पेटेगांव में आयोजित हुआ जिला स्तरीय गृह प्रवेशम् कार्यक्रम
18 मार्च 2021 से 18 मार्च 2022 तक पूर्ण हुए 20425 नवीन आवास
मण्डला 29 मार्च 2022
छतरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए नवीन आवासों का प्रदेश स्तरीय गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली जुड़कर प्रदेश के पूर्ण हुए नवीन आवासों का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान छतरपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मंडला जनपद के अंतर्गत ग्राम पेटेगांव में जिला स्तरीय गृह प्रवेशम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक मंडला देवसिंह सैयाम तथा अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी ने की। इसी प्रकार कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, एसीईओ श्री मरावी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में हिन्दु नववर्ष प्रारंभ होगा। इस अवसर पर नए घर की सौगात निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है। श्री मोदी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा गरीबों को सशक्त करने का प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ’सबका साथ-सबका विकास’ की अवधारणा पर कार्य करते हुए गरीबों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने बताया कि पक्के आवास के साथ-साथ हितग्राहियों को अन्य योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने केन्द्र सरकार द्वारा पक्के आवास निर्माण के लिए इस वर्ष निर्धारित किए गए केन्द्रीय बजट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से ग्रामीण स्तर पर स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। श्री मोदी ने केन्द्र सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भावी पीढ़ी के लिए जल संरक्षण के महत्व पर संबोधित करते हुए कहा कि ’आजादी के अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में प्रत्येक जिले में 75 अमृत सरोवर बनाए जाएंगे, जो प्रकृति एवं प्राणियों के लिए वरदान साबित होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार गरीबों का जीवन स्तर बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयासरत् हैं। राज्य सरकार गरीबों के लिए रोटी, मकान, बिजली, पानी, सड़के एवं रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्प है। श्री चौहान ने संबल योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सितम्बर माह तक निःशुल्क खाद्यान्न, रोजगार मेलों के माध्यम से प्रतिमाह दिए जाने वाले रोजगार के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हुए उन्हें केन-बेतवा लिंक परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम में पधारने का निवेदन भी किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में केन्द्र इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी जुड़े। उन्होंने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों को जल्द पूरा करें। साथ ही ऐसे पात्र हितग्राही जिन्हें अब तक पक्के मकान नहीं मिले हैं उन्हें आवास प्लस के माध्यम से जोड़ते हुए लाभ दें। श्री कुलस्ते ने कहा कि जिले के बैगा परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास के तहत लाभ देना सुनिश्चित किया जाए। गृह प्रवेशम कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्य अतिथि देवसिंह सैयाम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा गरीबों के लिए पक्की छत के बारे में सोचना एवं योजना के माध्यम से इसे फलीभूत करना निःसंदेह संवेदनशीलता का उदाहरण है। उन्होंने पीएम आवास योजना की जानकारी देते हुए नए हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार आम आदमी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़कें, बिजली, मकान उपलब्ध कराने निरंतर कार्य कर रही है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा ने पक्का मकान प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए पक्की छत से जल संरक्षण के लिए भी प्रयास करने की बात कही।
