क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध रणनीति बनाएं – उमाकांत उमराव
प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास ने की आकांक्षी विकासखंडों में किए गए कार्यों की समीक्षा
मण्डला 28 मई 2022
आकांक्षी विकासखंडों में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री उमाकांत उमराव ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आकांक्षी विकासखंडों के संकेतकों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान स्थिति का आंकलन करें तथा लक्ष्य का निर्धारण करें। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध रणनीति निर्धारित करें। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास श्री उमराव ने कहा कि विकासखंडों को आकांक्षीय विकासखंड से बाहर निकालने के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। शासन की योजनाओं से समन्वय करते हुए रणनीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने इस संबंध में मैदानी टीम को प्रशिक्षित करने के भी निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ग्रामीण विकास ने कहा कि जिला स्तर के अधिकारी मैदानी अमले से समन्वय रखते हुए लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करें। जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्रों का सतत भ्रमण करते हुए कार्यों में गति लाएं। शासन की योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 7 दिवस में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा आकांक्षी विकासखंडों में किए गए कार्यों तथा जिला स्तर पर किए गए नवाचारों की जानकारी दी गई।

पर्यावरण को संरक्षित करने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करें
एपीसी श्री सतेन्द्र सिंह ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा
मण्डला 28 मई 2022
विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए एपीसी सतेन्द्र कुमार सिंह ने निर्देशित किया कि पर्यावरण को संरक्षित करने की दृष्टि से प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करें। इसमें लागत भी कम होती है। नर्मदा नदी के दोनों ओर 5 किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले किसानों का चिन्हांकन कर उन्हें प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करें। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष मंडला से प्रमुख सचिव सहकारिता केसी गुप्ता, कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री सतेन्द्र कुमार सिंह ने निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के संबंध में आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण रखें। पौधे जिला स्तर पर ही तैयार करें। रोपणी में पौधों के उत्पादन की समीक्षा करें। उन्होंने एकीकृत बागवानी विकास मिशन के लिए हितग्राहियों का चयन करने के भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समीक्षा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि किसानों को सिंचाई की ड्रिप पद्धति के लाभ बतलाते हुए उन्हें इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें। राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने मैत्री की स्थापना तथा प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पशुपालकों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। पशुधन बीमा का पात्रतानुसार लाभ दिलाएं। नस्ल सुधार के कार्यक्रमों में तकनीकि का उपयोग करें। एनएलएम के तहत कुक्कुट पालन, बकरी पालन, सूकर पालन आदि को बढ़ावा दें। चरी-चारा के लिए भी हितग्राहियों को प्रोत्साहित करें। युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करें। पशु कल्याण समिति का अंकेक्षण कराएं। दुग्ध सहकारी समितियां दुग्ध संकलन बढ़ाएं। उन्होंने पार्लर दूध एवं एजेंसियों की स्थिति के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। हितग्राहियों को केसीसी का लाभ दिलाएं। नरवाई जलाने वाले किसानों पर कड़ी कार्यवाही करें। इस संबंध में जिला स्तर पर प्रभावी रणनीति तैयार करें।
उपार्जन के समय ही ऋण वसूली करें
सहकारिता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव सहकारिता केसी गुप्ता ने निर्देशित किया कि शतप्रतिशत किसानों की पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करें। खरीदी के समय ही किसानों से ऋण की राशि वसूल करें। उन्होंने कहा कि खरीदी के समय जिन कर्मचारियों द्वारा किसानों के ऋण नहीं काटे गए हैं, उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। श्री गुप्ता ने अल्पावधि खरीफ फसल ऋण वितरण तथा रासायनिक खाद भंडारण के संबंध में भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
बैगा परिवारों में होगा कड़कनाथ का वितरण
