सुशासन की कल्पना को साकार करने में सहभागी बनें लोकसेवक – श्री शिवराज सिंह चौहान
कमिश्नर्स, कलेक्टर्स तथा पुलिस अधीक्षकों की बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देश
मण्डला 29 नवम्बर 2021
कमिश्नर्स, कलेक्टर्स तथा पुलिस अधीक्षकों की बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया कि प्रदेश में सुशासन की कल्पना को साकार करने के लिए लोकसेवक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी, कर्मचारी पूरी पारदर्शिता के लिए साथ सकारात्मक रूख अपनाते हुए अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष मंडला से कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे तथा अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाएं। अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं से पात्रतानुसार लाभान्वित करें। आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ाएं। शासन की योजनाओं में जनसामान्य का सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इस संबंध में उन्होंने मेला आयोजित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भू-माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को तत्काल हटाएं। राजस्व न्यायालयों में लंबित अविवादित नामांतरण तथा बंटवारे के प्रकरणों का एक माह के अंदर निराकरण करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाएँ। अपराधों पर सख्ती से नियंत्रण पाएं। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ तथा महिला अपराधों के मामले में सख्त कार्यवाही करें। अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने सूदखोरों के खिलाफ भी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

सावधानी बरतते हुए रोकें तीसरी लहर
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि तीसरी लहर जैसी किसी समस्या या आशंका को ध्यान में रखकर कोरोना से बचाव के सभी आवश्यक उपायों पर अमल करें। मास्क लगाएँ, हाथों को समय-समय पर साफ करें और दूसरों से आवश्यक दूरी अवश्य बनाकर रखें। इस संबंध में उन्होंने रोको-टोको अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है दिसम्बर माह तक वैक्सीन के दोनों डोज प्रदेश के सभी नागरिकों को लगाना हमारी प्राथमिकता है। यही कोरोना से बचाव का सबसे कारगर उपाय है। श्री चौहान ने कहा कि जिन लोगों को संक्रमण के जरा भी लक्षण दिखते हैं, वे तुरंत टेस्ट करवाएँ। सावधानी बरतें तथा संक्रमण फैलने से रोकने के जो आवश्यक नियम हैं, उन सबका पालन करें। राज्य सरकार की कोशिश है कि तीसरी लहर न आ पाए।
कलेक्टर ने साझा किया मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना का रोडमैप
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत् जिले में तैयार किए गए रोडमैप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डों में वाहन उपलब्ध हो गए हैं जिनके माध्यम से जल्द ही गाँव-गाँव खाद्यान्न का वितरण कराया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि योजना के तहत् जिले में 53 हितग्राहियों का चयन कर लिया गया है। सभी के ऋण प्रकरण बैंक में प्रस्तुत कर दिए गए हैं जिनमें से 9 हितग्राहियों को वाहन प्राप्त हो चुके हैं।
रोजगार मेले में 226 का हुआ प्रारंभिक चयन
मण्डला 29 नवम्बर 2021
शासकीय आई.टी.आई. परिसर में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय एवं शासकीय आई.टी.आई द्वारा जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 8 कंपनियों ने भाग लिया। कुल 361 आवेदकों ने पंजीयन कराया तथा निजी क्षेत्रों के नियोजकों द्वारा 226 का प्रारंभिक चयन किया गया। इस अवसर पर मौके पर 56 बेरोजगारों को ऑफर लेटर प्रदान किये गये एवं शेष जॉब ऑफर लेटर कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा वितरित किये गए। शासन की मंशानुरूप बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये। साथ ही रोजगार मेले में उपस्थित बेरोजगार युवक, युवतियों की काउंसलिंग भी की गई। इस जिला स्तरीय रोजगार मेले में प्राचार्य आर.एस. वरकड़े, जिला रोजगार अधिकारी एल.एस. सैयाम, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र डी.के. साहू सहित संबंधित उपस्थित रहे।

छात्रवृत्ति की राशि विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में हस्तांतरित होगी
मण्डला 29 नवम्बर 2021
