स्वामित्व योजना का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की ली बैठक
मण्डला 22 सितम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्वामित्व योजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी स्वामित्व योजना के अंतर्गत सर्वे कार्य एवं उसकी फीडिंग सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करना सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार 6 अक्टूबर से पहले स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले को दिए गए कार्य को पूर्ण करेंगे। श्रीमती सिंह ने स्वामित्व योजना के तहत् तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्ण प्रक्रिया को आरसीएमएस पोर्टल में अनिवार्यतः दर्ज करें।
कलेक्टर ने बटवारा, फौती तथा नामांतरण की प्रक्रिया की तहसीलवार समीक्षा करते हुए इसमें प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजस्व सर्किल में नामांतरण, सीमांकन एवं बटवारे के लंबित प्रकरण शेष न रहे। राजस्व अधिकारी अपने निचले अमले को एक सप्ताह का लक्ष्य दें। श्रीमती सिंह ने कहा कि राजस्व न्यायालयों का संचालन सप्ताह में 6 दिन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 6 माह से अधिक के लंबित प्रकरण न रखें। नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि 2 से 5 वर्ष तक के प्रकरण लंबित न रहें अन्यथा संबंधितों पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीमांकन में मशीन का उपयोग करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने आगामी एक सप्ताह में सीमांकन कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी उनके क्षेत्र में शासकीय भूमि के अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाएंगे। इसी प्रकार शासकीय स्कूल तथा अन्य शासकीय परिसरों के अतिक्रमण को भी हटाएंगे तथा नए बनने वाले शासकीय भवन एवं परिसरों को खसरे नक्शे में दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी आम नागरिक शासकीय अतिक्रमण से संबंधित शिकायत अपने नजदीकी राजस्व कार्यालय या कलेक्टर कार्यालय में कर सकता है। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी 6 माह में अधिक से अधिक अतिक्रमित शासकीय भूमि को मुक्त करना सभी लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि डायवर्सन से संबंधित लक्ष्य के विरूद्ध उपलब्धि सुनिश्चित करें। इसी प्रकार राजस्व अमला स्थानीय पुलिस के साथ सहयोग करते हुए अपने क्षेत्र में अवैध माईनिंग, अवैध शराब विक्रय, चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।

एक से 15 नवम्बर तक चलेगा राजस्व शुद्धिकरण पखवाड़ा
श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी 15 दिनों में अधिक से अधिक राजस्व वसूली का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक ऋण के अलावा यदि किसी ग्रामीण द्वारा किसी अन्य स्थान या कंपनी से लोन या ऋण लिया गया है और उस व्यक्ति को उस संबंधित संस्था द्वारा प्रताड़ित किया जाता है तो इसकी शिकायत नजदीकी थाने में करें। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी आगामी दिनों में हाट-बाजार के दिन जनसुनवाई एवं रेवेन्यू से संबंधित कैम्प भी आयोजित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों के अशुद्धियों का चिन्हांकन प्रारंभ करें तथा 15 नवम्बर के पूर्व इनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यवाहियों को उनके संबंधित पोर्टल में भी अपडेट कराएं। उन्होंने जानकारी दी कि एक से 15 नवम्बर तक शुद्धिकरण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
नियमित रूप से लें शांति समिति की बैठकें
कलेक्टर ने बैठक में पीएम एवं सीएम किसान योजना, गिरदावरी, सीएम हेल्पलाईन तथा वैक्सीनेशन से संबंधित विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों के आधार करेक्शन का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। इसी प्रकार सभी किसान अपनी गिरदावरी को वास्तविक रूप से जांच लें। श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए एल-4 स्तर के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वैक्सीनेशन के लक्ष्य को 27 सितम्बर के पूर्व शतप्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी पुलिस के साथ समन्वय करते हुए नियमित रूप से शांति समिति की बैठक लें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व अधिकारी संवेदनशीलता के साथ जनता का काम करें। भ्रष्ट अधिकारी एवं कर्मचारियों को बक्शा नहीं जाएगा। बैठक में एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित उपस्थित थे।