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जानकारी दी कि पूर्व में बैगा परिवारों को कड़कनाथ वितरित किए गए थे जिसके सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हुए हैं। उन्होंने शेष बचे बैगा परिवारों में भी कड़कनाथ वितरण करने के लिए अतिरिक्त आवंटन की मांग की, जिस पर एपीसी श्री सिंह ने जिले के लिए एक हजार नग कड़कनाथ की स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि बैगा परिवारों को गौ-पालन से भी जोड़ें।
’एक जिला एक उत्पाद’ पर मंडला में हुआ सराहनीय कार्य
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की समीक्षा के दौरान एपीसी श्री सतेन्द्र सिंह ने ’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत मंडला जिले में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला किसानों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए उनका उत्साह बरकरार रखें। श्री सिंह ने कहा कि कोदो-कुटकी उत्पादन को महिला एवं बाल विकास विभाग से लिंकेज करें। संबंधित किसानों का एक्पोजर विजिट कराएं। एमपी एग्रो इन उत्पादों की मार्केटिंग पर ध्यान दे। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा कोदो-कुटकी के उत्पादन, संग्रहण प्रोसेसिंग यूनिट आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत
स्टेंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
मण्डला 28 मई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत स्टेडिंग कमेटी की बैठक जिला योजना भवन में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम, आदर्श आचरण संहिता तथा संपत्ति विरूपण अधिनियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कवर, समस्त एसडीएम, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि सहित संबंधित उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, वार्ड के क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। मंडला जिले में निर्वाचन की प्रक्रिया 3 चरणों मंे संपन्न होगी।

नाम-निर्देशन 6 जून की अपरान्ह 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की समीक्षा 7 जून को प्रातः 10:30 बजे से होगी। 10 जून को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापिस लिए जा सकेंगे। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 10 जून को अभ्यर्थिता से नाम वापसी के तुरंत बाद किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में मतदान की प्रक्रिया 3 चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत 25 जून शनिवार को बिछिया, मवई एवं नैनपुर विकासखंड में मतदान होगा। द्वितीय चरण के तहत 1 जुलाई शुक्रवार को घुघरी, मोहगांव तथा मंडला विकासखंड में मतदान किया जाएगा। इसी प्रकार तृतीय चरण के तहत 8 जुलाई शुक्रवार को नारायणगंज, निवास तथा बीजाडांडी विकासखंड में मतदान किया जाएगा। निर्वाचन का समय प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नियत किया गया है। मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी। श्रीमती सिंह ने बताया कि विकासखंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतों की गणना क्रमशः 28 जून, 4 जुलाई तथा 11 जुलाई को प्रातः 8 बजे से की जाएगी। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य पद की मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 14 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का विकासखंड स्तरीय सारणीकरण 14 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय पर सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 15 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे से की जाएगी। त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन हेतु मतदान 3 चरणों में संपन्न कराया जाएगा, किन्तु निर्वाचन की सूचना के प्रकाशन से लेकर अभ्यर्थिता से नाम वापिस लेने तक की समस्त कार्यवाही सभी विकासखंडों में एकसाथ संपादित की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी निर्वाचन मतपत्रों से होंगे। सभा एवं रैली का आयोजन तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए एसडीएम से अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। जिले में सभी के शस्त्र लायसेंस निलंबित करते हुए 2 जून तक शस्त्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला तथा अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
मण्डला 28 मई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार एवं घातक पदार्थों को न तो साथ लेकर चलेगा, और न उनका सार्वजनिक प्रदर्शन करेगा और न ही उनका सार्वजनिक रूप से प्रयोग करेगा। आगन्तुकों के स्वागत, उत्सव एवं समारोह में किये जाने वाले हवाई हर्ष फायर भी वर्जित रहेगें। वैध अनुज्ञप्तिधारी को छोड़कर कोई भी व्यक्ति न तो बारूद एवं पटाखों का संग्रहण करेगा न उनका निर्माण करेगा, न परिवहन करेगा और न ही उनका उपयोग करेंगा। कोई भी व्यक्ति सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना तथा पुलिस को पूर्व सूचना दिये बिना कोई जुलूस नही निकालेगा। कोई भी व्यक्ति सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति प्राप्त किये बिना तथा पुलिस को पूर्व सूचना दिये बिना किसी भी सार्वजनिक स्थान पर न तो किसी आमसभा का आयोजन करेगा और न ही इस हेतु टेन्ट, शामियाना इत्यादि ही लगायेगा। इसी प्रकार कोई भी व्यक्ति वैध अनुमति के बिना अस्त्र-शस्त्रों का परिवहन नहीं करेगा। सुरक्षा एवं चुनाव व्यवस्था आदि के लिये कर्तव्य पालन के समय लगे सुरक्षा बल, आर्द्धसैनिक बल, पुलिस बल, नगर सैनिक बल आदि पर तथा विशिष्ट व्यक्तियों, अधिकारियों एवं उम्मीदवारों की सुरक्षा हेतु लगाये पुलिस एवं अन्य शासकीय बल पर प्रभावशील नहीं होगा। सिक्ख धर्म के अनुयायिओं एवं विवाह समारोह के समय दूल्हे द्वारा धारण की गयी कटार पर प्रभावशील नही होगा। यह आदेश 15 जुलाई तक जिले के संबंधित क्षेत्रों में प्रभावशील रहेगा।

