Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 15 मई 2022

अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए प्रदेश में भयमुक्त वातावरण तैयार करें – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से दिए निर्देश

 

मण्डला 15 मई 2022

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए प्रदेश में भयमुक्त वातावरण तैयार करें। अपराधियों पर कठोरतम कार्यवाही करें। कार्यवाही में विलंब की दशा में हर स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। ऐसी परिस्थितियाँ निर्मित करें जिससे अपराध न हो। बैठक में एनआईसी कक्ष मंडला से कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सूचना तंत्र को मजबूत करें, घटना होने से रोकें। उन्होंने कहा कि तुरंत रिएक्शन करते हुए अपराधियों पर कठोरतम कार्यवाही करें। अपराध होने की दशा में वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने महिला अपराधों के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेयजल की व्यवस्था को बेहतर बनाएं। किसी भी ग्राम टोला में पेयजल की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार परिवहन की कार्यवाई करें। उन्होंने कहा कि नल-जल योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं। बंद हैंडपंपों में तत्काल सुधार कार्य कराएं। मैदानी अमला क्षेत्र का लगातार भ्रमण करते हुए प्रत्येक गांव-टोला तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें, बिजली के कारण कोई भी जल योजना प्रभावित नहीं होनी चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि पेयजल की समस्या के संबंध में ग्राम पंचायत स्तर पर पंजी का संधारण करें। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करें। उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग करें तथा गड़बड़ी करने वाले तत्वों पर सख्त कार्यवाई करें। श्री चौहान ने कहा कि अमृत सरोवर सहित जल संरचनाओं के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति में पूरी पारदर्शिता रखें। उन्होंने कहा कि लोगों को पात्रता अनुसार समय पर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारी, कर्मचारियों को योग करने, स्वस्थ रहने तथा तनाव से बचने की सलाह दी।

 

 

 

 

 

 

 

17 को सभी निकायों में आयोजित होगा मिशन नगरोदय के तहत विविध कार्यक्रम – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने तैयारियों के दिए निर्देश

 

मण्डला 15 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शासन के निर्देशानुसार 17 मई को जिले के सभी नगरीय निकायों में मिशन नगर उदय के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी नगरीय निकायों में मिशन नगर उदय के तहत भव्यतापूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करें। सभी सीएमओ नगरपालिका में आयोजित किये जा रहे कार्यक्रम की भव्यता एवं गरिमा सुनिश्चित करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, नगरी निकाय की विभिन्न योजनाएं, पेंशन सहित अन्य योजनाओं के हितलाभ का वितरण भी सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी सीएमओ नगरपालिका प्रधानमंत्री आवास योजना के किश्त वितरण का कार्य भी इस दौरान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संबंध बनाते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में बैठक व्यवस्था, पीने का पानी, कुर्सी, सजीव प्रसारण एवं अन्य जरूरी इंतजाम को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन नगरोदय के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीयन, कल्यणकारी लाभ से संबंधित स्टाल भी लगाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम में शहरी क्षेत्रों में ओडीएफ तथा स्वच्छता के कार्यों में सहयोग करने वाले स्थानीय समाजसेवी एवं वॉलेंटियर्स को सम्मानित करें।

 

नगरीय निकायों में पेयजल की समस्या समस्या न रहे

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल की समस्या ना रहे। उन्होंने कहा कि हर वार्ड, हर घर तक पानी पहुंचाने का इंतजाम सुनिश्चित किया जाए। नगर पालिका अधिकारी किसी भी क्षेत्र से पानी की समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल परिवहन की व्यवस्था बनाएं। कलेक्टर ने सीएमओ निवास को वीडियो कॉफ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने के चलते नाराजगी जाहिर की एवं उनके निलंबन संबंधी प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

18 को मुख्यमंत्री किसान योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से होगा राशि का वितरण

कलेक्टर ने दिए निर्देश

 