मॉडल के रूप में विकसित करें नवरत्न विद्यालय – हर्षिका सिंह
उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 22 सितम्बर 2021
उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि अकादमिक, रचनात्मक गतिविधियाँ तथा कैरियर काउंसलिंग को प्रोत्साहित करते हुए नवरत्न विद्यालय को मॉडल के रूप में विकसित करें, जो जिले की अन्य शालाओं के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन सके। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रदीप झरिया, विद्यालय की प्राचार्य आभा चौरसिया सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विद्यालय में अध्ययनरत् बच्चों की विषयवार कमजोरियों को चिन्हित करके उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित करें। सी एवं डी ग्रेड के बच्चों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि 2 माह तक उपचारात्मक शिक्षण के उपरांत बच्चों का पुनः बेसलाईन टेस्ट करें। पढ़ाई में कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देते हुए उनमें कक्षावार, विषयवार दक्षताएं अर्जित कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जिला पुस्तकालय का भी लाभ दिलाएं, इसके लिए विद्यालय स्तर पर योजना बनाएं। श्रीमती ंिसह ने कहा कि नीट, जेईई, क्लेट, पीएससी, सीए की तैयारी हेतु छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिला स्तर से प्रारम्भ हो रही निःशुल्क कोचिंग से विद्यार्थियों को लाभान्वित करें। कलेक्टर ने कहा कि जेईई एडवांस के लिए विद्यार्थियो की तैयारी कराएं।
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त को निर्देशित किया कि पीटीआई की उत्कृष्ट विद्यालय में तत्काल पदस्थापना करें। बैठक में विद्यालय के खेल परिसर का विकास, साइकिल स्टैंड मरम्मत, विद्यालय के अंदर रॉड निर्माण के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जिले में समस्त विद्यालयों के 14 वर्ष के विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण व एनीमिया टेस्ट करें, जिसका शुभारम्भ उत्कृष्ट विद्यालय से किया जाये। कलेक्टर ने कहा कि स्मार्ट क्लास के साथ अन्य तकनीक का उपयोग करते हुए ऐसे विद्यालयों को भी लाभ दें जहां विषय शिक्षकों की कमी है। जिले के समस्त उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षकों को उनकी आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण भी दें। इस अवसर पर विद्यालय के टॉपर विद्यार्थियों को गजाला अंजुम बारहवी, मोहित साहू दसवीं, ममता मरकाम आदिवासी वर्ग को मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया।
बच्चों को दें कोविड तथा डेंगू के संबंध में जानकारी
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोविड गाईडलाईन का पालन करते हुए शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। शिक्षक स्वयं मॉस्क लगाएं तथा बच्चों को मॉस्क लगाने के लिए प्रेरित करें। विद्यालय में सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन कराएं। शिक्षक अध्यापन के दौरान बच्चों को कोविड बिहेवियर तथा डेंगू जागरूकता के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए इनके बचने के उपायों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कोविड वैक्सीनेशन का महत्व बताते हुए उनके माध्यम से उनके परिजनों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
स्कूलों में ’अंकुर उपवन’ विकसित करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक आयुक्त तथा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले की सभी शालाओं में जगह चिन्हित करते हुए ’अंकुर उपवन’ विकसित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्मदिवस सहित अन्य शुभ कार्यों पर अंकुर योजना के तहत् विद्यालय परिसर अथवा नजदीकी पार्क के चिन्हित स्थानों पर वृक्षारोपण कर उसकी फोटो अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रदीप झरिया को इस संबंध में नगरीय क्षेत्र के पार्कों में जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए।

सम्मानित होंगे स्वेच्छा से पात्रतापर्ची से नाम कटाने वाले हितग्राही
कलेक्टर ने की खाद्यान्न वितरण एवं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
मण्डला 22 सितम्बर 2021
