कोविड से मृत्यु पर वारिसानों को मौके पर ही अनुग्रह राशि स्वीकृत
रिंकी को मिलेगा स्ट्रीट वेंडर योजना का लाभ, परीक्षा में बैठ सकेगी मुस्कान
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी 75 आवेदकों की समस्याएँ
मण्डला 23 नवम्बर 2021
जिला योजना भवन में संपन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण की पहल की। जनसुनवाई में 75 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करते हुए ऑनलाईन एंट्री सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संपन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम नारा बिछिया निवासी आवेदिका रिंकी सिंगौर ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए शासन की योजनाओं से लाभ दिलाने का आग्रह किया, जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उसे स्व-सहायता समूह में शामिल करने तथा स्ट्रीट वेंडर योजना से लाभ दिलाने तथा तात्कालिक रूप से आवासीय व्यवस्था स्वाधार केन्द्र बनाने के निर्देश दिए। महाराजपुर निवासी मुस्कान नामदेव ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर को बताया कि फीस अदा नहीं किए जाने के कारण उसे कक्षा ग्यारहवी की परीक्षा में सम्मिलित नहीं होने दिया जा रहा है, जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित कर मौके पर ही परीक्षा में बैठने की अनुमति दिलाई। ग्राम बकौरा हिरदेनगर निवासी शिवनाथ महोबिया द्वारा गरीबी रेखा का राशन कार्ड दिलवाए जाने संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्रतानुसार निराकरण के निर्देश दिए। बिलगढ़ा निवासी दहली बाई कुशराम द्वारा सीमांकन की प्रतिलिपि दिलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एसडीएम घुघरी को तत्काल सीमांकन की प्रति प्रदान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार पोषक ग्राम कंटगी बिछिया द्वारा जनसुनवाई में वन भूमि कब्जा का पट्टा संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम बिछिया को तत्काल नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

मौके पर ही अनुग्रह राशि स्वीकृत
कोविड-19 से हुई मृत्यु के 2 प्रकरणों पर मृतकों के निकटतम वारसानों को मौके पर ही 50-50 हजार रूपए की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई। चिरईडोंगरी निवासी रामा दुबे पति उमाकांत दुबे की मृत्यु 23 अप्रैल 2021 को कोविड-19 के संक्रमण से हुई थी। इनके पुत्र विनीत कुमार दुबे ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देते हुए अनुग्रह राशि की मांग की। इसी प्रकार पिपरिया निवास निवासी अशोक कुमार सोनी की मृत्यु 20 मई 2021 को कोविड-19 के संक्रमण से हुई थी। इनकी पत्नि अभिलाषा सोनी ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देते हुए अनुग्रह राशि की मांग की। दोनों ही प्रकरणों पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मौके पर ही 50-50 हजार रूपए की अनुग्रह राशि की स्वीकृति प्रदान की। आवेदकों ने त्वरित कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
उपार्जन केन्द्रों की सतत मॉनिटरिंग करें अधिकारी
समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिए निर्देश
मण्डला 30 नवम्बर 2021
उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों में चैकलिस्ट अनुसार सभी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारी सतत् रूप से मॉनिटरिंग करें। केन्द्र में मौजूद स्टॉफ सकारात्मक रूख अख्तियार करते हुए किसानों को समुचित सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड से मोबाईल नंबर लिंक कराने के संबंध में भी किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन करें। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में तत्काल वारदाना उपलब्ध कराएं तथा इस संबंध में ऑनलाईन एंट्री भी पूर्ण करें। वारदानों की कमी होने पर संबंधितों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सहकारिता तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग समन्वय कर स्थापना से संबंधित जानकारियां जल्द से जल्द पोर्टल पर एंट्री करें। उपार्जन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्रों में नमी की जांच करने वाला मीटर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। उपार्जित केन्द्रों में सर्वेयर तत्काल भेजे जाएं। अनुविभाग स्तर पर अतिरिक्त सर्वेयर नियुक्त करें। बैठक में कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध संसाधन, मूलभूत सुविधाएं, फ्लैक्स, बैनर आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को खाद्यान्न का उठाव में गति लाने तथा शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में परिवहन, मिलिंग सहित उपार्जन से संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा की गई।