कलेक्टर हर्षिका सिंह नए आवास की सौगात पाने वाले सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नया घर उनके जीवन में सुख-समृद्धि, तरक्की एवं नई सौगात लेकर आए। कलेक्टर ने बताया कि मंडला जिले को प्रदेश में सर्वाधिक प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लक्ष्य मिला है, जिसे लगभग 70 प्रतिशत प्राप्त भी किया जा चुका है, शेष आवासों का निर्माण जारी है जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैगा परिवारों एवं ऐसे व्यक्ति जिन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है उन्हें प्राथमिकता से लाभ देना सुनिश्चित किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड ने स्वागत संबोधन में गृह प्रवेशम कार्यक्रम की रूपरेखा तथा जल अभिषेक अभियान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का प्रारंभ परंपरागत कन्यापूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथियों ने मंच से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
हितग्राहियों को कराया गया गृह प्रवेश
ग्राम पेटेगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को पारंपरिक पूजन के साथ गृह प्रवेश कराया गया। साथ ही अतिथियों ने गृह प्रवेश के पश्चात नवीन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, एसीईओ श्री मरावी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
जल अभिषेक अभियान के तहत जिला स्तरीय जल संसद आयोजित
मण्डला 29 मार्च 2022
शासन के निर्देशानुसार जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं जीर्णोंद्धार के उद्देश्य से 25 मार्च से जल अभिषेक अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ग्राम पेटेगांव में जिला स्तरीय जल संसद आयोजित की गई। कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, एसीईओ श्री मरावी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा संबंधित विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे। जिला स्तरीय जल संसद कार्यक्रम में अतिथियों ने अपने संबोधन में जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
जगह-जगह निकली जल यात्राएँ
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जल अभिषेक अभियान के तहत पंचायत से लेकर जनपद एवं जिला स्तर पर जल संसद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी प्रकार ग्रामीणों में जल संरक्षण की जागरूकता के लिए जल यात्राएं निकाली जा रही हैं। जनपद पंचायत मोहगांव के अंतर्गत ग्राम खैरी में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने जल यात्रा के तहत जल स्त्रोतों की सफाई की। इसी प्रकार ग्राम पेटेगांव जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में जल यात्रा निकाली गई। नैनपुर क्षेत्र, खुर्सीपार एवं अन्य स्थानों पर भी ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से जल यात्राएं आयोजित की गई।
आगामी बारिश तक मंडला जिला जल अभावग्रस्त घोषित
मण्डला 29 मार्च 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि जिले में इस वर्ष औसतन से कम वर्षा हुई है। पेयजल स्त्रोतों में पानी की कमी परिलक्षित हो रही है। जिले में उपलब्ध नदियों, जलाशयों, कुओं, एवं नलकूपों में पानी का गिरता स्तर देखकर यह आवश्यक हो गया है कि जल स्त्रोतों के जल का उपयोग मितव्ययता पूर्वक किया जाये।
औसतन से कम वर्षा को देखते हुए जिले में पेयजल सुरक्षित रखने के अभिप्राय से कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा (3) के अंतर्गत प्रदत्त शाक्तियों का उपयोग करते हुए एतद् द्वारा जल प्रदाय सुरक्षित रखकर अवाध रखने के लिए जिले की अगली बरसात आने तक अथवा अन्य आदेश तक जल अभावग्रस्त घोषित कर दिया है। उक्त्त अधिनियम लागू हो जाने से कोई भी व्यक्ति पेयजल स्त्रोत का उपयोग सिंचाई साधन एवं व्यवसायिक उपयोग में बिना कलेक्टर की अनुमति से नहीं करेगा। शासकीय विभागों द्वारा खनित नलकूपों को छोड़कर शेष सभी प्रकार के नलकूपों का खनन प्रतिबंधित रहेगा एवं विशेष परिस्थितियों में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के लिखित अनुमति के पश्चात् ही नलकूप खनन किया जा सकेगा। इस आदेश के उल्लंघन करने पर वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
जनसुनवाई में 74 आवेदकों की सुनी समस्याएं
मण्डला 29 मार्च 2022
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में 74 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करते हुए ऑनलाईन एंट्री भी सुनिश्चित करें। आज संपन्न हुई जनसुनवाई में पेंशन, पीएम आवास, संबल योजना, आयुष्मान कार्ड, विकलांगता पेंशन, सीमांकन आदि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।
पीएम श्री मोदी 1 अप्रैल को 5वी बार करेंगे ’परीक्षा पे चर्चा’