मण्डला 15 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि 18 मई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सीएम किसान योजना के तहत चयनित किसानों को सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग को निर्देशित किया कि इस कार्यक्रम के लिए पंचायत, तहसील, ब्लॉक तथा अनुविभागीय स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी करें। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर भी सिंगल क्लिक कार्यक्रम आयोजित होगा। कलेक्टर ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि 18 मई को पंचायत स्तर पर सभी पटवारी हितग्राहियों को एकत्रित करते हुए उन्हें इस योजना की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसान को इस कार्यक्रम से जोड़े एवं लाभ दें। श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए समुचित इंतजाम करें। उन्होंने एसएलआर को निर्देशित किया कि जिला स्तर के कार्यक्रम के लिए समन्वय बनाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। इसी प्रकार सीएम योजना के हितग्राहियों का सत्यापन कार्य सुनिश्चित करें एवं उन्हें अधिक से अधिक लाभ दें। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण की गई जमीन को खाली कराकर उन्हें आबादी घोषित करें। उन्होंने कहा कि आबादी घोषित की गई भूमि का मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ देना भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना का कार्य जल्द पूरा करें। उन्होंने योजना से संबंधित ड्रोन सर्वे, प्रकाशन सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

विद्यार्थियों के लिए 17 से प्रारंभ होगा मूंग वितरण कार्यक्रम

 

मण्डला 15 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खाद्य आपूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि 17 मई को जिले की सभी पीडीएस दुकानों के माध्यम से उनके क्षेत्र के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मूंगदाल वितरण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने खाद्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों में मूंगदाल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मूंगदाल वितरण कार्यक्रम के लिए खाद्य अधिकारी, शिक्षा विभाग से समन्वय करें। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें। श्रीमती सिंह ने सभी जेएसओ को निर्देशित किया कि अपने शहर की दुकानों में कार्यक्रम के शुभारंभ संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने श्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि 16 मई को शासन स्तर से संबल योजना के तहत सिंगल क्लिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबल योजना से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को इस कार्यक्रम की सूचना दें तथा उन्हें आमंत्रित करें। कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद एवं पीएचई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में पेयजल की समस्या का प्रभावी रूप से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से संबंध बनाते हुए अपने क्षेत्र के ऐसे गांव की सूची बनाना सुनिश्चित करेंगे जिनमें पेयजल की उपलब्धता पर्याप्त है तथा जिनमें पेयजल परिवहन किया जा रहा है। इसके लिए परिवहन की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों से पेयजल संकट की जानकारी मिलने पर तत्काल परिवहन की व्यवस्था बनाएं। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को पेयजल परिवहन एव संकट पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का कार्य जल्द पूरा करें तथा लगातार जारी रखें। कलेक्टर ने सभी स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में नल-जल कनेक्शन तथा बिजली कनेक्शन से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी प्रत्येक आंगनवाड़ी एवं स्कूलों में केंद्रों में बिजली उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए दिव्यांगजन 30 तक कर सकते हैं आवेदन

 

मण्डला 15 मई 2022

प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ’मिशन दिव्यांग उत्कर्ष’ योजना अंतर्गत दिव्यांग युवक-युवतियों के लिए शासकीय आई.टी.आई. मंडला में व्यवसाय कंप्यूटर के अंतर्गत डाटा एन्ट्री ऑपरेटर व्यवसाय में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदाय किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए दसवी कक्षा उत्तीर्ण दिव्यांगजनों से 30 मई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। यह प्रशिक्षण 3 माह व 150 घंटे की अवधि का होगा। अधिक जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों में शासकीय आई.टी.आई मंडला से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जाँच एवं खतरे की पहचान करने 17 को शिविर

 

