाह दें। भ्रमण के दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, सीईओ जनपद शैलेन्द्र शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पटपर सिंगारपुर के वैक्सीनेशन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान वैक्सीनेशन की प्रक्रिया तथा वैक्सीनेशन केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन केन्द्र में लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। टीकाकरण के उपरांत कम से कम आधा घंटे तक संबंधित को केन्द्र में ही बैठाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि टीकाकरण की जानकारी तत्काल पोर्टल पर दर्ज की जाए। वैक्सीनेशन के समय ही लोगों को सर्टिफिकेट प्रदान करें। जिन लोगों को सर्टिफिकेट नहीं दिया गया है, उनके सर्टिफिकेट पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि के माध्यम से घर-घर पहुंचाकर वितरण कराएं।

 

वैक्सीनेशन दल के साथ घर-घर पहुंची कलेक्टर

 

वैक्सीनेशन केन्द्र पटपर सिंगारपुर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह को जानकारी मिली कि ग्राम के आमाटोला के कई परिवारों ने अभी वैक्सीनेशन नहीं कराया है, जिस पर कलेक्टर ने वैक्सीनेशन दल के साथ आमाटोला के घर-घर संपर्क करते हुए लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता सभी ने देखी है। कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। वैक्सीनेशन नहीं कराने वाले व्यक्ति अपने साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोस तथा संपर्क में आने वाले लोगों को भी मुश्किल में डाल सकते हैं। इसी प्रकार सिलपुरी में भी कलेक्टर ने वैक्सीनेशन से छूटे लोगों के घर जाकर उनसे चर्चा की तथा उन्हें टीकाकरण के लिए समझाईश दी। वैक्सीनेशन दल द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर सहमत हुए लोगों का मौके में ही टीकाकरण किया गया। मनरेगा के कार्यस्थल पर ही कार्यरत श्रमिकों का टीकाकरण किया गया।

बच्‍चों को आधारभूत दक्षताएं अर्जित कराएं

 

अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राथमिक शाला सिलपुरी का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं तथा अध्यापन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान तथा पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न भी पूछे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शिक्षक बच्चों को कोरोना एवं डेंगू जैसी बीमारियों के संबंध में जानकारी देते हुए उनसे बचने के उपायों से अवगत कराएं। कोई भी विद्यार्थी बिना मॉस्क के शाला में न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक अतिरिक्त प्रयास करते हुए बच्चों में आधारभूत दक्षताएं अर्जित कराएं तथा कोविड गाईडलाईन का पालन करते हुए शाला में शतप्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन, पुस्तक वितरण सहित अन्य प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

 

 

पंजीयन केन्द्र बकौरी का निरीक्षण, पटवारी को कारण बताओ नोटिस

 

पंजीयन केन्द्र बकौरी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में उपस्थित किसानों से फसल तथा उसके विक्रय के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने पानी की उपलब्धता, खाद्यान्न वितरण, केसीसी, किसान कल्याण योजना के तहत् मिलने वाली राशि तथा उपार्जन सहित अन्य योजनाओं के संबंध में फीडबैक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गिरदावरी में विसंगति पाए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र की गिरदावरी का सत्यापन कराएं तथा जो भी त्रुटियाँ पाई जाती हैं उनमें सुधार की कार्यवाही करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

पर्यटन को विकसित करते हुए रोजगार की संभावनाएं सृजित करें – हर्षिका सिंह

जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक संपन्न

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिले में पर्यटन को विकसित करते हुए रोजगार की संभावनाएं सृजित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जिले के पर्यटन स्थलों के समूह तैयार करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कान्हा सहित अन्य स्थानों में रेशम साड़ी, गौंड़ी पैंटिंग, कोदो बिस्किट सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करते हुए उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों तथा स्थानीय उत्पादों के संबंध में ब्रोशर तैयार करें। अक्टूबर माह में कान्हा गेट में कोदो-कुटकी महोत्सव आयोजित कर स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने का प्रयास करें। पर्यटन विभाग से समन्वय कर विद्यार्थियों की प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ऐतिहासिक मंदिरों तथा स्थलों का दस्तावेजीकरण कराते हुए पुस्तक प्रकाशित करें जिसे महत्वपूर्ण स्थानों पर विक्रय के लिए उपलब्ध कराएं। उन्होंने जिले से संबंधित क्विज प्रतियोगिता कराने के भी निर्देश दिए। कलादीर्घा को बेहतर बनाएं यहां पर स्थानीय उत्पाद तथा हेंडलूम गौंड़ी पैंटिंग आदि को भी स्थान दें। बैगा बालिकाओं को गाईड एवं ड्राईविंग का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए योजना तैयार करें। कलादीर्घा में स्टॉक एंट्री के लिए ऑनलाईन ऐप्प का उपयोग करें। बैठक में सेन्चुरी गेट परिसर निर्माण, शरद उत्सव एवं नर्मदोत्सव के आयोजन, फासिल्स पार्क धनगांव तथा पालासुंदर आदि के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।

