कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए दिव्यांगजन 30 मई तक कर सकते हैं आवेदन
मण्डला 14 मई 2022
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ’मिशन दिव्यांग उत्कर्ष’ योजना अंतर्गत दिव्यांग युवक-युवतियों के लिए शासकीय आई.टी.आई. मंडला में व्यवसाय कंप्यूटर के अंतर्गत डाटा एन्ट्री ऑपरेटर व्यवसाय में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदाय किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए दसवी कक्षा उत्तीर्ण दिव्यांगजनों से 30 मई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। यह प्रशिक्षण 3 माह व 150 घंटे की अवधि का होगा। अधिक जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों में शासकीय आई.टी.आई मंडला से प्राप्त की जा सकती है।
गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जाँच एवं खतरे की पहचान के लिए 17 को शिविर
मण्डला 14 मई 2022
मुख्य चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 17 मई को गर्भवती महिलाओं के पंजीयन जांच एवं खतरे की पहचान के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि समाज एवं परिवार की गर्भवती महिलाओं की जांच अवश्य कराएं एवं जच्चा एवं शिशु को सुरक्षित करें तथा संस्था में सुरक्षित प्रसव करायें। मातृ मृत्युदर को कम करने के लिए जिले की प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीयन, स्वास्थ्य जांच, परीक्षण उपरातं खतरे वाली माताओं का चिन्हांकन करते हुए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव कराना आवश्यक है। आगामी 7 दिवस तक निंरतर घर-घर जाकर एएनएम आशा कार्यकर्ता नई गर्भवती महिलाओं का चिन्हाकन कर अनमोेल पार्टल पर पंजीयन किया जायेगा। 17 मई 2022 को व्ही.एन.डी. सत्र दिवस में प्रत्येक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर व चिकित्सा अधिकारी के ़द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र एच.डब्लू.सी., प्रा. स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वा. केंद्र स्तर पर परीक्षण होगा।
राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरूस्कार के लिए 30 मई तक जमा होंगी प्रविष्टियां
मण्डला 14 मई 2022
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये जिला स्तर पर 30 मई 2022 तक पृविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार अंतर्गत 1 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए एवं प्रोत्साहन पुरस्कार 15 हजार रूपए दिए जाएंगे।
जिले के उत्कृष्ट कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी द्वारा किया जायेगा। इस पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के निवास करने वाले शिल्पी ही पात्र होंगे। यह अनिवार्य है कि शिल्पी का पंजीयन एवं निवास अनुशंसा करने वाले जिले में ही हों एवं संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमि. या कपड़ा मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत हो। प्राप्त जानकारी अनुसार कलाकृतियां निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं शपथ-पत्र के साथ स्वीकार की जायेगी। शिल्पी द्वारा शिल्प निर्माण की विडियोग्राफी की सी.डी. भी संलग्न की जायेगी। पुरस्कार के लिये कृति के निर्माण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा न्यूनतम दो बार निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर मोबाईल नंबर 8959500194 में संपर्क किया जा सकता है।
पेयजल समस्या के शिकायत के लिए कंट्रोल रूम
मंडला 14 मई 2022
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। उपयंत्री सुमनरानी मरावी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है जिनका मोबाईल नंबर 7470588230 है। यह कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे। कर्मचारी अवकाश दिवस में भी कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।
स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए करें ऑनलाईन आवेदन 20 मई तक
मण्डला 14 मई 2022
प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने बताया कि मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम अन्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से जिला मंडला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रियालि, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोईडरी, जरी जरदोसी विडियोग्राफी फोटोग्राफी मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन ऑनलाईन 20 मई 2022 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx ग पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नंबर 8959500194 पर संपर्क कर सकते हैं।
पशुओं को लू और तापघात से बचाने जानकारियाँ
मण्डला 14 मई 2022
पशुधन को भीषण गर्मी, लू एवं तापघात के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है। भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंधन एवं उपायों, जिनमें ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता हैं। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू से ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना पीना बन्द कर देता है। शुरू में पशु की श्वसन गति एवं नाड़ी गति तेज हो जाती है। कभी-कभी नाक से खून भी बहने लगता है। पशु पालक के समय पर ध्यान नहीं देने से पशु की श्वसन गति धीरे-धीरे कम होने लगती है एवं पशु चक्कर खाकर बेहोशी की दशा में ही मर जाता है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि वे पशु आवास हेतु पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। पशु आवास के अभाव में पशुओं को छायादार पेड़ों के नीचे बांधना चाहिए। पशु आवास में आवश्यकता पड़ने पर बोरी के टाट को गीला कर दें, जिससे ठंडक बनी रहेगी। पशु आवास गृह में आवश्यकता से अधिक पशुओं को नहीं बांधे तथा रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बांधे। गर्मी के मौसम में पशुओं को हरा चारा अधिक खिलाएं। पशु मे बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर पशु का उपचार कराएं, जिससे पशुधन तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सकता है।