खाद्यान्न वितरण एवं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आव्हान किया कि जिले के ऐसे परिवार जो पीडीएस का लाभ नहीं ले रहे हैं वे स्वेच्छा से अपना नाम कटाएं। ऐसे लोगों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उन परिवारों को चिन्हित कराते हुए सत्यापन कराएं जो उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न नहीं ले रहे हैं। इसी प्रकार अपात्रों का नाम काटने तथा पात्र लोगों के नाम जोड़ने की कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कोविड काल में जिन लोगों को अस्थाई पात्रता पर्ची प्रदान की गई थी उन्हें नियमानुसार स्थाई पात्रतापर्ची दिलाने की कार्यवाही करें। हितग्राहियों से संपर्क कर दस्तावेजीकरण की कार्यवाही पूर्ण करें। खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। एक्सपायरी डेट की जांच के उपरांत ही सामग्री वितरित करें। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों में खाद्यान्न का कम वितरण हुआ है उनकी जांच कराते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने सी केटेगरी की पीडीएस दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास सहित अन्य कल्याणकारी संस्थाओं को पात्रतानुसार खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। उपार्जन परिवहन के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ करें। आधारसीडिंग तथा ई-केवाईसी कार्य में गति लाएं। बैठक में कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन, धान मिलिंग की प्रगति, भंडारण, लायसेंस की प्रक्रिया, किसानों के भुगतान तथा बारदानों की वापसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित की वार्षिक आमसभा संपन्न
मण्डला 22 सितम्बर 2021
मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित मण्डला की 108वीं वार्षिक आमसभा किंगफिशर मण्डला के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैंक मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.एस. धनवाल ने बताया कि इस हेतु बैंक के समस्त अंशधारी सदस्यों को सूचना पत्र भेजे जा चुके हैं। आमसभा में मुख्य रूप से वित्तीय वर्ष 2020-21 की बैंक बैलेन्सशीट, आय-व्यय, लाभ-हानि, अस्तियों का वर्गीकरण एवं विभिन्न मदों अंतर्गत स्वीकृत बजट तथा बजट से कम या अधिक हुए व्यय की स्वीकृति तथा आगामी वर्ष की विकास कार्य योजना की स्वीकृति अंशधारी सदस्यों के द्वारा की गई।

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी
मण्डला 22 सितम्बर 2021
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् मंडला तथा डिंडौरी जिले में महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ विशेष कार्ययोजना बनाते हए सभी 16 परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले 4217 आंगनवाड़ी केन्द्रों के साथ प्रतिदिन मीटिंग व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिस तारतम्य में डिंडोरी जिले के सभी परियोजनाओं के आंगनवाड़ी केन्द्रों व मंडला जिला अंतर्गत मवई परियोजना में परियोजना के सभी सेक्टरों के साथ मीटिंग की गई व प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसी क्रम में घुघरी परियोजना में 24 सितम्बर 2021 को मीटिंग आयोजित की गई है। साथ ही बीजाडांडी, मंडला, मोहगांव, नारायणगंज, निवास, बिछिया व नैनपुर परियोजना अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह के भीतर मीटिंग, प्रशिक्षण दिया जाना है जिसके उपरांत इन परियोजनाओं के साथ कार्यक्रम रख डाक विभाग अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा। कार्यक्रम अनुसार समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों को अपने क्षेत्र के 2525 बालिकाओं के खाते खुलवाने हेतु निर्देशित किया जा रहा है, जिसके चलते दोनों जिलों में लगभग 6000 खाते खोले जा चुके हैं। अतः इस प्रकार व अन्य गतिविधियों के माध्यम से जल्द से जल्द सम्पूर्ण जिले को सुकन्या समृधि जिला बनाने हेतु मंडला व डिंडोरी जिला प्रशासन व डाक विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
योजना के बारे में जानकारी
सुकन्या समृद्धि योजना में 0 से 10 वर्ष की बालिकाओं के खाते डाकघर द्वारा न्यूनतम राशि रु 250/- से खोले जा रहे हैं, जिसमें साल में न्यूनतम रु 250/- एवं अधिकतम रु 150000/- तक राशि जमा करने की सुविधा व 7.6 प्रतिशत की आकर्षक चक्रवृद्धि ब्याजदर के साथ आयकर में छूट प्रदान है। खाते में राशि 15 वर्ष की अवधि तक जमा की जायेगी व 21 वर्ष की अवधि पूर्ण होने पर खाता परिपक्व होगा, साथ ही 18 वर्ष की आयु के पश्चात् बेटी का विवाह तय होने पर खाते को समय से पूर्व बंद करने तथा उच्च शिक्षा हेतु जमा राशि की 50 प्रतिशत रकम निकालने की भी सुविधा प्रदान की गयी है।