 

 

 

 

1 अक्टूबर से कान्हा एवं सर्री में पॉलीथिन प्रतिबंधित

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कान्हा को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए आगामी 1 अक्टूबर से कान्हा एवं सर्री क्षेत्र में पॉलीथिन पर पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि इन स्थानों पर पॉलीथिन के विकल्प उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने इनके स्थान पर दोना-पत्तल के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सर्री गेट में छत्तीसगढ़ सीमा से संकेतक लगाए जाएं। मोड़ वाले स्थानों पर अनिवार्य रूप से संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने सर्री की लॉकेशन जीपीएस में मार्किंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि रिसोर्ट में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता से रोजगार प्रदान कराऐं। कान्हा में संचालित ’दीदी केफे’ को जनजाति संस्कृति के आधार पर विकसित करें। बैगा नृत्य कलाकारों की आय के स्त्रोत बढ़ाने के लिए नृत्य के कार्यक्रम आयोजित करें इसके लिए दिन, स्थान एवं समय निर्धारित करें। सभी रिसॉर्ट में अंकुर योजना के तहत् वृक्षारोपण के लिए स्थान निर्धारित करें।

 

गर्म पानी कुंड में नहाना प्रतिबंधित

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि गर्म पानी कुंड में तत्काल प्रभाव से पर्यटकों का नहाना प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने कहा उन्होंने यहां पर स्व-सहायता समूह द्वारा रेस्टारेंट संचालित कराते हुए स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाए। उन्हांेने यहां पर पर्यटकों से टिकिट लेने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गर्म पानी कुंड के निकट भराव के पानी में वोटिंग प्रारंभ करने का प्रस्ताव तैयार करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कृषि उपजमंडी प्रांगण में जनकल्याण और सुराज दिवस कार्यक्रम संपन्न

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

जनकल्याण और सुराज के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कृषि उपजमंडी प्रांगण में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मण्डला विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज मरकाम, उप संचालक कृषि एस.एस, मरावी, परियोजना संचालक आत्मा समिति मण्डला शलिल धगत, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. विशाल मेश्राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कृषकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषकों को मसूर, अलसी, सरसों मिनिकिट का वितरण उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों को कृषि से संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध भंडारित रेत राजसात

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

सहायक खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वित्तीय वर्ष 2020-21 में विभिन्न स्थलों पर जब्त अवैध खनिज रेत 17457 घ0मी0 है। अपर न्यायालय द्वारा म0प्र0 रेत नियम 2019 के प्रावधानों एवं म0प्र0 शासन खनिज साधन विभाग के निर्देश 26 मई 2020 के अनुरूप कार्यवाही करते हुये उक्त अवैध भण्डारित खनिज रेत मात्रा 17457 घ0मी0 को राजसात करते हुये जिले के समूह ठेकेदार मेसर्स अष्टवक आई.टी. सॉल्यूशन्स लि0 बी-21 मास्टर माइंड, एस.एन. 189 (पी) रॉयल पाम्स, इस्टेट अरे कालोनी भण्डुप मुम्बई (महाराष्ट्र) 400078 को रूपये 96,39,755/- एक माह में जमा किये जाने हेतु आदेशित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