आयुक्त पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण विभाग भोपाल के पत्रानुसार विद्यार्थियों की स्वीकृति छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान भारत सरकार द्वारा सीधे विद्यार्थियों के केवल आधार सीडेड बैंक खाते में ऑनलाइन हस्तांतरित की जाएगी। चाहे विद्यार्थी ने अपने ऑनलाइन आवेदन में अन्य बैंक खाते की जानकारी क्यों न भरी हो। विद्यार्थी का आधार सीडेड बैंक खाता सक्रिय मोड में होना अनिवार्य है ताकि छात्रवृत्ति का भुगतान विफल न हो। जिन विद्यार्थियों द्वारा अपने आवेदनों का भारत सरकार के छात्रवृत्ति पोर्टल पर बिना आधार के रजिस्टर कर ऑनलाइन आवेदन भर गया है। ऐसे प्रकरणों में नवीन छात्रवृत्ति अंतर्गत केवल आधार पंजीयन हेतु छात्रवृत्ति पोर्टल पुनः 31 दिसम्बर 2021 तथा नवीनीकरण छात्रवृत्ति अंतर्गत केवल आधार पंजीयन हेतु छात्रवृत्ति पोर्टल पुनः खोला जाएगा। इस संबंध में भारत सरकार द्वारा विद्यार्थियों को पोर्टल पर दर्ज किये गये मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी। मान्यता प्राप्त समस्त शैक्षणिक संस्थाएं नोडल अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
पीएमईजीपी योजना अंतर्गत जागरुकता शिविर आज
मण्डला 29 नवम्बर 2021
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा खादी और ग्रामोद्योग आयोग, म.प्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के तत्वाधान में बैंको के माध्यम से संचालित “प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम” के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला मण्डला (म.प्र.) में एक दिवसीय जागरुकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जागरुकता शिविर कार्यक्रम 30 नवम्बर 2021 दिन मंगलवार को दोपहर 1 बजे से आद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित किया जाएगा। शिविर में अधिक से अधिक बेरोजगार युवक, युवतियों को भाग लेने का आव्हान किया गया है।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में रिक्त सीटों पर प्रवेश 30 नवम्बर तक
मण्डला 29 नवम्बर 2021
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मण्डला में रिक्त पदों में प्रवेश के लिए 30 नवंबर अंतिम तिथि नियत है। इस संबंध में आई.टी.आई. के प्राचार्य आर.एस. वरकड़े ने बताया औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नए रजिस्ट्रेशन, नवीन च्वाईश फिलिंग कराकर उसी दिन दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। अगले दिन प्रवेश प्राप्त करने हेतु पुनः नवीन च्वाईस फिलिंग करानी होगी एवं पुनः उसी दिन दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश करना होगा। इच्छुक उम्मीदवार एमपी ऑनलाइन के पोर्टल से रजिस्ट्रेशन व च्वाईस फिलिंग की कार्यवाही कर रिक्त सीटों मेसन के लिए 30, कारपेन्टर के लिए 5, सर्वेयर के लिए 12 एवं आर्किटेक्चर असिस्टेन्ट के लिए 1 पर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
फोटो निर्वाचक नामावली विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 की दावे-आपत्तियां 30 तक
मण्डला 29 नवम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विधानसभावार मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दावे-आपत्तियां प्राप्त करने का कार्य 30 नवम्बर 2021 तक किया जाना है। लक्ष्य की पूर्ति हेतु निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बिछिया एवं निवास तथा मंडला जारी कार्यक्रम के अधीन सभी बी.एल.ओ. को निर्देशित करें कि वे अपने-अपने मतदान केन्द्र के अंतर्गत पात्र 18-19 आयु वर्ग के शत प्रतिशत मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त करना तथा ऐसे व्यक्ति जो मतदाता सूची में नाम दर्ज करने हेतु पात्र हैं, से भी फार्म-6 प्राप्त कर उन्हें गरूण ऐप से दर्ज कराना सुनिश्चित करें। बीएलओ सुपरवाईजर को भी निर्देशित करें कि वे अपने सभी बीएलओ के कार्य की सतत मॉनीटरिंग कर यह सुनिश्चित करें कि बीएलओ द्वारा प्राप्त सभी फार्म दर्ज कर लिये गये हैं या नहीं।
ऐसे मतदान केन्द्र जहाँ शून्य फार्म प्राप्त हुए हैं या बहुत कम संख्या में फार्म प्राप्त हुए हैं, उनका चिन्हांकन कर संबंधित बीएलओ को मतदान केन्द्र की सघन जांच कर फार्म प्राप्त करने हेतु निर्देशित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि मतदाता द्वारा प्रस्तुत एक भी फार्म दर्ज करने हेतु शेष न रहे। लंबित डीएसई का शत प्रतिशत निराकरण दो दिवस के अंदर अनिवार्य रूप से किया जाए। कार्य पूर्ण करने हेतु बहुत कम समय शेष है अतः लक्ष्य पूर्ति हेतु उपरोक्त कार्य की ओर विशेष ध्यान दिया जाये तथा अनुविभागीय अधिकारी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक बीएलओ सुपरवाईजर स्तर पर भी कार्य की सतत मॉनीटरिंग की व्यवस्था की जाए। कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले बीएलओ के विरूद्ध तत्काल आवश्यक कार्यवाही की जाए। निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर उसे गंभीरता से लिया जायेगा।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 29 नवम्बर 2021
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हर्षिता धुर्वे निवासी ग्राम सनकुही की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक हेमराज को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