रानी अवंती बाई स्कूल में विधिक जागरुकता शिविर सम्पन्न
मण्डला 22 सितम्बर 2021
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश मान० आर०एस० शर्मा के निर्देशन में एवं डॉ० प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 21 सितम्बर 2021 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा शासकीय रानी अवंतीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला में बच्चों से मैत्रीपूर्ण संबंध विषय पर एवं पॉक्सों एक्ट पर जागरूकता हेतु विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन जिला न्यायाधीश/सचिव डॉ० प्रीति श्रीवास्तव, द्वितीय जिला न्यायाधीश विशाल शर्मा, चतुर्थ जिला न्यायाधीश जे०बी०एस० राजपूत, प्राचार्य शास० रानी अवंतीबाई उ०मा० विद्यालय जयलक्ष्मी सोनी, प्रवीण वर्मा, रितेश बघेल महिला बाल विकास विभाग, लेबर इंस्पेक्टर उज्जवला करचाम, चाईल्ड लाईन मण्डला सहदेव उलाड़ी, अनीता सोनवानी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
डॉ० प्रीति श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि हम अपने या अपने अधिकारों के प्रति एवं जो कानून हमारे देश में चल रहे हैं उनके बारे में जानकार बनिये सुरक्षित रहिये और अपना और अपने परिवार एवं अपने साथ रह रहे लोगों का विकास करिये, साथ ही महिलाओं के अधिकार विषय पर जानकारी देते हए बताया कि प्रत्येक महिला को भरण-पोषण का अधिकार, घरेलू हिंसा से संबंधित अधिकार, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण का अधिकार, समान वेतन मजदूरी पाने का अधिकार, विधिक सहायता एवं सलाह योजना एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशाल शर्मा द्वितीय जिला न्यायाधीश ने महिलाओं के बारे में कहा कि बेटे भाग्य से पैदा होते हैं और बेटियां सौभाग्य से पैदा होती हैं एवं मानव का समाज से संबंध स्थापित करने वाली नारी ही होती है नारी के रूप को देवी का प्रतीक माना जाता है, फिर दूसरी ओर नारी/महिलाओं के विरूद्ध अपराध भी होते हैं। इसलिये हमें अपने अधिकारों के संबंध में जागरूक होने की आवश्यकता है जिसके संबंध में यौन उत्पीड़न, घरेलु हिंसा, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की जानकारी प्रदान की। रितेश बघेल ने महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी, उज्जवला करचाम ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इसी प्रकार अनीता सोनवानी चाईल्ड लाईन के संबंध में जानकारी प्रदान की।

मलेरिया से बचाव के लिए चिन्हित गाँव में कीटनाशक छिड़काव प्रारंभ
मण्डला 22 सितम्बर 2021
जिला मलेरिया अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कीटनाशक छिड़काव द्वितीय चक्र 1 सितम्बर 2021 से प्रारंभ किया गया है, जो कि 7 अक्टूबर 2021 तक किया जा रहा है। शासन से निर्धारित गाईडलाइन अनुसार 23 सितम्बर से 24 सितम्बर 2021 तक ब्लॉक नारायणगंज के ग्राम भालीवाड़ा में, 26 सितम्बर को बीजाडांडी के ग्राम मोईयानाला में, 28 सितम्बर से 1 अक्टूबर 2021 तक ग्राम पौंड़ी रैयत, 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2021 तक ग्राम देहना एवं 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2021 तक ब्लाक निवास के ग्राम करौंदी में कीटनाशक छिड़काव कार्य किया जायेगा।
वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के मलेरिया प्रभावित हाईरिस्क 10 चयनित ग्रामों – विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम भड़िया, अमझर रैयत, बिछिया के हर्राभाटमाल, नारायणगंज के कोंडरा, सिघनपुरी, भालीवाड़ा, बीजाडांडी के मुइयानाला, पौंड़ी रैयत, देहना, निवास के करौंदी में कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया। प्रथम चक्र कीटनाशक छिड़काव 16 जून 2021 से 22 जुलाई 2021 तक संपन्न किया गया है।
कैम्पस ड्राईव का आयोजन आज
मण्डला 22 सितम्बर 2021
जिला रोजगार अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियाँ (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 सितम्बर को कैम्पस ड्राईव का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय मंडला के परिसर में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक किया गया है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
जिले में अब तक 937.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
मण्डला 22 सितम्बर 2021