कैंपस ड्राइव में 120 का प्रारंभिक चयन, 101 को ऑफर लेटर

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

जिला प्रशासन मण्डला के निर्देशानुसार, रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिये जिला रोजगार कार्यालय मण्डला के परिसर में कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के कुल 238 युवाओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन कराया। जिसमें कुल 6 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार लेते हुए 120 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। जिसमें जे.के. स्किल जबलपुर में 34, वर्धमान यार्न्स मण्डीदीप में 10, वेस्टेज मार्केटिंग सेल में 9, ऑब्जवेक्स सिक्यूरिटी प्रा. लिमिटेड रायपुर में 22, सुजूकी मोटर ट्रेनीज हंसलपुर गुजरात में 21, भारतीय जीवन बीमा निगम मण्डला में 9 एवं स्थानीय नियोजक द्वारा 36 कुल 101 आवेदकों को ऑफर लेटर कम्पनी द्वारा वितरित किया गया। कैम्पस ड्राइव आयोजन में जिला रोजगार अधिकारी एल.एस. सैयाम, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मण्डला श्री वास्कले, प्राचार्य आईटीआई मण्डला आर.एस. बरकड़े, नीलेश दुबे, जिला प्रबंधक आजीविका मिशन मण्डला डी.के. साहू, वर्षा गायकवाड़, जिला रोजगार कार्यालय मण्डला एवं ओ.पी. साहू एवं पॉलिटेक्निक महाविद्यालय एच.एल. पटेल को मेले को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आयुष्मान पखवाड़ा मनाया गया

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

आयुष्मान भारत ‘‘निरामयम‘‘ योजना अंतर्गत जिला कार्यालय में 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयुष्मान पखवाड़ा मनाया गया जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी, आयुष्मान जिला समन्वयक अधिकारी सामिल हुये जिसमें आयुष्मान योजना से जुड़कर उत्कृष्ठ रूप से प्रशंसनीय कार्य करने वाले निजी अस्पतालों एवं शासकीय अस्पतालों के आयुष्मान मित्रों, सी.एस.सी., वी.एल.ई. एवं ग्राम रोजगार सहायकों को प्रशस्ति प्रत्र प्रदान किये गये और साथ ही आने वाले समय में आयुष्मान योजना के अन्य लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु कार्य योजना तैयार की गई। आयुष्मान ‘‘निरामयम‘‘ के तहत पांच लाख तक का निःशुल्क उपचार दिया जा रहा है योजना में शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ देश के चिन्हित निजी चिकित्सालयों में लाभ लिया जा सकता है, उक्त योजना के अंतर्गत केंसर, हृदय रोग, गुर्दा रोग निःसंतानता, डेंगू, और कोविड-19 महामारी के साथ 1400+ बीमारियों को सामिल किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भी मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता

जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शर्मा ने दी जानकारी

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार माननीय न्यायाधीपति मोहम्मद रफीक मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय जबलपुर एंव माननीय न्यायाधीपति श्री प्रकाश श्रीवास्तव कार्यपालक अध्यक्ष राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के मार्गदर्शन में पोस्ट ऑफिस के माध्यम से विधिक सेवा प्रदान किये जाने के कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मान0 आर0 एस0 शर्मा द्वारा किया गया। निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा डाक विभाग, संचार मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से लागू की गई उक्त परियोजना के अंतर्गत डाक घर मण्डला में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा संचालित योजनाओ के बैनर के माध्यम से जानकारी दी गई। साथ ही सामान्य जन तक योजनाओ का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। विधिक सहायता शिविर के आयोजन का उद्देश्य समाज के कमजोर एंव वंचित वर्गाे की न्याय तक पहुंच को सुगम बनाया जा सके। उक्त कार्यक्रम में श्री आर0 पी0 सिंह विशेष न्यायाधीश, श्रीमति डॉ० प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला एंव अन्य न्यायाधीशगण तथा डाक घर के अधिक्षक श्री राहुल कुमार तिवारी एंव अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