आधार कार्ड से मोबाईल नंबर लिंक कराएं कृषक
19 केन्द्रों में प्रातः 8 से रात्रि 8 बजे तक हो रहा है अपडेशन कार्य
मण्डला 30 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने किसानों से आव्हान किया है कि वे अपने मोबाईल नंबर को आधार कार्ड से लिंक कराएं, जिससे उन्हें उपार्जन तथा भुगतान संबंधी एसएमएस प्राप्त हो सकें। जिले के 19 केन्द्रों में आधार अपडेशन का कार्य प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जा रहा है। कृषक अपने निकटतम केन्द्र में जाकर आधार कार्ड का अपडेशन करा सकते हैं।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि समर्थन मूल्य पर उपार्जित उपज का भुगतान संबंधित कृषक को उसके आधार लिंक खातों में ही किया जाना है और यदि किसी अन्य खाते में भुगतान किया जाता है इसके लिये यह आवश्यक है कि सभी किसान जिन्होंने फसल विक्रय के लिये पंजीयन कराया है उनको उनके आधार नंबर से कम से कम एक खाता लिंक होना चाहिये जिस पर विक्रय फसल की राशि का भुगतान किया जा सके। इस संबंध में विभाग द्वारा दो स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। प्रथम स्तर पर हितग्राही द्वारा दिये गये मोबाईल नंबर एवं आधार नंबर का मिलान किया जा रहा है, जिससे आधार नंबर का सत्यापन ओटीपी के माध्यम से किया जा सके और दूसरे स्तर पर उक्त आधार नंबर में दर्ज खाते का सत्यापन भी किया जायेगा। इस वर्ष समर्थन मूल्य का भुगतान किसान के आधार नंबर से लिंक बैंक खाते में ही किया जाएगा।
इन केन्द्रों में हो रहा है आधार अपडेशन
जिले के 19 केन्द्रों में आधार अपडेशन का कार्य प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पोस्ट ऑफिस मंडला, पोस्ट ऑफिस बम्हनी, पोस्ट ऑफिस चिरईडोंगरी, पोस्ट ऑफिस नैनपुर एवं पोस्ट ऑफिस निवास, नगरपालिका मंडला, जिला अस्पताल मंडला, वाणिज्यकर विभाग मंडला, शासकीय कन्या शाला महाराजपुर, जनपद शिक्षा केन्द्र बिछिया, जनपद पंचायत बीजाडांडी, जनपद पंचायत मवई एवं जनपद पंचायत नैनपुर, आधार सेवा केन्द्र झंडाचौंक राजीव कॉलोनी मंडला, हाईस्कूल भैंसवाही घुघरी, उत्कृष्ट स्कूल घुघरी, हाईस्कूल गरैया घुघरी, हायरसेकंडरी स्कूल मंगलगंज नारायणगंज तथा हायरसेकंडरी स्कूल पिपरिया निवास में मोबाईल अपडेशन का कार्य किया जा रहा है। संबंधित कृषकों से आग्रह किया गया है कि वे इन केन्द्रों में जाकर अपने मोबाईल नंबर को आधार कार्ड से लिंक कराएं।
’मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम’ योजना अंतर्गत 1 दिसम्बर से होगा खाद्यान्न का वितरण
मण्डला 30 नवम्बर 2021
’मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम’ योजना अंतर्गत जिले के 9 क्लस्टरों से 1 दिसम्बर 2021 से विकासखण्ड नैनपुर में ग्राम पंचायत रमपुरी के ग्राम डीलवारा जर, मोहगांव में ग्राम पंचायत सिंगारपुर के ग्राम गोरखपुर, विकासखण्ड बिछिया में ग्राम पंचायत ठोडा के ग्राम बुधनवारा, नरेनी के चिरपानी माल, ग्राम पंचायत नकावल के ग्राम विसनपुरा रैयत, ग्राम पंचायत सिझौरा के ग्राम फोंक, औरई के औरईमाल, राता के खुकसर एवं कन्हारीकला ग्राम पंचायत के ग्राम कन्हारीखुर्द ग्रामों में प्रातः 11 बजे से खाद्यान्न का वितरण किया जायेगा। अतः ग्राम के पात्रता पर्चीधारी उपभोक्ताओं से मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत खाद्यान्न वितरण सुविधा का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
प्रत्येक विभाग में गठित होगा वोटर एवेयरनेस फोरम
मण्डला 30 नवम्बर 2021