जिले में इस वर्ष एक जून से 22 सितम्बर के दौरान 937.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1574.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 636.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 सितम्बर को मंडला में 18.8, निवास में 29, घुघरी में 11.2 एवं नारायणगंज में 9.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 11.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 22 सितम्बर 2021
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रामसखी निवासी ग्राम लालपुर की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रतन सिंह को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहायक है सुकन्या समृद्धि योजना
मण्डला 22 सितम्बर 2021
डाक विभाग द्वारा जिले की बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में मंडला डाक संभाग द्वारा बालिका शक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत् 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं के डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलकर जिले को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि जिला बनाने का संकल्प लिया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 0 से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् खाते खोलकर बालिका को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग करें।
अधीक्षक डाकघर ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् 0 से 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं का खाता न्यूनतम 250 रूपए की राशि से खोला जा सकता है। खाता खोलने पर 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर परिपक्वयता व बालिका की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद 50 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। योजना के तहत् वर्तमान में 7.6 प्रतिशत का आकर्षक ब्याज प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत् खुलने वाले खातों को आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत् छूट प्रदान की जाती है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का फोटो पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ तथा बच्चे और माता-पिता की 2 फोटो आवश्यक है।
अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक हुये सम्मानित
एग्रो एन्वायरनमेन्ट डेवलपमेन्ट सोसायटी रामपुर उत्तरप्रदेश तथा उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय इम्फाल, अरूणांचल प्रदेश राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड, राजामाता विजया राजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान में आॅनलाईन माध्यम से आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन कार्यशाला में कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के द्वारा जिले में उन्नत तकनीकि हस्तांतरण कार्यो जैसे प्रक्षेत्रीय प्रदर्शन अंग्रिम पंक्ति प्रदर्शन कलस्टर प्रदर्शन, कृषक एवं विभागीय कर्मचारी प्रशिक्षण कृषक प्रक्षेत्र भ्रमण वैज्ञानिक भ्रमण, कृषक संगोष्ठी, नवीन तकनीकि प्रसार आदि उल्लेखनीय कार्यो के सफल कार्यावन्यन हेतु उक्त अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मलेन में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ एवं प्रमुख डाॅ. विशाल मेश्राम को कृषि प्रसार उत्कृष्टता सम्मान, डाॅ. आर.पी. अहिरवार मृदा वैज्ञानिक को उत्कृष्ट वैज्ञानिक सम्मान, डाॅ. प्रणय भारती वैज्ञानिक पशुधन को युवा वैज्ञानिक पशु विज्ञान सम्मान, श्री नील कमल पन्द्रे उद्यानिकी विशेषज्ञ को युवा उद्यानिकी वैज्ञानिक एवं कु. केतकी धूमकेती खाद्य विज्ञान विशेषज्ञ को युवा खाद्य विज्ञान वैज्ञानिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डाॅ. विशाल मेश्राम ने जानकारी देते हुये बताया कि पहली बार एक ही संस्था के सभी वैज्ञानिकों द्वारा जिले में उन्नत कृषि के प्रचार-प्रसार उत्कृष्ट सामाजिक कार्यो के प्रोत्साहन हेतु अतंराष्ट्रीय कार्यशाला में आॅनलाईन प्लेटफार्म में सम्मानित किया है जिससे संस्था और जिले का नाम गौरव एवं सम्मान बढा है। इस उपलब्धि पर अन्य विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों तथा स्नेही जनों द्वारा कृषि विज्ञान की टीम को बधाई प्रेषित करते हुये जिले में कृषि की उन्नति हेतु बेहतर कार्य करने के लिये प्रेरित किया एवं शुभकामनाएं प्रदान किये।