पीड़ित महिलाओं के लिए आयोजित होंगे व्यवसायिक प्रशिक्षण

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजनांतर्गत लक्ष्य समह बलात्कार से पीड़ित महिला, बालिका, दुर्रव्यापार से बचाई गई महिलाएं जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती हों, एसिड विक्टिम, जेल से रिहा महिलायें, परित्यक्ता, तलाकशुदा, विधवा, अनाथ महिलाऐं जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हों, शासकीय एवं अशासकीय नारी निकेतन, आश्रय गृह, बालिका गृह, अनुरक्षण गृह, स्टे होम आदि ग्रहों में निवासरत विपत्तिग्रस्त बालिका, महिलाएं, बाल विवाह पीड़िता एवं सजायाप्त महिलाओं को जेल में प्रशिक्षण दिया जायेगा एवं दहेज प्रताड़ित, अग्नि पीड़ित महिलाओं के व्यवसायिक प्रशिक्षण हेतु वर्ष 2021-22 हेतु व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। योजना अंतर्गत विभिन्न विषयों में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अनुसार व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। आयु संबंधी पात्रता में सामान्य वर्ग की महिला की उम्र 45 वर्ष से कम हो। विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग की महिला होने की स्थिति में 50 वर्ष एवं कम पढ़ी लिखी, साक्षर, अनपढ़ महिलाओं के लिये उनकी योग्यता अनुसार प्रशिक्षण दिये जायेंगे।

आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर, 10 दिवसों के मध्य आवेदन कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग जिला पंचायत परिसर मण्डला में डाक द्वारा या स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में जमा किये जा सकते हैं एवं अधिक जानकारी हेतु कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित की वार्षिक आमसभा सम्पन्न

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मंडला की 108वीं वार्षिक साधारण आमसभा बैंक प्रशासक राजेश कुमार उइके, सहायक आयुक्त सहकारिता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विगत वर्ष 2020-21 की बैंक की बैलेंस शीट, आय-व्यय पत्रक, लाभ-हानि, अस्थियों का वर्गीकरण एवं विभिन्न मदों अंतर्गत स्वीकृत बजट व बजट से कम या अधिक हुए व्यय की स्वीकृति तथा आगामी वर्ष के विकास कार्य योजना की स्वीकृति हेतु विषय विस्तार पूर्वक बैंक मुख्यकार्यपालन अधिकारी पी.एस. धनवाल के द्वारा रखे गए विषयों पर विचार उपरांत सर्वसम्मति से स्वीकृत दी गई।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनवाल के द्वारा बताया कि बैंक द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 में रु 26.80 लाख का शुद्ध लाभ अर्जित किया गया है। इसे जोड़कर बैंक का संचित लाभ 5 करोड़ हो गया। बैंक सभी वित्तीय पैमानों पर मजबूत स्थिति में है। बैंक का सीआरआर 20 प्रतिशत है तथा बैंक द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित सभी अनुशासन का पालन किया जा रहा है। सीआरआर व एसएलआर में वर्ष में एक भी बार चूक नहीं की गई है। आमसभा में रोचीराम गुरुवानी, सुनील नामदेव, सुधीर कसार, चंदकुमार असरानी, महेश विश्वकर्मा, एन.के कोरी, एस.के. त्रिपाठी, एन एल यादव अतुल दुबे के अलावा विभिन्न समितियों से पधारे हुये बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी सहायिकाओं की अनन्तिम सूची जारी

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

महिला एवं बाल विकास परियोजना निवास द्वारा आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए अनंतिम चयन सूची जारी की गई है। जारी अनन्तिम चयन सूची अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्र भटगाँव में सहायिका पद के लिए नेमबाई मार्को का चयन किया गया है। इसी प्रकार आंगनवाड़ी केन्द्र भलवारा में सहायिका पद के लिए श्रीमती ओयाम तथा आंगनवाड़ी केन्द्र बीजाटोला में तिजिया बाई का चयन किया गया है। जारी अनन्तिम चयन के विरूद्ध दावा एवं आपत्ति कार्यालयीन कार्य दिवस में 4 अक्टूबर की शाम 5:30 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के पश्चात् प्राप्त आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मनेरी स्टील प्लांट दुर्घटना की रिपोर्ट देने समिति गठित

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

14 सितम्बर को औद्योगिक क्षेत्र मनेरी (मेढी) में लगभग् शाम 6 बजे के भूमिजा स्टील प्लांट की भट्टी में तकनीकी खराबी होने से ब्लास्ट हो जाने से 3 मजदूर घायल हो गये थे। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षिका सिंह ने उक्त ब्लास्ट की रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु दल गठित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। दल में अनुविभागीय दण्डाधिकारी निवास, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला, जिला श्रम पदाधिकारी मण्डला, तहसीलदार निवास तथा विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी निवास शामिल हैं। कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्तानुसार गठित दल भूमिजा स्टील प्लांट भटटी में हुये विस्फोट की रिर्पाेट प्रस्तुत करेगा जिसके बिदु संचालक द्वारा स्टील प्लांट भटटी में कार्य किये जाने के निर्देश का पालन किया जा रहा है या नहीं। लगभग 6 माह पूर्व भी भटटी में ब्लास्ट हुआ था पुनः घटना घटित होने का कारण। संचालन एवं सेफ्टी रेगुलेशन हेतु उक्त प्लांट पर क्या व्यवस्था की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 938.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

