Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 28 मार्च 2022

 

सीएम राईज स्कूलों के लिए जमीन आवंटन की कार्यवाही पूर्ण करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएम राईज स्कूलों के संबंध में सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद, स्कूल शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले के सभी अनुविभाग स्तर पर स्थापित किए जाने वाले सीएम राईज स्कूल के स्थान एवं जमीन आवंटन से संबंधित विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके अनुविभाग में सीएम राईज स्कूल के लिए चयनित किए गए स्थान के लिए जमीन आवंटन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि एसडीएम चिन्हित स्थानों पर जाकर अन्य विषयों के संबंध में भी जानकारी लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि जमीन आवंटन की प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेजों को जल्द जिला दण्डाधिकारी कोर्ट में भेजना सुनिश्चित करें।

श्रीमती सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार विश्व स्तरीय तथा सर्व सुविधायुक्त सीएम राईज स्कूल का निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि सीएम राईज स्कूल के लिए कम से कम 5 एकड़ की भूमि का चिन्हांकन अवश्य करें। साथ ही चिन्हित स्थानों पर सड़क एवं अन्य सुविधाओं के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलदार ऐसे स्थानों के नक्शों एवं अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरा करते हुए कार्यवाही पूरा करें। उन्‍होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी सामंजस्य बनाते हुए सीएम राईज स्कूल के लिए चिन्हित किए गए अनुविभागवार स्थानों का मौका मुआयना करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीएम राईज स्कूलों की व्यवस्था एवं अन्य विषयों से संबंधित पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन भी दिया गया। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सभी एसडीएम, तहसीलदार, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने विभागीय समन्वय के विभिन्न विषयों के साथ-साथ समाधान कार्यक्रम, गृह प्रवेशम कार्यक्रम, रोजगार मेला, आयुष्मान पंजीयन, एडोप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम की समीक्षा, बजट आवंटन, सीएम हेल्पलाईन, जमीन आवंटन एवं अन्य विषयों से संबंधित समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी एसडीएम आदिवासी सामुदायिक भवन के लिए जमीन आवंटित करने की कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने जिला स्तर पर अनेक विभागों के लिए एकीकृत बिल्डिंग के संबंध में प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने ईईपीआईयू श्री पटले को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से समन्वय करते हुए एकीकृत प्रशासकीय बिल्डिंग के निर्माण संबंधी प्रस्ताव बनाएं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को इस संबंध में विस्तृत चर्चा की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिला मुख्यालय में एकीकृत प्रशासकीय भवन के साथ-साथ अनुविभागों में एसडीएम कार्यालय के निर्माण संबंधी प्रस्ताव भी बनाएं। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

फर्जी पंजीयन पर करें एफआईआर

 

श्रीमती सिंह ने उपार्जन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों से पंजीयन से संबंधित चर्चा करत हुए सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन के लिए किए जाने वाले फर्जी पंजीयन का सत्यापन करें तथा ऐसे पंजीयन जो फर्जी पाए गए हों उनसे संबंधित व्यक्तियों पर एफआईआर की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि पात्र किसानों को पंजीयन में कोई परेशानी न हो। उन्होंने नैनपुर एवं मंडला एसडीएम को निर्देशित किया कि इन क्षेत्र में पंजीयन का सत्यापन गंभीरतापूर्वक करें। उन्होंने उठाव के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों का भुगतान भी सतत रूप से जारी रखें। उन्होंने सेल्समैन के माध्यम से हितग्राहियों के आयुष्मान पंजीयन करने के निर्देश दिए।

 

गृह प्रवेशम कार्यक्रम की पूर्ण करें तैयारी

 

कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 29 मार्च को प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम पेटेगांव में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाएं पूर्ण करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं हितग्राहियों को आमंत्रित करें। इसी प्रकार ग्राम एवं जनपद स्तर पर भी गृह प्रवेशम संबंधी आयोजन सुनिश्चित करें तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें।

 

30 मार्च को आयोजित होगा रोजगार दिवस

 

श्रीमती सिंह ने बताया कि 30 मार्च को रोजगार दिवस का भी आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में रोजगार अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आयोजन संबंधी तैयारी पूर्ण करें। साथ ही रोजगार प्रदाता कंपनियों से समन्वय कर अधिक से अधिक रोजगार देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति 30 मार्च को आयोजित होने वाले रोजगार मेले में पहुंचकर अपनी योग्यतानुसार आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि 30 मार्च को ही जल-जीवन मिशन के पूर्ण हुए कार्यों के संबंध में भी विभिन्न स्तरों पर आयोजन की तैयारियां पूर्ण करते हुए कार्यक्रम करें।