लोक सेवा केन्द्रों से बनवाएं जाति प्रमाण-पत्र
मण्डला 14 मई 2022
शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान अंतर्गत लोक सेवा केन्द्रों पर स्कूलों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की समय-सीमा 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र से शालाओं में नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र निःशुल्क बनाए जाने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि 30 जून 2022 तक बढ़ाई गई है। जाति प्रमाण पत्र प्रिंट आउट संकुल प्राचार्य को उपलब्ध कराने के लिए 20 मई तक किया जाएगा।
डाक विभाग के मंडला और डिंडोरी जिले में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के ऑनलाइन आवेदन 5 जून तक
मण्डला 14 मई 2022
अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा पूरे भारत में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के कुल 38926 रिक्त पदों पर नियोजन हेतु ऑनलाइन चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। म.प्र. परिमंडल अंतर्गत मंडला डाक संभाग में कुल 598 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग में 295 शाखा डाकपाल एवं 303 सहायक शाखा डाकपाल एवं डाक सेवक के लिए सम्मिलित हैं। सामान्य वर्ग में- 269, अन्य पिछड़ा वर्ग- 57, अनुसूचित जाति वर्ग- 94, अनुसूचित जनजाति- 111, आर्थिक कमजोर वर्ग- 67 के लिए आरक्षित किया गया है। आवेदन भरने की तारीख 5 जून 2022 निर्धारित की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन की आखिरी तारीख को 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में भारत सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जायेगी। साथ ही कोई भी आवेदक किसी एक ही संभाग के लिए आवेदन कर सकता है। हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। आवेदक को 10वीं में गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय के रूप में एक विषय अथवा वैकल्पिक विषय के रूप में अध्ययन किया जाना अनिवार्य है। आवेदक को कम से कम 60 दिवस का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक कंप्यूटर का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। यदि आवेदक ने किसी भी उच्च शिक्षा में कंप्यूटर को विषय के रूप में पढ़ा हो तो यह प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। एक आवेदक किसी भी एक संभाग में ही अपने वर्ग से सभी रिक्त पदों पर आवेदन कर सकता है। यदि आवेदक द्वारा एक अन्य संभाग में आवेदन किया जाता है तो आवेदक का आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। आवेदन के लिए 100 रूपए की शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलांग आवेदक को निर्धारित शुल्क में छूट रहेगी। शाखा डाकपाल के लिए वेतनमान 12 हजार रूपए एवं सहायक शाखा डाकपाल, डाक सेवक के पद हेतु 10 हजार रूपए एवं अन्य भत्ते समय-समय पर निर्धारण अनुसार देय होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय डाक विभाग की साईट https://indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
लू एवं गर्मी से बचने एडवाईजरी
मंडला 14 मई 2022
संचालनालय द्वारा समय-समय पर मौसम के अनुसार बीमारियों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। इसी तारतम्य में लू के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अत्यधिक गर्मियों में लू की संभावना बढ़ जाती है, यह जानलेवा भी हो सकता है। आमजन से अपील की गई है कि लू से बचाव के लिए गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कॉटन के वस्त्र का प्रयोग करें। घर से बाहर भोजन करके एवं पानी पीकर ही निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढंक्कर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिऐं एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को सिखाएं कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आएं। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने दें व उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन तथा तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठण्डे मौसमी फलों का सेवन करें। गर्मी के दिनों में घर के अंदर तीव्र धूप को आने से रोकें।
क्या न करें
घर से बिना भोजन किए बाहर न निकलें। जहाँ तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें। बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में ना जायें। रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर की गतिविधियों में शामिल ना होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पाँव न चलें। चाय, कॉफी अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।
लक्षण
गर्म लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान से 240 सेल्सियस या 104 फेरेनाइट, मतली या उल्टी, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐठन। सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज होना। घबराहट होना, चक्कर आना बेहोशी और हल्का सिरदर्द।
प्राथमिक उपचार
रोगी को तुरंत छायादार जगह पर, कपड़े ढीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य व पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शरबत आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए यदि संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियों को रखकर पूरे शरीर को ढंक दें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता है।
चिकित्सा संस्था की तैयारी
जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्मी शुरू होने से पहले गर्भवती महिला एवं सभी मरीज व उनके परिजनों के लिए छाव में बैठने की व्यवस्था अस्पताल द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश। लू से प्रभावित रोगियों के लिये विस्तार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। थर्मामीटर, ग्लूकोमर एवं स्ट्रिप, आइस पैक एवं बी.पी. मापने के उपकरण उपलब्धता सुनिश्चित करें। ई.सी.जी. उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। आवश्यक दवाईयों जैसे- ओ.आर.एस. के पैकेट, लोरजेपम एवं डायजपाम आदि की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कक्ष को ठंडा करने वाले उपकरण जैसे- पंखा, वाटर कूलर एवं ए.सी. आदि की पर्याप्त व्यवस्था करें। लू के रोगियों को रेफरल के लिए बर्फ पैक एवं ठंडे पानी के साथ एंबूलेंस में व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।
नेशनल लोक अदालत सम्पन्न
मण्डला 14 मई 2022
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन सम्पूर्ण देश में किया गया। इसी तारतम्य में जिला न्यायालय मंडला में भी नेशनल लोक अदालत का अयोजन किया गया जिसका शुभारंभ माननीय न्यायमूर्ति श्रीमती अंजुली पालो, म0प्र0 उच्च न्यायालय जबलपुर एवं पोर्टपोलियो न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया है।
माननीय न्यायमूर्ति श्रीमती अंजुली पालो ने अपने संबोधन में कहा कि लोक अदालत में दोनो ही पक्षों की जीत होती है। इसलिए लोक अदालत के द्वारा प्रकरणों के निराकरण होने पर दोनों ही पक्षों को खुशी मिलती है। उनके समय व धन की बचत होती है तथा मामले का पूर्ण रूप से निपटारा हो जाता है। इसलिए लोक अदालत का अधिक से अधिक प्रचलन होना चाहिए। जिला मण्डला में जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आर0एस0 शर्मा के निर्देशन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी0आर0 कुमरे के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व, पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत एवं बी0एस0एन0एल0 के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया।
जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डी0आर0 कुमरे ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित की गई है जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 17 खंडपीठों का गठन किया गया है। आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार की नेशनल लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में बैंक के 2064 प्रकरणों में से 90 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 1464121 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। बी0एस0एन0एल0 विभाग के 462 प्रकरणों में से 26 प्रकरण निराकृत हुये। विद्युत विभाग के397 प्रकरणों में से 72 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 368000 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई। नगरपालिका के 404 प्रकरणों में से 22 प्रकरण निराकृत हुये, जिसमें 77940 रूपये की वसूली राशि प्राप्त हुई।
न्यायालय के लंबित केसेस में समझौता योग्य आपराधिक प्रकरणों केे 84 प्रकरणों में से 24 निराकृत। धारा 138 एन0आई0एक्ट के 210 प्रकरणों में से 21 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 3940935 राशि का अवार्ड पारित किया गया, एम0ए0सी0टी0 के 272 प्रकरणों में से 70 प्रकरण निराकृत हुये जिसमें 15010000 राशि का अवार्ड पारित किया गया, एवं पारिवारिक विवाद के 82 प्रकरणों में से 34 प्रकरणों को निराकृत किया गया। अन्य सिविल प्रकृति के 110 प्रकरणों में से 20 प्रकरण निराकृत हुये। सभी समझौता योग्य प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह के आधार पर किया गया। इस प्रकार न्यायालय के पेंडिंग केसेस कुल 859 प्रकरणों में से 189 प्रकरण निराकृत किये गये तथा 19194734 रूपये राशि का धनादेश पारित किया गया। इस लोक अदालत से कुल 442 लोग लाभांवित हुये। इस नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जिला न्यायाधीश व सचिव श्री डी0आर0 कुमरे द्वारा सभी न्यायाधीशगणों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के प्रति आभार प्रकट किया गया।
गेहूँ उपार्जन की तिथि बढ़ी, अब 31 मई
मण्डला 14 मई 2022
मध्यप्रदेश शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2022-23 में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की समीक्षा की गई जिसमें अपर मुख्य सचिव कृषक कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, प्रमुख सचिव, सहकारिता, प्रमुख सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा भाग लिया गया। 14 मई 2022 तक ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत 19,81,506 किसानों में 5,36,179 किसानों द्वारा 41,57,986 मे.टन गेहूं का विक्रय किया गया है, जिसमें से 95 प्रतिशत परिवहन, 96 प्रतिशत तक स्वीकृति पत्र एवं 94 प्रतिशत मात्रा के वीएचआर जारी किये जा चुके हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए जबलपुर संभाग में 16 मई 2022 तक उपार्जन की अवधि निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा सभी जिलों को निर्देश दिये गये हैं कि समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने वाले कृषकों, उपार्जन मात्रा एवं वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गेहूं विक्रय से शेष रहे किसानों को अपनी उपज विक्रय करने का पर्याप्त अवसर दिये जाने के लिए पूरे प्रदेश में गेहूं उपार्जन की अवधि 31 मई 2022 तक बढ़ाई जाए। जिन किसानों द्वारा अभी तक अपना गेहूं समर्थन मूल्य पर विक्रय नहीं किया गया है, उनको अपने गेहूं विक्रय करने हेतु स्लॉट बुकिंग एक बार फिर करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे किसान स्लॉट बुक कर अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकेंगे।