जिले में इस वर्ष एक जून से 23 सितम्बर के दौरान 938.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1581 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 642.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 सितम्बर को बिछिया में 5.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 0.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जयसिंह निवासी ग्राम कूम्हा की सर्प के काटने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक देवेन्द्र सिंह को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

2 बार मवेशियों को बंद करने पर पशुमालिक पर होगी कार्यवाही

 

मण्डला 23 सितम्बर 2021

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मण्डला के द्वारा जिले के पशुमालिकों से अपील की गई है कि अपने-अपने पशुओं को घर पर बांधकर अपने नियंत्रण में रखें। जिले के पशु मालिकों से अपील की गई है कि दो बार किसी भी मवेशी के कांजीहाउस में बंद होने पर पशु मालिक के खिलाफ म.प्र. न.पा.अधि. 1961 की धारा 233 के तहत न्यूसेंस की कार्यवाही की जायेगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी पशु मालिक की होगी। शहर के मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को रात्रि में सफाई कर्मचारियों के द्वारा पकड़कर (हाकागैंग) के माध्यम से कांजी हाउस में बंद किया जायेगा। साथ ही दिन में सफाई कर्मचारियों का दल गठित कर शहर के मुख्य मार्ग से मवेशियों को काऊ कैचर में पकड़कर शहर के बाहर छोड़ा जायेगा। नगरपालिका के हाकागैंग द्वारा 60 नग आवारा मवेशियों को रोड़ से पकड़ कर कांजी हाऊस में बंद किया गया है तथा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

 

 

ग्राहक की बगैर जानकारी बैंक ने जेवरों की करा दी नीलामी
प्रबंधक ने कहा सिर पटक लो लेकिन अब नहीं मिलेगा गहना
महिला ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत

 

 

 

 

 

