Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध, कालाबाजारी पर करें सख्त कार्यवाही – श्री चौहान मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय उर्वरक व्यवस्था की समीक्षा की

 

 

मण्डला 12 अक्टूबर 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से राज्य स्तर पर खाद की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने रबी सीजन 2021-22 के अंतर्गत जिलेवार उपलब्ध खाद की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य एवं जिला स्तर पर खाद की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। किसानों को खाद की उपलब्धता से संबंधित जानकारी प्रदान करें। खाद की कृत्रिम रूप से कमी पैदा करने वाले एवं कालाबाजारी करने वाले तत्वों पर जिला प्रशासन सख्त से सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद की उपलब्धता, उपयोग तथा खाद के अन्य विकल्पों के संबंध में भी जानकारी प्रदान करें एवं उन्हें जागरूक करें। उन्होंने मार्कफेड एवं सहकारिता विभाग को निर्देशित किया कि खाद वितरण दुकानों की संख्या बढ़ाकर खाद वितरण को व्यवस्थित रूप प्रदान करें। इसी प्रकार भीड़ को कम करते हुए दुकानों की संख्या बढ़ाएं एवं खाद वितरण कराएं।

मुख्यमंत्री ने फसलों की मांग के अनुसार जिलों को खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी खाद भंडारण की निगरानी करें। इसी प्रकार खाद की रैक से व्यवस्थित रूप से वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी रणनीति भी बनाएँ। श्री चौहान ने कहा कि शासन राज्य एवं जिला स्तर पर अलग-अलग प्रकार की खाद उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को समय-समय पर उनकी मांग अनुसार खाद उपलब्ध होती रहेगी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहकारिता, कृषि एवं मार्कफेड को निर्देशित किया कि खाद वितरण की व्यवस्थाओं का विकेन्द्रीकरण करें तथा किसानों को उनके क्षेत्र में उपलब्ध खाद की जानकारी सतत् रूप से प्रदान करें।

 

सेकण्ड डोज वैक्सीनेशन की गति बढ़ाएँ

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के अंत में सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि कोविड वैक्सीनेशन के सेकण्ड डोज की गति को लगातार बढ़ाएँ। उन्होंने कहा कि सेकण्ड डोज के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार करें। इसी प्रकार पात्र हितग्राहियों को उनके सेकण्ड डोज के लिए जानकारी देते हुए उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने आवंटित क्षेत्रों में कोविड वैक्सीनेशन की प्रगति सुनिश्चित कराएँ।

Related posts

29 को 6 स्थानों में आयोजित होंगे शिकायत निवारण शिविर

Reva India News

कोतवाली थाना मण्डला में आयोजित की गई कार्यशाला

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 अगस्त 2023

Reva India News

Leave a Comment