मण्डला 12 अक्टूबर 2021
जबलपुर संभाग आयुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर अपने-अपने जिलों में कोविड से बचाव के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करायें। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान मॉस्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही की जाए। संभाग आयुक्त ने मंडला जिले में कोविड अनुकूल व्यवस्था का पालन कराने के संबंध में विगत् सप्ताह हुई कार्यवाही की प्रशंसा की। उन्होंने सभी जिलों को त्यौहारों के दौरान विशेष रूप से प्रतिष्ठानों की जाँच एवं मॉस्क का उपयोग नहीं करने पर चालानी करने के निर्देश दिए।
सेकंड डोज वैक्सीनेशन की हुई समीक्षा
संभाग आयुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने जिलेवार कोविड वैक्सीनेशन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी जिले कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज की गति को बढ़ाएँ। उन्होंने सेकंड डोज में संतोषजनक प्रगति दर्ज नहीं कराने वाले जिलों से जानकारी भी ली। आयुक्त ने कहा कि जिलेवार सेकंड डोज के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विशेष रणनीति बनाएं। इसी प्रकार मैदानी अमले को पुनः सक्रिय करते हुए जनजागरूकता का कार्य भी सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले में संचालित कोविड वैक्सीनेशन अभियान एवं सेकंड डोज के संबंध में जानकारी दी।
श्री चंद्रशेखर ने जल-जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों में शतप्रतिशत कनेक्शन कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कनेक्शन के साथ जल की उपलब्धता भी पर्याप्त होना चाहिए। कमिश्नर ने स्कूलों के शौचालयों में जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वीसी में उन्होंने स्वामित्व योजना की समीक्षा की। उन्होंने नियमित टीकाकरण, गौशालाओं का निर्माण एवं संचालन, राजस्व प्रकरणों का निराकरण, बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम अंतर्गत गंभीर कुपोषित बच्चों के पोषण के संबंध में समीक्षा की।