मंडला। लॉक डाउन में बड़ी संख्या में लोगों की नौकरी चली गई, जिनका व्यवसाय था उनका व्यवसाय ठप हो गया। ऐसी स्थिति में कई लोगों को जरूरी खर्च चलाने के लिए घर में रखे जेवरों को गिरवी रखना पड़ा तो कई लोगों ने अपने रिश्तेदारों, मित्रों से उधार लेकर जरूरी खर्च पूरे किए। इन सबके बाद अब ऐसे में मामले भी सामने आने लगे हैं जिनमें बैंकों द्वारा आसान लोन के नाम पर हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी का काम किया गया है। गुरूवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया जिसमें एक महिला को उसकी जानकारी के बगैर ही उसके द्वारा रखे गए जेवरों की नीलामी करा दी गई।
क्या है मामला
देवदरा निवासी पीड़िता उषा घसिया ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पड़ाव स्थित आईआईएफएल फायनेंस लिमिटेड मंडला में करीब 9 ग्राम सोने का हार गिरवी रखा इसके बदले उन्हें बैंक से करीब 28 हजार रूपये मिले। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने तबसे अब तक बैंक द्वारा निर्धारित ब्याज की राशि समय-समय में जमा कराती रही हैं। जिसकी जरूरी रसीद भी उनके पास है, पीड़िता ने बताया कि जब ब्याज की पूरी राशि जमा करने के बाद वे बैंक पहुंची तो यहां मैनेजर ने उन्हें बताया कि उनके द्वारा गिरवी रखे गए हार की नीलामी करा दी गई है।
सिर्फ फोन पर हुई बात के आधार पर कराई गई नीलामी
जब इस संबंध में बैंक के प्रबंधक से बात की गई तो उनका था कि महिला से कई बार उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क किया गया कि वे जरूरी राशि बैंक में समय रहते जमा करा दें लेकिन पहले तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया इसके बाद एक दिन जब महिला ने फोन उठाया तो और उनसे बकाया राशि जमा करने की बात कही गई और बताया गया कि यदि समय में वे राशि जमा नहीं कराती हैं तो उनके द्वारा रखे गए जेवर की नीलामी करा दी जाएगी तो महिला ने मोबाईल पर ही कह दिया कि वे नीलामी करा दें। हालांकि महिला का कहना है कि उन्होंने बैंक के किसी कर्मचारी से जेवर की नीलामी के बारे में नहीं कहा।
अब सवाल यह उठता है कि जब महिला द्वारा समय में ब्याज की राशि जमा नहीं कराई गई तो बैंक प्रबंधन ने महिला को लिखित में नोटिस जारी करना जरूरी क्यों नहीं समझा और महिला की बगैर जानकारी उनके द्वारा रखी गई धरोहर की नीलामी करा दी गई।
फार्म में अंग्रेजी में जरूरी निर्देश
हाल में ही संपूर्ण भारत देश में हिन्दी दिवस मनाया गया और हिन्दी को बढ़ावा देने की बात कही गई वहीं दूसरी ओर आज भी कई बैंकों, सरकारी संस्थाओं, कार्यालयों में दस्तावेजों में अंग्रेजी भाषा का उपयोग किया जा रहा है। पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि उनके द्वारा जेवर गिरवी रखने के बाद जो बैंक द्वारा जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराई गई उसमें पूरी तरह अंग्रेजी का उपयोग किया गया जबकि महिला अंग्रेजी समझ पाने में सक्षम नहीं है।
प्रबंधन ने कहा मीडिया नो अलाउ
महिला द्वारा आपबीती बताने पर जब कुछ मीडियाकर्मी बैंक पहुंचकर बैंक प्रबंधन का पक्ष जानने पहुंचे तो यहां तैनात कर्मचारियों ने गेट में आकर मीडियाकर्मियों को यह कहते हुए अंदर आने से मना कर दिया कि बैंक में मीडिया कर्मियों का प्रवेश वर्जित है। यह पूरा मामला यह दिखा रहा है कि इस तरह आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में फाईनेंस, उधार देने, आसान गोल्ड लोन के नाम पर किस तरह लोगों के साथ धोखा किया जा रहा है।
इनका कहना है।
महिला ने गोल्ड लोन लिया था। महिला से उनके मोबाईल पर संपर्क किया गया था जिसमें उन्होंने जेवर को नीलाम कर देने की बात कही थी जिसके बाद उनके द्वारा रखे गए जेवर को नीलाम कराया गया है।
विक्रांत सैनी
प्रबंधक, आईआईएफएल फाइनेंस लि. मंडला

 

शाला प्रबंधन समिति का हुआ गठन

 

 

 

 

मंडला। संकुल केन्द्र हिरदेनगर अंतर्गत आने वाले प्राइमरी स्कूल कुड़वन में शाखा प्रबंधन समिति का गठन पर्यवेक्षक भारत लाल पटैल एचएम बरगंवा के मार्गदर्शन में किया गया। यह समिति स्कूल में शिक्षा, आय-व्यय आदि की निगरानी करेगी। स्कूल के प्रभारी पाठक सम्पत श्रीवास ने बताया कि समिति में अध्यक्ष लता भैना, उपाध्यक्ष सुनील मेहरा को नियुक्त किया गया है। श्री श्रीवास ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों का चयन स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में से ही किया जाता है। इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिका पूर्ति झारिया, सीमा रघुवंशी का सहयोग रहा।

 

 

 

 

मां नर्मदा की आरती का आयोजन

मंडला। मंडला के रपटा घाट में मां नर्मदा की महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। मंडला दर्पण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नर्मदाभक्तों के साथ समाजसेवी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस आयोजन में आलोक जैन, सीमा मरावी, प्रिया जैन, शंभू शुक्ला, ओम प्रकाश बरमैया, उमाशंकर सिंधिया, पारस असरानी, विनोरमा, लखन भांडे, अमित बैरागी आदि भक्तजन उपस्थित रहे।

 

 

Related posts

हल्दी की खुशबू से मिली नई पहचान लावर के किसान धर्मपाल सिंह ने मक्के की जगह हल्दी लगाकर बनाई आत्मनिर्भरता की मिसाल

Reva India News

प्रधानमंत्री आवास योजना गृह प्रवेश का कार्यक्रम 15 सितंबर को संपन्न होगा

Reva India News

जिले में 1 कोरोना केस मिला

Reva India News

Leave a Comment