मण्डला 15 मई 2022

मुख्य चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 17 मई को गर्भवती महिलाओं के पंजीयन जांच एवं खतरे की पहचान के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि समाज एवं परिवार की गर्भवती महिलाओं की जांच अवश्य कराएं एवं जच्चा एवं शिशु को सुरक्षित करें तथा संस्था में सुरक्षित प्रसव करायें। मातृ मृत्युदर को कम करने के लिए जिले की प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीयन, स्वास्थ्य जांच, परीक्षण उपरातं खतरे वाली माताओं का चिन्हांकन करते हुए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव कराना आवश्यक है। आगामी 7 दिवस तक निंरतर घर-घर जाकर एएनएम आशा कार्यकर्ता नई गर्भवती महिलाओं का चिन्हाकन कर अनमोेल पोर्टल पर पंजीयन किया जायेगा। 17 मई 2022 को व्ही.एन.डी. सत्र दिवस में प्रत्येक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर व चिकित्सा अधिकारी के ़द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र एच.डब्लू.सी., प्रा. स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वा. केंद्र स्तर पर परीक्षण होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरूस्कार के लिए 30 तक जमा होंगी प्रविष्टियाँ

 

मण्डला 15 मई 2022

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये जिला स्तर पर 30 मई 2022 तक पृविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार अंतर्गत 1 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए एवं प्रोत्साहन पुरस्कार 15 हजार रूपए दिए जाएंगे।

जिले के उत्कृष्ट कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी द्वारा किया जायेगा। इस पुरूस्कार के लिए मध्यप्रदेश के निवास करने वाले शिल्पी ही पात्र होंगे। यह अनिवार्य है कि शिल्पी का पंजीयन एवं निवास अनुशंसा करने वाले जिले में ही हों एवं संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमि. या कपड़ा मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत हो। प्राप्त जानकारी अनुसार कलाकृतियां निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं शपथ-पत्र के साथ स्वीकार की जायेगी। शिल्पी द्वारा शिल्प निर्माण की विडियोग्राफी की सी.डी. भी संलग्न की जायेगी। पुरस्कार के लिये कृति के निर्माण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा न्यूनतम दो बार निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर मोबाईल नंबर 8959500194 में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

पेयजल संबंधी समस्या के शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

 

मंडला 15 मई 2022

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। उपयंत्री सुमनरानी मरावी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है जिनका मोबाईल नंबर 7470588230 है। यह कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे। कर्मचारी अवकाश दिवस में भी कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए 20 मई तक ऑनलाईन आवेदन

 

मण्डला 15 मई 2022

प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने बताया कि मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम अन्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से जिला मंडला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रियालि, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टैली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोईडरी, जरी जरदोसी विडियोग्राफी फोटोग्राफी मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन ऑनलाईन 20 मई 2022 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नंबर 8959500194 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

पशुओं को लू और तापघात से बचाने आवश्यक जानकारियाँ

 

मण्डला 15 मई 2022

पशुधन को भीषण गर्मी, लू एवं तापघात के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है। भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंधन एवं उपायों, जिनमें ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता हैं। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू से ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना पीना बन्द कर देता है। शुरू में पशु की श्वसन गति एवं नाड़ी गति तेज हो जाती है। कभी-कभी नाक से खून भी बहने लगता है। पशु पालक के समय पर ध्यान नहीं देने से पशु की श्वसन गति धीरे-धीरे कम होने लगती है एवं पशु चक्कर खाकर बेहोशी की दशा में ही मर जाता है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि वे पशु आवास हेतु पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। पशु आवास के अभाव में पशुओं को छायादार पेड़ों के नीचे बांधना चाहिए। पशु आवास में आवश्यकता पड़ने पर बोरी के टाट को गीला कर दें, जिससे ठंडक बनी रहेगी। पशु आवास गृह में आवश्यकता से अधिक पशुओं को नहीं बांधे तथा रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बांधे। गर्मी के मौसम में पशुओं को हरा चारा अधिक खिलाएं। पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर पशु का उपचार कराएं, जिससे पशुधन तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

लोक सेवा केन्द्रों से बनवाएँ जाति प्रमाण-पत्र

 

मण्डला 15 मई 2022

शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान अंतर्गत लोक सेवा केन्द्रों पर स्कूलों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की समय-सीमा 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र से शालाओं में नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र निःशुल्क बनाए जाने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडला और डिंडोरी जिले में डाक विभाग के ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 जून तक

 

