Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

स्कूल और आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं पेयजल – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने की जल-जीवन मिशन की समीक्षा

मण्डला 25 नवम्बर 2021

जल-जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शालाओं तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल की उपलब्धता से संबंधित कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराएँ। प्रत्येक स्कूल तथा आंगनवाड़ी केन्द्र में जल्द से जल्द जल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। जल-जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय-सीमा में संतोषजनक प्रगति प्राप्त नहीं होने पर हर स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि जिले में जल-जीवन मिशन की प्रगति अत्यंत कमजोर है। हर स्तर पर कार्य को गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों के डीपीआर नहीं बने हैं तत्काल बनाकर शासन को प्रेषित करें। इसी प्रकार कार्य आदेश भी समय पर जारी करें। जिन स्थानों पर सामग्री प्राप्त हो चुकी है वहां पर कार्य को गति प्रदान करें तथा जहां पर सामग्री प्राप्त नहीं हुई है वहां के लिए संबंधितों से संपर्क करते हुए जल्द से जल्द सामग्री प्राप्त करने का प्रयास करें। जिन स्थानों पर सामग्री प्राप्त नहीं हुई है, सामग्री प्राप्त होने तक निर्माण से संबंधित कार्य पूर्ण कराएं। टंकी से संबंधित कार्य भी जल्द पूर्ण कराएं। जिन स्थानों पर जल के स्त्रोत नहीं है वहां पर वैकल्पिक स्त्रोत की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बीजाडांडी क्षेत्र में अत्यधिक कमजोर प्रगति होने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को क्षेत्र का भ्रमण करते हुए गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शतप्रतिशत कनेक्शन वाले ग्रामों में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ तथा सहायक यंत्री संयुक्त रूप से भ्रमण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इन ग्रामों में थर्ड पार्टी सत्यापन का कार्य भी 10 दिनों में पूर्ण कराया जाए साथ ही जल समितियों के गठन की कार्यवाही पूर्ण कराएं। भ्रमण के दौरान स्कूल, आंगनवाड़ी, पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक भवनों में भी पेयजल की उपलब्धता का जायजा लें। घरेलू कनेक्शनों में कमजोर प्रगति होने पर उन्होंने सभी सहायक यंत्री तथा संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कार्य में प्रगति परिलक्षित नहीं होने पर संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पुरानी टंकियों को नियमानुसार हटाने की कार्यवाही करें। उन्होंने प्लम्बरों के प्रशिक्षण देने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

Related posts

विशेष जागरूकता के तहत प्रशिक्षण/क्षमता संवर्धन कार्यशाला संपन्न हुआ

Reva India News

पोषण माह के अंतर्गत आंगनवाड़ी में अभिभावक जागरूकता सत्र आयोजित

Reva India News

दीदी कैफे को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाएं

Reva India News

Leave a Comment