खण्ड एवं उपकेन्द्र स्तर के रिटर्निंग ऑफिसर व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पंचायत का प्रशिक्षण आज
मण्डला 28 मई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 की संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित कराए जाने के संबंध में जनपद पंचायतों के खंड स्तर एवं उपकेन्द्र स्तर के समस्त रिटर्निंग ऑफीसर्स एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण 29 मई को जिला योजना भवन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक मंडला, नैनपुर, घुघरी एवं मोहगांव तथा द्वितीय सत्र में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बिछिया, मवई, निवास, नारायणगंज एवं बीजाडांडी जनपद पंचायतों के खंड स्तर एवं उपकेन्द्र स्तर के समस्त रिटर्निंग ऑफीसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफीसर पंचायत सम्मिलित होंगे।
घुघरी में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर
मण्डला 28 मई 2022
म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं श्री आर.एस. शर्मा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार जिला न्यायाधीश व सचिव श्री डी.आर. कुमरे के द्वारा 28 मई 2022 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला के द्वारा सेंटर फॉर एडवांस रिसर्च डेवलपमेंट कार्ड संस्था घुघरी द्वारा माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सचिव श्री डी.आर. कुमरे ने महिलाओं के अधिकार हिंसा से पिड़ित महिलाओं को सहायता, विभिन्न जाति धर्म के सेक्सुअल ओरिएटेंशन या फिर किसी भी तरह की वैवाहिक स्थिति से प्रभावित 18 साल से कम उम्र की लड़कियों समेत सभी महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, बलात्कार, लैंगिंग हिंसा, ऐसिट अटैक, बाल यौवन शोषण, बाल विवाह, भ्रूण हत्या, मिडिएशन, गरीबी उन्मूलन स्कीम एवं आदिवासियों के अधिकार का संरक्षण एवं प्रवर्तन स्कीम 2015, महिला अधिकार जानकारी दी गई। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा 18 वर्ष से कम की लड़कियों और महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में डॉ. टी.आर झारिया, डॉ. रश्मि परस्ते, श्री हेमंत राहंगडाले जिला समन्वयक, श्री कृष्णा मिश्रा सेंटर मैनेजर कार्ड संस्था घुघरी, श्री पंकज चौरसिया और विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी श्री मनीष मिश्रा उपस्थित रहे।

माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन के संबंध में दी गई जानकारी
मण्डला 28 मई 2022
विकासखण्ड नैनपुर के आंगनवाडी केन्द्र निवारी में माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन दिवस आयोजित किया गया जिसमें राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के साथिया, किशोर, किशोरी, गर्भवती, धात्री माताएं, महिलाएं,पुरुष एवं आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, स्वच्छताग्राही को ड्राइंग पर माहवारी चक्र, रंगोली से मासिक धर्म कंगन के माध्यम से मासिक धर्म चक्र के संबंध में जानकारी दी गई। मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां एवं इससे संबंधित गलत धारणाएं, भ्रांतियां पर चर्चा करते हुए इन्हें दूर करने हेतु समुदाय को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर न्यू विजन सोसाइटी, यूनिसेफ से सुभाष बंसकार, आरकेएसके कार्ड संस्था से मास्टर ट्रेनर हेमकरन भावरे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कौरगांव में दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
मण्डला 28 मई 2022
समाज में व्याप्त बुराइयों से निजात पाने हेतु कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से रपटा घाट से शुभारम्भ किया गया जिसे स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से गाँव गाँव एवं नगर में जाकर जनचेतना अभियान चलाने की अपील की गई जिसके तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं महिष्मति एकलनारी अधिकार मंच समिति के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम कौरगांव द्वारा ग्रामवासियों को नशा मुक्ति हेतु शपथ दिलाई गई। साथ ही जल संरक्षण अभियान के तहत कौरगांव एवं भपसा के बीच बहने वाले नाले का गहरीकरण किया गया समिति के माध्यम से ग्राम पंचायत में नशा करने वाले लोगों की सूची बनाई जाएगी और नशा के दुष्परिणाम के बारे में बताया जाएगा।