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल के परिपालन में प्रत्येक विभाग में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों में मतदाता जागरूकता के संस्कार और संस्कृति, संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया (ईव्हीएम, व्हीव्हीपीएटी) संबंधी तकनीकी ज्ञान विकसित करने, संवैधानिक प्रावधानों का ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से वोटर एवेयरनेस फोरम का गठन किया जाना है जिसमें सभी कर्मचारियों के सदस्यता खुली रहेगी। इस संबंध में विभाग प्रमुख अपने कार्यालय, विभाग व संस्था के अंतर्गत नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे जिनका अनुभव चुनाव कार्य में होना अनिवार्य है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम ने निर्देशित किया है कि सभी विभाग अपने कार्यालय, विभाग, संस्था में वोटर एवेयनेस फोरम का गठन तथा नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर जानकारी 7 दिसम्बर 2021 तक निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
छात्रवृत्ति की राशि विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में हस्तांतरित होगी
मण्डला 29 नवम्बर 2021
आयुक्त पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण विभाग भोपाल के पत्रानुसार विद्यार्थियों की स्वीकृति छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान भारत सरकार द्वारा सीधे विद्यार्थियों के केवल आधार सीडेड बैंक खाते में ऑनलाइन हस्तांतरित की जाएगी। चाहे विद्यार्थी ने अपने ऑनलाइन आवेदन में अन्य बैंक खाते की जानकारी क्यों न भरी हो। विद्यार्थी का आधार सीडेड बैंक खाता सक्रिय मोड में होना अनिवार्य है ताकि छात्रवृत्ति का भुगतान विफल न हो। जिन विद्यार्थियों द्वारा अपने आवेदनों का भारत सरकार के छात्रवृत्ति पोर्टल पर बिना आधार के रजिस्टर कर ऑनलाइन आवेदन भर गया है। ऐसे प्रकरणों में नवीन छात्रवृत्ति अंतर्गत केवल आधार पंजीयन हेतु छात्रवृत्ति पोर्टल पुनः 31 दिसम्बर 2021 तथा नवीनीकरण छात्रवृत्ति अंतर्गत केवल आधार पंजीयन हेतु छात्रवृत्ति पोर्टल पुनः खोला जाएगा। इस संबंध में भारत सरकार द्वारा विद्यार्थियों को पोर्टल पर दर्ज किये गये मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी। मान्यता प्राप्त समस्त शैक्षणिक संस्थाएं नोडल अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 30 नवम्बर 2021
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दुलारे लाल निवासी ग्राम बिनैका की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक लक्ष्मी बाई को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत 75 लाख पोस्ट कार्ड अभियान आज से
मण्डला 30 नवम्बर 2021
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत डाक विभाग एवं स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा 75 लाख पोस्ट कार्ड अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण की शुरूआत 1 दिसंबर 2021 से होगी जिसका समापन 20 दिसंबर 2021 को किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों के साथ-साथ सभी राज्य शिक्षा बोर्डों से संबद्ध स्कूलों सहित सीबीएसई से संबद्ध स्कूल के कक्षा 4 से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि पोस्ट कार्ड लेखन के लिए उपयोग की जाने वाली भाषा अंग्रेजी, हिंदी और संविधान की सभी अधिसूचित भाषाए होगी। प्रतिस्पर्धियों को दो विषयों में से किसी एक पर “स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायक’ और ’2047 में मेरे सपनों का भारत’ पोस्ट कार्ड लिखकर प्रधानमंत्री को संबोधित कर उनको भेजना होगा। समस्त स्कूल प्राधिकारी अभियान (1 दिसबर 2021 से 20 दिसंबर 2021) के दौरान किसी भी दिन अपने-अपने स्कूलों में पोस्ट कार्ड लेखन अभियान आयोजित करेंगे और सभी प्रविष्टियों की जांच करने के बाद सर्वोत्तम विचारों वाले अधिकतम 10 पोस्ट कार्डों की संक्षिप्त सूची तैयार करेंगे। इन सर्वश्रेष्ठ 10 पोस्ट कार्डों को स्कैन करके मायजीओवी पोर्टल पर सबंधित स्कूल द्वारा अपलोड किया जाएगा।