 

आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली एवं पंखे उपलब्ध कराएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक में एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा गोद ली गई आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली का कनेक्शन कराएं। उन्होंने कहा कि इन आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली के कनेक्शन के साथ-साथ एलईडी बल्ब एवं बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पंखों की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने जिले के अन्य सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों को गोद लेने वाले व्यक्तियों से भी अनुरोध किया है कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली कनेक्शन के साथ-साथ बच्चों के लिए पंखे आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग करें।

कलेक्टर ने बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि मिलावट से मुक्ति अभियान की कार्यवाही सतत जारी रखें। उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय नक्शों के आधार पर अतिक्रमण को चिन्हित करें। आगामी सप्ताह में अतिक्रमण पर कड़ी कार्यवाही से संबंधित बैठक की जाएगी। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण प्रभावी रूप से सुनिश्चित करें। साथ ही विभिन्न विभागों से समन्वय करते हुए आयुष्मान पंजीयन का कार्य भी प्राथमिकता से करें। कलेक्टर ने बैठक में राजस्व वसूली, स्वामित्व योजना, समाधान कार्यक्रम तथा कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के लिए चिन्हित विषयों से संबंधित चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश भी दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों के लिए हुआ सम्मान

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार 26 एवं 27 मार्च को स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत स्वच्छता के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित की गई थी। नगरपालिका सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वच्छता आधारित गतिविधियां संपन्न हुई। स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता जागरूकता के लिए मुख्यालय के अलग-अलग चौराहों में रंगोली बनाया था। इसी प्रकार कलेक्टर आवास सहित प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता जागरूकता के लिए पैंटिंग भी बनाई गई थी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला योजना भवन में स्कूली छात्र-छात्राओं, नगरपालिका टीम सहित सहयोग करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नोडल व प्रभारी जिसमें बिंझिया तिराहा में प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया कल्पना नामदेव, तहसील चौराहा में प्राचार्य उमावि. ज्ञानदीप वि. रफीक खान, कचहरी मोहल्ला चौराहा में प्राचार्य रा.अ.क.उमावि जयलक्ष्मी सोनी, कलेक्ट्रेट में प्राचार्य उउमावि. आभा चौरसिया, चिलमन चौक में बीईओ शैलेन्द्र मालवीय, जेलघाट तिराहा में प्राचार्य उमावि क्रं.-2 टीडी असाटी,  उदय चौक में प्राचार्य हाईस्कूल वरिष्ठमूल शाला देवेन्द्र गुप्ता, बिनैका तिराहा में प्राचार्य एनजेएन उमावि श्रीकांत साहू, लालीपुर चौराहा में प्राचार्य सरस्वती उमावि कमलेश अग्रहरी, शुभा मोटर्स तिराहा में प्राचार्य महर्षि उमावि उपेन्द्र उपाध्याय, सिविल वार्ड चौराहा में प्राचार्य माउंटफोर्ट उमावि सर जोर्ज पोटाकरण, नेहरू स्मारक में प्राचार्य भारतज्योति उमावि सिस्टर शोभा, बैगा-बैगी चौराहा में प्राचार्य निर्मिला कउमावि सिस्टर लालिता कुज्जूर, आंगन तिराहा में प्राचार्य कउमावि विभा मिश्रा, बजरंग चौराहा में प्राचार्य अमलज्योति सिस्टर लीना रोज एवं बुधवारी चौक में रंगोली बनाने वाले प्राचार्य हाईस्कूल विवेकज्योति नावघाट ब्रिजेश चौरसिया को सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

10 अप्रैल से सभी पंचायतों में शुरू होंगे जल संरक्षण के कार्य – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने एनजीओ एवं विभिन्न संगठनों की ली बैठक

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 25 मार्च से प्रारंभ हुए जल अभिषेक अभियान की विस्तृत जानकारी एवं कार्ययोजना के संबंध में चर्चा करने जल संरक्षण से जुड़े गैर सरकारी संगठन, संबंधित विभाग एवं समाजसेवियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि जिले में 25 मार्च जल अभिषेक अभियान से संबंधित जल संरक्षण के कार्यों को चिन्हित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल को जिले की सभी 486 पंचायतों में एकसाथ जल संरक्षण से संबंधित कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। कलेक्टर ने जिले के सभी समाजसेवियों, संगठनों, विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि जल संरक्षण के लिए शासन के द्वारा प्रारंभ की जा रही इस मुहीम में जरूर जुड़ें तथा जल अभिषेक अभियान का अपने स्तर पर अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बारिश के पूर्व जल संरक्षण से संबंधित कार्य जैसे तालाब गहरीकरण, वृक्षारोपण, चिन्हित पड़त भूमि में खेत-तालाब का निर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सहित समाजसेवी, एनजीओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