मण्डला 29 मार्च 2022
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 1 अप्रैल 2022 को ’परीक्षा पे चर्चा’ के 5वें संस्करण के दौरान दुनिया भर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि ’परीक्षा पे चर्चा’ एक बहु-प्रतीक्षित वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें प्रधानमंत्री जीवंत कार्यक्रम में अपनी अनूठी आकर्षक शैली में परीक्षा के तनाव और संबंधित क्षेत्रों से संबंधित छात्रों द्वारा पूछे गए गए सवालों के जवाब देते हैं।
’परीक्षा पे चर्चा’ (पीपीसी) को एक जन आंदोलन बताते हुए, केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश के कोविड-19 महामारी से उबरने और परीक्षाओं के ऑफलाइन मोड में जाने के मद्देनजर इस वर्ष के पीपीसी के महत्व पर जोर दिया। 21वीं सदी की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण में पीपीसी जैसी पहलों के महत्व पर जोर देते हुए, उन्होंने कहा कि पीपीसी एक औपचारिक संस्था बन रही है जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे छात्रों से बातचीत करते हैं। उन्होंने बताया कि देश भर के चुनिंदा छात्र राज्य के राज्यपालों की मौजूदगी में कार्यक्रम देखने के लिए राजभवनों को भी जाकर देखेंगे। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि देश भर की राज्य सरकारें भी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करेंगी। श्री प्रधान ने कहा कि पीपीसी को न केवल पूरे भारत में, बल्कि अन्य देशों में भी भारतीय प्रवासियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम को जन आंदोलन बनाने और छात्रों के लिए तनावमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए मीडिया से समर्थन का भी आह्वान किया।
श्री प्रधान ने इस बात पर प्रकाश डाला कि परीक्षा पे चर्चा युवाओं के लिए तनावमुक्त माहौल बनाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बड़े आंदोलन-’एग्जाम वॉरियर्स’ का हिस्सा है। यह एक ऐसा आंदोलन है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज को एक ऐसे माहौल को बढ़ावा देने के प्रयासों से प्रेरित है, जहां प्रत्येक बच्चे के अद्वितीय व्यक्तित्व का उत्सव मनाया जाता है, प्रोत्साहित किया जाता है और खुद को पूरी तरह अभिव्यक्त करने की सुविधा प्रदान की जाती है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 5वें संस्करण का आयोजन नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सुबह 11 बजे से टाउन-हॉल इंटरएक्टिव फॉर्मेट में होगा। उन्होंने कहा कि इसमें भारत और विदेशों के करोड़ों छात्र, शिक्षक और अभिभावक भाग लेंगे। श्री प्रधान ने यह भी बताया कि जिन छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने का अवसर मिलेगा, उन्हें विभिन्न विषयों पर ऑनलाइन रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के आधार पर शॉर्ट-लिस्ट किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 28 दिसंबर 2021 से 3 फरवरी 2022 तक मायगाँव प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया गया था। उन्होंने रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के लिए इस वर्ष 15.7 लाख से अधिक प्रतिभागियों के पंजीकरण पर संतोष व्यक्त किया।
मायगाँव पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से चुने गए प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र और प्रधानमंत्री द्वारा लिखित एग्जाम वॉरियर्स पुस्तक सहित एक विशेष परीक्षा पे चर्चा किट प्रदान की जाएगी। यह कार्यक्रम पिछले चार वर्षों से स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। पीपीसी के पहले तीन संस्करण नई दिल्ली में टाउन-हॉल इंटरएक्टिव प्रारूप में आयोजित किए गए थे। प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम का पहला संस्करण ’परीक्षा पे चर्चा 1.0’’ 16 फरवरी 2018 को आयोजित किया गया था। स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ उक्त विचार-विमर्श कार्यक्रम का दूसरा संस्करण ’परीक्षा पे चर्चा 2.0’ 29 जनवरी 2019 को और तीसरा संस्करण 20 जनवरी 2020 को आयोजित किया गया था। कोविड-19 महामारी के कारण, चौथा संस्करण 7 अप्रैल 2021 को ऑनलाइन आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम का दूरदर्शन (डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी इंडिया), रेडियो चैनलों, टीवी चैनलों, एडुमिनोफइंडिया, नरेन्द्र मोदी, पीएमओ इंडिया, पीआईबीइंडिया के यूट्यूब चैनलों सहित डिजिटल मीडिया, दूरदर्शन नेशनल, मायगांव इंडिया, डीडी न्यूज, राज्यसभा टीवी, स्वयं प्रभा पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय मंडला में भी 1 अप्रैल 2022 को सभी विद्यार्थियों को परीक्षा पे चर्चा का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों से अनुरोध है कि इस कार्यक्रम को देखें एवं प्रियजनों को भी कार्यक्रम देखने के लिए प्रेरित करें। साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय के साथ-साथ जिले में स्थित अन्य शासकीय एवं गैर शासकीय विद्यालयों से अपील है कि इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों को अवश्य दिखाएँ।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 29 मार्च 2022
महिला एवं बाल विकास परियोजना बीजाडांडी अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्र समनापुर एवं बुदरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद के लिए तथा मोहगांव, जेवरा, पोनिया एवं सिंघनपुरी में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए पात्र महिला अभ्यर्थी के आवेदन 28 मार्च से 11 अप्रैल 2022 तक आमंत्रित किए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए ग्राम की 18 वर्ष से 45 वर्ष की महिला अभ्यर्थी होनी चाहिए। कार्यकर्ता के लिए अनिवार्यतः हायर सेकंडरी बोर्ड अथवा ग्यारहवी बोर्ड उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी प्रकार सहायिका के लिए अनिवार्यतः पाँचवी उत्तीर्ण आवेदिकाएं कार्यालयीन समय पर कार्यालय परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना बीजाडांडी कार्यालयीन समय में निर्धारित अवधि तक आवेदन जमा कर सकते हैं। जानकारी का विस्तृत अवलोकन ग्राम पंचायत, परियोजना कार्यालय, जनपद कार्यालय एवं तहसील कार्यालय में किया जा सकता है।
1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 29 मार्च 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 मार्च की शाम 3 बजे से 29 मार्च की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 29 फरवरी 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने के कारण फुंदीलाल ग्राम बनार निवासी की 2 गाय, 1 बैल एवं 1 नाटा इस प्रकार कुल 4 नग पशुओं की मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा पीड़ित व्यक्ति को प्राकृतिक आपदा प्रावधान अंतर्गत कुल 57 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
डाईट खैरी में रोजगार दिवस कार्यक्रम आज
मण्डला 29 मार्च 2022
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन के मंशा अनुसार प्रदेशव्यापी रोजगार दिवस कार्यक्रम व रोजगार मेले का आयोजन 30 मार्च 2022 को प्रातः 11 बजे से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बड़ी खैरी मण्डला में किया गया है। रोजगार कार्यक्रम में केन्द्र शासन एवं मध्यप्रदेश शासन के द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाएं प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना, मुख्यमंत्री पथकर विक्रेता योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (व्यक्तिगत), राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (समूह), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजनाओं एवं अन्य 17 विभागों के सहयोग से इच्छुक युवक व युवतियों को शासन द्वारा किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। प्राप्त जानकारी अनुसार संयुक्त समन्वय कर लांभावित हितग्राहियों को बैंकों से स्वीकृत प्रकरणों के तथा वितरित प्रकरण के लिए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरण आयोजन रखा गया है। इसके साथ ही रोजगार दिवस कार्यक्रम में स्थानीय उद्योग, बड़ी कम्पनियों के द्वारा इच्छुक बेरोजगार युवक, युवतियों का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर जनप्रतिनिधियों के हाथों से प्रदाय किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) संबंधी जानकारी
मण्डला 29 मार्च 2022
नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) नगरपालिका परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में ब्तमकपज स्पदामक ैनइेपकल ैबीमउम (सीएलएसएस) एक प्रमुख घटक है, जिसमें ईडब्ल्यूएस तथा एलआईजी आय वर्ग के हितग्राहियों को आवास ऋण पर अधिकतम 2.67 लाख तक की सब्सिडी प्राप्त होती है। आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वार्षिक आय 3 लाख एवं एल.आई.जी. वर्ग के हितग्राही जिसकी वार्षिक आय 6 लाख तक है वह बैंक के माध्यम से उक्त योजना का लाभ ले सकते हैं।