मण्डला 15 मई 2022

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा पूरे भारत में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के कुल 38926 रिक्त पदों पर नियोजन हेतु ऑनलाइन चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। म.प्र. परिमंडल अंतर्गत मंडला डाक संभाग में कुल 598 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग में 295 शाखा डाकपाल एवं 303 सहायक शाखा डाकपाल एवं डाक सेवक के लिए सम्मिलित हैं। सामान्य वर्ग में- 269, अन्य पिछड़ा वर्ग- 57, अनुसूचित जाति वर्ग- 94, अनुसूचित जनजाति- 111, आर्थिक कमजोर वर्ग- 67 के लिए आरक्षित किया गया है। आवेदन भरने की तारीख 5 जून 2022 निर्धारित की गई है।

इन पदों पर आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन की आखिरी तारीख को 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में भारत सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जायेगी। साथ ही कोई भी आवेदक किसी एक ही संभाग के लिए आवेदन कर सकता है। हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। आवेदक को 10वीं में गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय के रूप में एक विषय अथवा वैकल्पिक विषय के रूप में अध्ययन किया जाना अनिवार्य है। आवेदक को कम से कम 60 दिवस का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक कंप्यूटर का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। यदि आवेदक ने किसी भी उच्च शिक्षा में कंप्यूटर को विषय के रूप में पढ़ा हो तो यह प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। एक आवेदक किसी भी एक संभाग में ही अपने वर्ग से सभी रिक्त पदों पर आवेदन कर सकता है। यदि आवेदक द्वारा एक अन्य संभाग में आवेदन किया जाता है तो आवेदक का आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। आवेदन के लिए 100 रूपए की शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलांग आवेदक को निर्धारित शुल्क में छूट रहेगी। शाखा डाकपाल के लिए वेतनमान 12 हजार रूपए एवं सहायक शाखा डाकपाल, डाक सेवक के पद हेतु 10 हजार रूपए एवं अन्य भत्ते समय-समय पर निर्धारण अनुसार देय होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय डाक विभाग की साईट https://indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लू एवं गर्मी से बचने जानकारियाँ

 

मंडला 15 मई 2022

संचालनालय द्वारा समय-समय पर मौसम के अनुसार बीमारियों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। इसी तारतम्य में लू के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अत्यधिक गर्मियों में लू की संभावना बढ़ जाती है, यह जानलेवा भी हो सकता है। आमजन से अपील की गई है कि लू से बचाव के लिए गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कॉटन के वस्त्र का प्रयोग करें। घर से बाहर भोजन करके एवं पानी पीकर ही निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढंक्कर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिऐं एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को सिखाएं कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आएं। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने दें व उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन तथा तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठण्डे मौसमी फलों का सेवन करें। गर्मी के दिनों में घर के अंदर तीव्र धूप को आने से रोकें।

 

क्या न करें

 

घर से बिना भोजन किए बाहर न निकलें। जहाँ तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें। बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में ना जायें। रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर की गतिविधियों में शामिल ना होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पाँव न चलें। चाय, कॉफी अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लक्षण

 

गर्म लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान से 240 सेल्सियस या 104 फेरेनाइट, मतली या उल्टी, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐठन। सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज होना। घबराहट होना, चक्कर आना बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर, कपड़े ढीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य व पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शरबत आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए यदि संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियों को रखकर पूरे शरीर को ढंक दें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएँ जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता है।

 

चिकित्सा संस्था की तैयारी

 

जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्मी शुरू होने से पहले गर्भवती महिला एवं सभी मरीज व उनके परिजनों के लिए छाव में बैठने की व्यवस्था अस्पताल द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश। लू से प्रभावित रोगियों के लिये विस्तार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। थर्मामीटर, ग्लूकोमर एवं स्ट्रिप, आइस पैक एवं बी.पी. मापने के उपकरण उपलब्धता सुनिश्चित करें। ई.सी.जी. उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। आवश्यक दवाईयों जैसे- ओ.आर.एस. के पैकेट, लोरजेपम एवं डायजपाम आदि की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कक्ष को ठंडा करने वाले उपकरण जैसे- पंखा, वाटर कूलर एवं ए.सी. आदि की पर्याप्त व्यवस्था करें। लू के रोगियों को रेफरल के लिए बर्फ पैक एवं ठंडे पानी के साथ एंबूलेंस में व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।