जल संरक्षण के लिए निकालें जल यात्राएं

 

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जल संरक्षण का विषय प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ा हुआ है। जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत् ग्राम पंचायत, जनपद तथा जिला स्तर पर जल यात्राएं आयोजित करते हुए जल संरक्षण के महत्व का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार में जन अभियान परिषद, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, समाजसेवी तथा एनजीओ प्रभावी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत पानी को बचाने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क, हाट-बाजारों में अनाउंसमेंट सहित अनेक स्थानों पर जागरूक करें। उन्होंने विद्यार्थियों के माध्यम से जल संरक्षण की शपथ एवं पैंटिंग, रंगोली प्रतियोगिताएं एवं अन्य नवाचार के माध्यम से जागरूकता प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि जन अभियान परिषद से समन्वय बनाते हुए वॉलेंटियर या जलमित्र के माध्यम से भी जल संरक्षण के लिए जागरूकता प्रसारित करें।

 

जल संरक्षण के लिए करें श्रमदान

 

कलेक्टर ने समाजसेवियों एवं जिलेवासियों से अपील की है कि जल संरक्षण के लिए सभी आगे आकर सामूहिक श्रमदान करें। उन्होंने कहा कि आगामी पीढ़ी के लिए भी जल को पर्याप्त उपलब्ध करने के लिए हमें जल संरक्षण में सक्रिय सहभागिता करना होगा। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को पानी के महत्व के प्रति जागरूक रहते हुए प्रकृति को बचाने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जल अभिषेक कार्यक्रम के तहत की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने पुष्कर धरोहर अभियान के तहत जल संरचनाओं के मरम्मत, तालाब गहरीकरण सहित विभिन्न कार्य को प्रारंभ करने की बात कही।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पीएम आवास बनने से खपरेल की छत के टूटने-टपकने की समस्या हुई दूर – भागवती

 

मण्डला 28 मार्च 2022

भारत सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना आवासहीन एवं गरीब जरूरतमंद ग्रामवासियों के लिए वरदान साबित होती दिख रही है। ग्राम भीमडोंगरी निवासी भागवती ने वर्ष 2021-22 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लिया है। मजदूरी कर जीवन-यापन करने वाली भागवती अपने परिवार के साथ पहले खपरेल के छत के टूटने-टपकने से परेशान रहती थी। उनका परिवार बड़ी परेशानी के साथ मिट्टी से बने कच्चे मकान में गुजर-बसर कर रहा था। भागवती के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पक्का आवास बनाना बड़ा मुश्किल था।

भागवती कहती है कि मजदूरी से जीवन-यापन करने के कारण मैं और मेरा परिवार कच्चे मकान में जैसे-तैसे गुजर-बसर कर रहा था, किन्तु 2021-22 में मुझे प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्की छत का लाभ मिल गया। अब मैं अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन-यापन कर रही हूं। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित करती हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुधालता कोठारिया का पक्के मकान का सपना हुआ साकार

 

मण्डला 28 मार्च 2022

जिले के विकासखंड बीजाडांडी के अतंर्गत ग्राम चरगांव माल की निवासी श्रीमती सुधालता कोठारिया पति इन्द्रकुमार कोठारिया का पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से साकार हुआ। सुधालता कहती है कि उसका परिवार मजदूरी करके गुजर-बसर करता है। मेरा परिवार कच्चे मकान में रहता था, इसमें उन्हें अनेकों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मैं दूसरों का पक्का मकान देखकर सोचती थी कि काश मेरा भी पक्का मकान होता, परंतु मुझे यह उम्मीद नहीं थी कि मेरा सपना भी सच हो जायेगा। प्रधानमंत्री आवास मिल जाने से मेरे परिवार में खुशी की लहर आ गई और घर की अनेकों परेशानियों से मेरा परिवार मुक्त हुआ।

सुधालता कहती है कि शासन के सहयोग से मेरा मकान का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया। अब मैं और मेरा परिवार अपने पक्के मकान में खुशी-खुशी रह रहे हैं। कच्चे मकान की दिक्कतें दूर हो गई हैं। मेरे मकान का 29 मार्च को गृह प्रवेश कार्यक्रम है जिसमें आप सभी सादर आमंत्रित हैं। मैं अपने पूरे परिवार की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को हृदय से धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से मेरे परिवार के जीवन को आसान बना दिया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