’आ लौट चलें’ योजनांतर्गत जरूरी निर्देश
मण्डला 29 मार्च 2022
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा नवमीं से बारहवीं तक ड्रॉपआउट हुए विद्यार्थियों की सूची मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाईट पर उपलब्ध लिंक के डाटाबेस में उपलब्ध है तथा यही डाटाबेस एमपी ऑनलाईन के पास उपलब्ध है, जो इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए पात्रता तय करता है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार कई ऐसे ड्रॉपआउट विद्यार्थी जो इस डाटाबेस में सम्मिलित नहीं हैं तथा इसी कारण वह इस योजना का फार्म नहीं भर रहे हैं। संचालनालय द्वारा ऐसे ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी की अनुशंसा उपरान्त सम्मिलित किये जाने के निर्देश हैं। उन्होंने प्रत्येक हाईस्कूल एवं हायर सैकेण्डरी विद्यालय जहां उपरोक्त श्रेणी के ड्रॉपआउट विद्यार्थी संपर्क करते हैं वे उनकी सूची जिसमें विद्यार्थी का नाम पिता का नाम तथा समग्र आईडी एवं माध्यमिक शिक्षा मण्डला का नामांकन क्रमांक अंकित कर परीक्षा प्रभारी महेन्द्र श्रीवास को सूची तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों से प्राप्त सूची उसी दिन अनुशंसा सहित मुख्यालय भोपाल भेजा जायेगा ताकि संबंधित विद्यार्थी बगैर परीक्षा शुल्क के साथ फार्म भर सके।
आदर्श बालग्रह में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर
मण्डला 29 मार्च 2022
आर.एस. शर्मा प्रधान जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला के आदेशानुसार जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ0 श्रीमति प्रीति श्रीवास्तव के द्वारा आदर्श बालग्रह में विधिक साक्षरता शिविर का अयोजन किया गया। शिविर में बालकों के मैत्रीपूर्ण एवं संरक्षण के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 और विधिक सेवा प्राधिकरण की संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री विशाल शर्मा के द्वारा आदर्श बालग्रह का निरीक्षण किया गया और बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी जानकारी ली गई। शिविर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सुभाष सुनहरे, न्यायिक मजिस्टेªट प्रथम श्रेणी श्री विनोद कुमार चौधरी एवं बाल ग्रह अधीक्षक श्री अकिल खान उपस्थित रहे।
छापामार कार्यवाही कर की गई मदिरा बरामद
अपराध में संलिप्त 22 व्यक्तियों पर मामला दर्ज
मण्डला 29 मार्च 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी सीमा धुर्वे कश्यप स्वयं आबकारी बल के साथ लगातार कार्यवाही करते हुए मण्डला, महाराजपुर शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत ग्राम नांदिया, कारीकोन, अंजनिया, माधोपुर, औघटखपरी एवं कोसमघाट क्षेत्रों में छापामार कार्यवाही की। कार्यवाही कर 196 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब, 18 पाव देशी मदिरा प्लेन, 20 पाव विदेशी मदिरा एवं 17 बोतल बीयर के बरामद किए गए। इस अपराध में संलिप्त 22 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है।
नगरपालिका अधिकारी ने किया सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण
मण्डला 29 मार्च 2022
स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को ध्यान में रखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी आर.के. कुर्वेती ने नगर में स्थित सार्वजनिक शौचालय व सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुलभ प्रबंधक को सुलभ शौचालय के रख-रखाव, साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिये। साथ ही नगर में स्थित जी.व्ही.व्ही. प्लाईंट समाप्त करने के स्व. निरीक्षक, स्व. पर्यवेक्षक को निर्देश दिए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए दिन में दो बार कचरा वाहन को कचरा उठाने के निर्देश दिए। न.पा. अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने नगरवासियों से नगर के सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न करने एवं नर्मदा तट के किनारें खुले में शौंच न करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने घरों से निकलने वाला गीला एवं सूखा कचरा को अलग-अलग डस्टबिन में रखकर न.पा. के कचरा वाहनों में डालने की भी अपील की है।
