मंडला 2 मार्च 2022
म.प्र. पर्यटन विभाग एवं कार्ड संस्था द्वारा संचालित महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत योजना भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में पर्यटन स्थलों पर महिला पर्यटकों की संख्या में वृद्धि तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने हेतु सभी विभागों से समन्वय व सहयोग के उद्देश्य से की गई। साथ ही महिलाओं के कौशल संबंधी प्रशिक्षण व उनके रोजगार की सुनिश्चितता के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यशाला में पर्यटन से संबंधित महिलाओं की स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक समस्याओं पर चर्चा करते हुए सुझाव आमंत्रित किए गए। अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पर्यटकों के लिए सुरक्षित और समान पर्यटन स्थल जहां विशेष रूप से महिलाएं निडर और स्वतंत्र रूप से अपनी यात्राओं का आनंद ले सकें, के विजन तथा महिला पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए सक्षम वातावरण बनाने और महिलाओं के अनुकूल समर्थन प्रणाली सुनिश्चित करने, के मिशन पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में कार्यक्रम समन्वयक रामरतन मरावी ने महिलाओं के अनुकूल वातावरण बनाने, महिलाओं के आत्मविश्वास और यात्रा करने की इच्छा को बढ़ाने, महिलाओं के अनुकूल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए समन्वय, कौशल वृद्धि कार्यक्रमों के माध्यम से महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ाने, लड़कियों और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने, पर्यटन क्षेत्र की नीतियों को जेंडर उत्तरदायी बनाने तथा महिला सुरक्षा के प्रति सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता के संबंध में प्रजेन्टेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षित और सक्षम महिला पर्यटकों के लिए मंडला-कान्हा के 2 क्लस्टरों के 15 पर्यटन स्थलों को चिन्हित किया गया है, जिनमें सरकारी एजेंसियां, महिला संगठन, स्थानीय प्रभाव वाले एनजीओ तथा सामुदायिक साझेदारी से परियोजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। जिला समन्वयक लोकेश उपमन्यू ने परियोजना के तहत संचालित की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी कपिल तिवारी ने पर्यटन स्थलों पर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं को ग्राम विकास योजना में सम्मिलित कराने का भी आव्हान किया। कार्यशाला में प्रशिक्षणार्थियों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यशाला में जिला समन्वयक कार्ड उज्जैन यश कानूनगो, कृषि विशेषज्ञ लालचंद्र यादव, कार्यक्रम समन्वयक उज्जैन अमृता चतुर्वेदी ने भी परियोजना से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखी।