 

 

घुघरी में अतिक्रमण पर हुई कार्यवाही

 

मण्डला 15 मई 2022

शासन के आदेशानुसार शासकीय भूमि में किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को हटाए जाने का अभियान जारी है। इसी तारतम्य में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में तहसील घुघरी में सड़क मद की भूमि पर घर बनाकर किये गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाई की गई। घुघरी में सड़क मद की भूमि में 6 वर्ष पूर्व मकान बनाकर अवैध अतिक्रमण किया गया था जिसे न्यायालय तहसीलदार घुघरी द्वारा बेदखली का आदेश किया गया था जिसके विरुद्ध में अनावेदक द्वारा सिविल कोर्ट में स्टे की अपील की थी जिसे सिविल कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया एवं तहसीलदार घुघरी के आदेश को यथावत रखा गया। इसी आदेश के तहत भवन बनाकर दिए गए स्थाई अतिक्रमण को गुरुवार के दिन अनुविभागीय अधिकारी घुघरी, तहसीलदार घुघरी, राजस्व एवं पुलिस बल की उपस्थिति में हटाया गया। गौरतलब है की शासन के आदेशानुसार शासकीय भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कर उसी भूमि पर मुख्यमंत्री भू-आवासीय योजना के तहत गरीबों को भू-अधिकार पत्र प्रदाय किये जाने की शासन की योजना है जिसके तहत कलेक्टर के निर्देशन में शासकीय भूमि के अवैध कब्जे को चिन्हांकित कर हटाए जाने का अभियान जारी है। जो कोई शासकीय भूमि पर स्थाई या आस्थाई अतिक्रमण करता हुआ पाया जाता है तो उसे सख्ती से हटाया जायेगा। ये कार्यवाही विशेष रूप से आदतन अपराधी, भू-माफिया के विरुद्ध भी की जायेगी ताकि अवैध रूप से बनाये गए निर्माण को तोड़कर उनके आपराधिक मनोबल को गिराया जा सके ताकि भविष्य में अपराधियों का हौसला कम हो।

 

 

 

 

 

 

शहरी और ग्रामीण ऑटो में कराई जा रही कलर कोडिंग

4 मार्गों पर ऑटो रूट का निर्धारण

ऑटो व्यवस्थित संचालन के लिए पहल

 

मण्डला 15 मई 2022

शहर में ऑटो के व्यवस्थित संचालन एवं सुगम यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस और आरटीओ के द्वारा ऑटो चालकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। शहर में ऑटो की आवाजाही अधिक होने से आरटीओ और यातायात पुलिस के द्वारा ऑटो संचालन के लिए 4 रूट निर्धारित किए गए हैं। इसके अंतर्गत महाराजपुर, बड़ी खैरी पड़ाव, कटरा एवं पुरवा इन चार रूटों में अलग-अलग ऑटो का संचालन किया जाएगा। जिस हेतु ऑटो पर मार्किंग भी की जा रही है। इसी प्रकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में चलने वाले ऑटो पर अलग-अलग कलर कोडिंग की जा रही है जिसके अंतर्गत शहरी क्षेत्र में ब्लू कलर कोड के एवं ग्रामीण क्षेत्र में हरे कलर कोड निर्धारित किए गए हैं। उक्त कलर की पट्टियां ऑटो के दोनों ओर लगाई जा रही है। इसी प्रकार स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले ऑटो पीली पट्टी लगाएंगे। अधिकारियों के द्वारा ऑटो चालकों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। ऑटो संचालकों की बैठक में परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता थाना प्रभारी सुभाष बघेल, सूबेदार योगेश राजपूत एवं यातायात थाने का बल उपस्थित रहा।

 

Related posts

अपार आईडी एवं आभा आईडी तैयार कराने विशेष अभियान 16 अक्टूबर तक चलाया जाएगा अभियान

Reva India News

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी अभिनेता श्री मिथुन चक्रवर्ती को बधाई

Reva India News

Leave a Comment