मण्डला 23 नवम्बर 2021
जबलपुर संभाग श्री बी. चंद्रशेखर ने सभी जिलों की साप्ताहिक वीसी ली। वीसी में उन्होंने सभी जिलों द्वारा कोविड अनुकूल व्यवहार के पालन के लिए सतत् रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडला जिले द्वारा कोविड अनुकूल व्यवहार के पालन के लिए की जा रही कार्यवाही से संतुष्टि जाहिर की एवं सराहना की। श्री चंद्रशेखर ने कहा कि सभी जिले कोविड अनुकूल व्यवहार का कड़ाई से पालन कराएं। उन्होंने 24 सितंबर को प्रदेश भर में आयोजित हो रहे सेकण्ड डोज वैक्सीनेशन के महाभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेकंड डोज महाभियान में सभी जिलों द्वारा अधिक से अधिक सेकंड डोज के लक्ष्य को पाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाएं। उन्होंने सभी जिलों द्वारा महाभियान के लिए बनाई गई रणनीति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जिले अधिक से अधिक सेकंड डोज वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 24 नवंबर को आयोजित हो रहे कोविड वैक्सीनेशन सेकंड डोज महाभियान के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई रणनीति की जानकारी दी। संभाग आयुक्त ने वीसी में जल-जीवन मिशन के क्रियान्वयन, बुआई, खाद, बीज तथा अन्य आदानों की उपलब्धता की समीक्षा भी की। इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा ली जाने वाली वीसी के संबंध में भी बिन्दुवार निर्देश दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