राज्य के अंतर्गत आने वाला स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग पोर्टल पर 10 प्रविष्टियों को शॉर्टलिस्ट करेगा तथा सीबीएसई और स्टेट बोर्ड की संयुक्त सूची से 75 सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों के अंतिम चयन के लिये सीबीएसई को अग्रेशित करेगा। इन 75 चयनित प्रविष्टयों को जनवरी 2022 के तीसरे या चौथे सप्ताह अखिल भारतीय स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिये सीबीएसई द्वारा डाक विभाग को प्रेषित किया जायेगा। अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग राहुल कुमार तिवारी द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिये मंडला व डिंडोरी जिले के कक्षा 4 से कक्षा 12वीं तक के समस्त विद्यार्थियों एवं केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों के साथ-साथ सभी राज्य शिक्षा बोर्डों से संबद्ध स्कूलों सहित सीबीएसई से संबद्ध स्कूल के नोडल अधिकारियों से पोस्टकार्ड अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।
वैक्सीनेशन की लक्ष्य पूर्ति के लिए सम्मिलित प्रयास जरूरी – हर्षिका सिंह
मण्डला 30 नवम्बर 2021
1 दिसम्बर को आयोजित होने वाले कोविड वैक्सीनेशन के महाभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के लक्ष्य की पूर्ति के लिए सम्मिलित प्रयास जरूरी है। सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी पूरी क्षमता से कार्य करते हुए लक्ष्य के अनुरूप वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों का मैदानी अमला अपने-अपने क्षेत्र में वातावरण तैयार करें तथा लोगों को टीकाकरण केन्द्र तक मोबीलाईज्ड करें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के महाभियान में शतप्रतिशत वैक्सीनेटर का उपयोग करें। कम वैक्सीन लगाने वाले वैक्सीनेटरों को कारण बताओ नोटिस जारी करें। निकायवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी सम्मिलित प्रयास कर लक्ष्यपूर्ति का प्रयास करें। प्रातः 7 बजे से ही लोगों को मोबीलाईज्ड कर टीकाकरण प्रारंभ कराएं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, कोटवार तथा स्व-सहायता समूह की दीदियां अपने परिवारजन तथा आस-पड़ोस के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें केन्द्र तक भेजना सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार मोबाईल टीम का उपयोग करें। मनरेगा सहित अन्य कार्यस्थलों में भी वैक्सीनेशन कराएं। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत् लाभ लेने वाले हितग्राहियों का भी चिन्हांकन कर टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाता जिनका अब तक प्रथम वैक्सीनेशन नहीं हुआ है उन्हें भी वैक्सीन लगाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीनेशन के लिए मोबीलाईज्ड करें। उन्होंने सीएमएचओ तथा जिला टीकाकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक केन्द्रों में प्रातः 6 बजे तक वैक्सीनेशन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही टीकाकरण की ऑनलाईन एंट्री पूर्ण कराएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी वाईआर झारिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से इस बैठक में संबंधित विभागों के अनुविभाग तथा विकासखण्ड स्तर के अधिकारी सम्मिलित हुए।

ग्राम फोंक से होगा ’मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम’ योजना का शुभारंभ
कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान
मण्डला 30 नवम्बर 2021
मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ 1 दिसम्बर को बिछिया विकासखण्ड के ग्राम फोंक से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली रूप से संबोधित करेंगे।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत जिले के 9 सेक्टरों में 1 दिसम्बर से पात्रता पर्चीधारी उपभोक्ताओं को उनके गांव में ही खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। इस संबंध में बिछिया विकासखण्ड के ग्राम फोंक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली सहभागिता करते हुए हितग्राहियों से चर्चा करेंगे। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत नैनपुर के डीलवाराजर, मोहगांव के गोरखपुर, बुधनवारा, चिरपानी माल एवं बिसनपुरा रैयत तथा बिछिया के फोंक, औरई माल, खुकसर एवं कन्हारीकला में 1 दिसम्बर को खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। ग्राम के पात्रता पर्चीधारी उपभोक्ताओं से मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत खाद्यान्न वितरण सुविधा का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
