मंडला। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में गुरुवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे कार्यालय परिसर को फूलों से सजाया गया साथ ही कार्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित चलचित्र (फ्लेक्स) के अनावरण से की गई। इसके पश्चात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के द्वारा भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराया गया। ध्वज के पश्चात भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, डिंडोरी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं एसआईटी प्रभारी अवधराज बिलैया, पूर्व जिला अध्यक्ष रोचीराम गुरवानी, बालकिशन खंडेलवाल, विजेंद्र कोकड़िया, पूर्व विधायक देव सिंह सैयाम, भाजपा नेता विजय आनंद मरावी, जिला महामंत्री पंडित सिंह धुर्वे, नरेश चंद्रौल, संतोष रजक, जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा, मंजू कछवाहा, शशि पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगर परिषद अध्यक्ष मीना हरदहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे स्तंभ थे जिन्होंने विचारधारा से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त की। वही उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, परमाणु परीक्षण और सशक्त विदेश नीति जैसे निर्णय आज भी देश की मजबूती का आधार हैं। अटल जी का व्यक्तित्व भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक है। वही मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भाजपा जिला अध्यक्ष को बधाई भी दी है।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा को कार्यालय में स्थापित कर उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को विचार, संस्कार और प्रेरणा से जोड़ने का कार्य किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा का यह निर्णय दूरदर्शी सोच और संगठन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वही उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल मिश्रा के नेतृत्व में जिला संगठन निरंतर मजबूती की ओर अग्रसर है। ऐसे सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्य कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं तथा संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं ।वही कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल जी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी युवाओं और कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज हम सभी गौरवान्वित हैं कि भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया है। यह प्रतिमा उनके विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जो प्रत्येक कार्यकर्ता को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार, उनकी वाणी और उनके निर्णय आज भी हमें जनसेवा, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और प्रखर लेखक भी थे। उनकी कविताएँ आज भी राष्ट्र प्रेम, मानवता और संवेदना का संदेश देती हैं और प्रत्येक पीढ़ी को प्रेरित करती हैं। वही श्री मिश्रा ने उनके विचार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके मन में लंबे समय से यह विचार था कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भाजपा कार्यालय में स्थापित होनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके विचारों और आदर्शों से निरंतर प्रेरणा ले सकें। इसी संकल्प के साथ सभी वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया गया और आज उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर हम सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
डिंडोरी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं एसआईआर प्रभारी अवधराज बिलैया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति को मर्यादा, संवाद और संवेदनशीलता का स्वरूप दिया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया।
उन्होंने आगे कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और अनुशासन के कारण एसआईआर प्रक्रिया पूर्णता को प्राप्त कर चुकी है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और संगठनात्मक एकजुटता का ही परिणाम है कि मंडला जिला प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है।

वही कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जय दत्त झा ने एसएसआई प्रक्रिया को लेकर कहा प्रत्येक कार्यकर्ता ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, जिसके चलते मंडला जिले ने प्रदेश स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी चरणों में भी इसी समर्पण और समन्वय के साथ कार्य कर भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। वहीं मंच का संचालन जिला महामंत्री नरेश चंद्रौल ने किया और कार्यक्रम का आभार भाजपा नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत ने किया।
भाजपा कार्यालय मंडला