हाईस्कूल केवलारी भृत्य निलंबित

 

मण्डला 28 मार्च 2022

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला ने हाईस्कूल केवलारी सुनील कुमार परते के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि शिकायत प्रतिवेदन के आधार पर सुनील कुमार परते हाईस्कूल केवलारी विकासखण्ड बिछिया को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, उदासीनता बरतने तथा स्वैच्छिक रूप से कर्तव्य से अनुपस्थित पाए जाने के कारण म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) के अंतर्गत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए भृत्य सुनील कुमार परते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मवई होगा तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 28 मार्च 2022

महिला एवं बाल विकास परियोजना नैनपुर अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्र पिंडरई-1 एवं कोहका में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद के लिए तथा खिरसारू में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए पात्र महिला अभ्यर्थी के आवेदन 28 मार्च से 6 अप्रैल 2022 तक आमंत्रित किए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए ग्राम की 18 वर्ष से 45 वर्ष की महिला अभ्यर्थी होनी चाहिए। कार्यकर्ता के लिए अनिवार्यतः हायर सेकंडरी बोर्ड अथवा ग्यारहवी बोर्ड उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी प्रकार सहायिका के लिए अनिवार्यतः पाँचवी उत्तीर्ण आवेदिकाएं कार्यालयीन समय पर कार्यालय परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना नैनपुर कार्यालयीन समय में निर्धारित अवधि तक आवेदन जमा कर सकते हैं। जानकारी का विस्तृत अवलोकन ग्राम पंचायत, परियोजना कार्यालय, जनपद कार्यालय एवं तहसील कार्यालय में किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत गृह प्रवेशम कार्यक्रम आज

जिला स्तरीय कार्यक्रम पेटेगाँव में

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत प्रदेश में निर्मित 5.50 लाख आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम 29 मार्च 2022 को प्रातः 11 बजे वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया है कि आवास पोर्टल पर पूर्ण सभी नव निर्मित आवासों की जनपदवार ग्राम पंचायतवार हितग्राहीवार सूची बनाकर गृह प्रवेश के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। यह कार्यक्रम समस्त ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायतों पर आयोजित एवं प्रसारित किया जाये। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चयनित आवासों के लिए एडीईओ, पीसीओ, उपयंत्री, पटवारी आदि के माध्यम से सत्यापन करायेंगे तथा उनसे लिखित में इस आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करेगें। कलेक्टर ने पेटेगांव में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि चयनित आवासों दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में सभी मापदण्ड पूर्ण करते हों। प्रधानमंत्री का संबोधन सभी कार्यक्रम स्थलों पर दिखाया एवं सुनाया जायेगा जिसकी सभी तैयारियां सुनिश्चित करें तथा दूरदर्शन, फेसबुक, यूटयूब वेबकॉस्ट लिंक द्वारा प्रसारित होगा। प्रत्येक जनपद में पीएमएवायजी के पंजीकृत समस्त हितग्राहियों का कार्यक्रम के लिए पंजीयन कराया जाये तथा समस्त हितग्राहियों को उक्त कार्यक्रम में भागीदारी की सूचना एस.एम.एस व ग्राम कोटवार के माध्यम से मुनादी एवं अन्य माध्यम से देना सुनिश्चित किया जाये। सभी जनपद पंचायत कार्यालय तथा समृद्ध पर्यावास से समस्त विभागों को इस कार्यालय से कनेक्ट किया जाये। जनपद के त्रि-स्तरीय पंचायतों के सभी अधिकारी व कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं पटवारी आदि को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाये। गृह प्रवेश के कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाये। गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुये मॉस्क लगाना आवश्यकतानुसार सेनेटाईजर का उपयोग व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाये।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

4 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 28 मार्च 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 27 मार्च की शाम 3 बजे से 28 मार्च की शाम 3 बजे तक जिले में 4 कोरोना मरीज कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

2 कोरोना पॉजीटिव

 

मण्डला 28 मार्च 2022

27 मार्च की शाम 3 बजे से 28 मार्च की शाम 3 बजे तक जिले में कोरोना के 2 संक्रमित मरीज मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन निवासी 15 वर्षीय बालक एवं ग्राम कुटरवानी निवासी 28 वर्षीय पुरूष की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्तियों की सघन कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संपर्क में आए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उनकी कोरोना जाँच तत्काल सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 28 फरवरी 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रेखलाल ग्राम बरौची निवासी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय रोजगार मेला 30 मार्च को

