मण्डला 2 जनवरी 2022
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 जनवरी 2022 से 15 से 18 वर्ष के किशोर बालक व बालिकाओं का कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रारंभ किया जा रहा है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से वैक्सीनेशन के अभियान को सफल बनाने के लिए सुनीता बर्वे जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी समग्र शिक्षा अभियान जिला मण्डला, एपीसी मुकेश पाण्डेय एवं दर्पण दुबे स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं समस्त शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की ऑनलाईन बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कहा गया कि बालक व बालिका को खाली पेट अथवा बुखार होने की स्थिति में टीकाकरण न कराया जाये। प्राचार्य वैक्सीनेशन के पूर्व ही वैक्सीन का नाम अवश्य चैक करें। 15 से 18 वर्ष के किशोर बालक व बालिकाओं को कोवैक्सीन का टीकाकरण कराया जाना है। यदि त्रुटिवश कोवीशील्ड विद्यालय में पहुंच गई हो तो स्वास्थ्य विभाग को तुरंत अवगत करायें। जिनकी आयु 15 वर्ष पूर्ण (जनवरी 2007) की हो उन्हे टीकाकरण कराया जाना है। टीकाकरण स्थल पर ग्लूकोज, पेयजल, सेनेटाईजर आदि की व्य्वस्था की जाये। शाला में अध्ययनरत, ड्रापआउट एवं स्कूल छोड़ चुके 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों की सूची (विद्यार्थी का नाम, पिता का नाम, कक्षा, पता, आधार नम्बर, समग्र आईडी, बालक व पालक का मोबाईल नम्बर, टीकाकरण की तिथि लिखकर प्रपत्र) तैयार कर पंजीकृत करके संधारित रखें। विद्यालय में अध्ययनरत के अतिरिक्त अन्य बालक व बालिका जिनकी आयु 15 वर्ष पूर्ण हो टीकाकरण किया जायेगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुकेश पाण्डेय एपीसी समग्र शिक्षा (सेकेण्डरी एजुकेशन) मण्डला द्वारा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों पर भी चर्चा की जिसमें तिमाही व छमाही परीक्षा, शासकीय विद्यालयों में रेमेडियल कक्षा का संचालन, जीवन कौशल शिक्षा उमंग कार्यक्रम का संचालन, प्रत्येक शासकीय विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग, वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए जिले से प्रश्नबैंक व मॉड्यूल का वितरण एवं एसएमडीसी बैठक के संबंध में चर्चा की गई। ऑनलाईन मीटिंग में समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य एवं शिक्षक शास, अशास. हाई, उमावि जिला मण्डला उपस्थित रहे।