 

मण्डला 28 मार्च 2022

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय रोजगार मेला 30 मार्च को डाइट (बीटीआई) बड़ी खैरी मण्डला के परिसर में आयोजित होगा। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार रोजगार के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय आई.टी.आई, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र एवं आजीविका मिशन मण्डला द्वारा संयुक्त रूप से जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है। निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।

 

 

 

 

 

आयुष्मान पंजीयन एवं कोविड वैक्सीनेशन संबंधी बैठक संपन्न

 

मण्डला 28 मार्च 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान पंजीयन एवं कोविड वैक्सीनेशन संबंधी बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने एपीएसओ को निर्देशित किया कि आयुष्मान पंजीयन को प्राथमिकता के साथ करें। उन्होंने जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि प्रतिदिन 500 आयुष्मान पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रतिदिन आयुष्मान के 10 कैम्प लगाकर पंजीयन करें तथा मनरेगा कार्यस्थल, उचित मूल्य दुकान, गृह प्रवेशम कार्यक्रम एवं अन्य स्थानों पर कैम्प लगाकर पंजीयन कराया जाए। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के आयुष्मान पंजीयन हो चुके हैं उनका स्कूलवार प्रमाण-पत्र कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने के जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएचसी संचालक को निर्देश दिए कि जिले में शतप्रतिशत कराना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति की समीक्षा करे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बैगा टोलों को चिन्हित कर उन्हें लाभ देना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

12 से 14 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन शतप्रतिशत पूर्ण कराएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में 12 से 14 वर्ष के बच्चों की आंकड़ेवार जानकारी ली। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप 12 से 14 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन शतप्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शिक्षा अधिकारी को कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्राईवेट विद्यालयों में बुधवार को कैम्प लगाकर शतप्रतिशत वैक्सीनेशन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जो बच्चे वैक्सीनेशन नहीं कराना चाहते हैं उनके अभिभावकों से मिलकर उनको वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें तथा स्कूल शिक्षा विभाग के सभी अमले वैक्सीनेशन के प्रचार-प्रसार को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने वैक्सीनेशन की उपलब्धता के संबंध में सभी बीआरसी की उपस्थिति में वीसी के माध्यम से बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई मंडला में प्लेसमेंट ड्राइव एवं संस्था नवीनीकरण का शुभारंभ

 

मण्डला 28 मार्च 2022

शासकीय आईटीआई मंडला में केम्पस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस ड्राइव में जिले के प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया जिसमें 65 प्रशिक्षणार्थियों ने अपना पंजीयन कराया एवं कंपनियों द्वारा 32 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन किया। कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम उपस्थित रहे। मंडला विधायक देवसिंह सैयाम द्वारा संस्था नवीनीकरण का कार्य सेंक्शन हुआ जिसका शुभारंभ मंडला विधायक देवसिंह सैयाम द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य आरएस वरकड़े ने श्री सैयाम का स्वागत किया एवं आभार प्रकट किया। इस अवसर पर प्लेसमेंट अधिकारी आनंद मरावी, प्रशिक्षण अधिकारी धनंजय चौकसे, वैशाली कामडे, वर्षा ठाकुर एवं समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।

 

 

 

 

 

 

 

अब पक्के घर में हंसी-खुशी रह रहा कूपरा बाई का परिवार

 

मण्डला 28 मार्च 2022

जिले के बिछिया विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चिकली रामनगर निवासी कूपरा बाई ने बताया कि हमारा परिवार बड़ा होने के कारण रहन-सहन में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा, किन्तु मेरा मकान पहले कच्चा हुआ करता था। हमें बारिश के मौसम में बहुत सी दिक्कतें होती थी। बरसात के दिनों में घरों की छत से पानी गिरना, कच्चे घर की दीवार गिर जाना, छोटे-छोटे जीव-जंतुओं का घर में आने से डर बना रहता था। हम लोग सारी रात परेशान होते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद मैं और मेरा परिवार सुखी-सुखी पक्के घर में निवास करते हैं।

कपूरा बाई कहती है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सहयोग से मेरे स्वयं के पक्के मकान का सपना सच हो गया है। हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को हृदय से धन्यवाद देते हैं।

 

 

Related posts

पशुधन संजीवनी की सेवाएं प्राथमिकता से करें

Reva India News

’ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का 30 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न’

Reva India News

मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना गरिमामय रूप से संपन्न किया जायेगा – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके सामूहिक मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना का कार्यक्रम 16 अप्रैल को संपन्न होगा  

Reva India News

Leave a Comment