Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 14 जून 2022

घुघरी एवं मोहगांव क्षेत्र का कलेक्टर एवं एसपी ने किया दौरा

मतदान केन्द्रों एवं निर्वाचन की तैयारियाँ देखी

 

मण्डला 14 जून 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह तथा पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने मंगलवार को घुघरी एवं मोहगांव क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने दोनों क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की जा रही निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने घुघरी के कन्या स्कूल, एकलव्य परिसर तथा उत्कृष्ट विद्यालय में अलग-अलग बनाए जा रहे स्ट्राँग रूम, सामग्री वितरण स्थल तथा मतदानकर्मियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने स्ट्राँग रूम की व्यवस्थाएं, सुरक्षा व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार सामग्री वितरण स्थल में जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में भी चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि मतदानकर्मियों के लिए पुरूष एवं महिलाओं के अनुसार व्यवस्था बनाएं। उनके लिए पानी, भोजन, अस्थायी शौचालय तथा विश्राम के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करें। कलेक्टर एवं एसपी ने मोहगांव क्षेत्र के कन्या शिक्षा परिसर में भी निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में प्रशिक्षण, मतदानकर्मियों के रूकने, सामग्री वितरण तथा परिवहन से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए।

 

मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

 

कलेक्टर एवं एसपी ने घुघरी के स्थानीय एवं मोहगांव क्षेत्र के उरी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों में बिजली कनेक्शन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार केन्द्रों में साफ-सफाई, पीने के पानी तथा मतदाताओं के लिए जरूरी इंतजाम करने की बात भी कही। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यक जानकारी अंकित कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से स्थानीय क्षेत्र में कानून व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

 

 

 

 

मतदाता जागरूकता के लिए खेल गतिविधियाँ एवं दीपदान

 

मण्डला 14 जून 2022

त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन में मतदाता जागरूकता के लिए जनपद से लेकर पंचायत स्तर तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में नैनपुर जनपद के बरबसपुर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बरबसपुर में महिलाओं के लिए खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मतदान की शपथ भी ली गई। इसी प्रकार बीजाडांडी क्षेत्र के पापरीकला में नर्मदा नदी की पंचायतों में दीपदान का आयोजन कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया एवं मतदान शपथ ली गई।

 

 

 

 

प्राकृतिक खेती में लगने वाली सामग्री बनाने में जुटे कृषक

खरीफ सीजन के लिए प्राकृतिक रूप से निर्मित खाद एवं कीटनाशक दवाओं का किया जा रहा है निर्माण

 

मण्डला 14 जून 2022

जिले के समस्त विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में प्राकृतिक खेती पर आयोजित चौपाल एवं प्रशिक्षण के माध्यम से प्राकृतिक खेती के गुण सीख कर कृषकों ने अपने ग्रामों में आवश्यक सामाग्री जैसे- बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, ब्रम्हास्त्र, अग्नीआस्त्र, दशपर्णिअर्क, निमास्त्र बनाने की तैयारी प्रारंभ कर दी हैं। कृषक, विकासखण्ड नारायणगंज के ग्राम डुंगरिया, तरवानी, हर्राटिकुर, विकासखण्ड बिछिया के ग्राम गुबरी, विकासखण्ड बीजाडांडी के ग्राम बरगांव, भाटाडुंगरिया, विकासखण्ड मण्डला के ग्राम पीपरपानी, विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम भालीवाड़ाजर, विकासखण्ड मोहगांव के ग्राम सुनटिकरी, विकासखण्ड मवई के ग्राम मोहगांव, विकासखण्ड घुघरी के ग्राम पौंड़ी, विकासखण्ड निवास के ग्राम मोहपानी में कृषकों ने खरीफ सीजन में खेती की तैयारी के साथ-साथ प्राकृतिक खेती करने में जो आवश्यक सामाग्री कोे कृषकों द्वारा तैयार कर लिया गया है। उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, परियोजना संचालक आत्मा और एनआरएलएम का अमला एवं जिले में कार्यरत एन.जी.ओ. वाटरसेड आर्गनाइजेशन ट्रस्ट के द्वारा लगातार कृषकों को उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों से प्राकृतिक खेती के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ-साथ रसायनिक खाद एवं दवाओं के दुष्परिणाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। गांवों में खरीफ सीजन में प्राकृतिक रूप से निर्मित खाद एवं कीटनाशक दवाओं का निर्माण किया जा रहा है।

 

 

 

 

30 सितम्बर तक शत प्रतिशत भरा जाएगा थावर बांध

बांध के ऊपरी तथा निचले इलाकों के लिए सतर्कता सूचना जारी

 

मण्डला 14 जून 2022

कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग ने बताया कि वर्ष 2022-23 में थांवर बांध का जल स्तर 481.10 मी. तक 100 प्रतिशत भरा जाना है, जलाशय का जल भराव 30 जुलाई में 78 प्रतिशत, 10 अगस्त तक 83 प्रतिशत, 30 अगस्त तक 91 प्रतिशत, 15 सितम्बर तक 97 प्रतिशत तथा 30 सितम्बर तक 100 प्रतिशत रखना निर्धारित किया गया है। यदि जलाशय का भराव दर्शित अवधि से अधिक होता है तो वर्षाकाल में अतिरिक्त पानी को निकालने के लिए जलद्वार कभी भी खोले जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में नदी का जल स्तर भी अचानक बढ़ सकता है। थांवर जलाशय के ऊपरी तथा निचले सतह पर रहने वाले मण्डला जिले के ग्राम बीजेगांव, पोटिया, बिनौरी, पिण्डरई, चरी, टिकरिया, केवलारी, सुक्कम, चरगांव, बरबसपुर, कुरला छींदा, झुलपुर, खमरिया, कछारी, देवरी, पिण्डरई, पड़रिया, डोभी, कन्हरगांव, खिरसारू, भरवेली, धर्राची, नैनपुर और सिवनी जिले के किमाची, ग्वारी, छींदा सर्रई, तिंदुआ के समस्त ग्राम वासियों को सूचित किया जाता है कि वे अपनी अस्थाई एवं चल सम्पत्ति को 25 जून 2022 के पूर्व सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें, ताकि किसी प्रकार की जन-धन की हानि से बचा जा सके। साथ ही नदी में बाढ़ होने की स्थिति में नदी पार न करें अन्यथा किसी भी प्रकार की क्षति के लिए म.प्र.शासन जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नही होगा।

 

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय जैव विविधता पुरूस्कार के लिए 31 अक्टूबर तक प्रविष्टियां आमंत्रित

 

मण्डला 14 जून 2022

जिला पंचायत सीईओ से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 के लिए “राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरूस्कार’’ के लिए प्रवृष्टियां 31 अक्टूबर 2022 तक आमंत्रित की गई हैं। उल्लेखनीय है कि पुरूस्कार के इच्छुक व्यक्ति, अशासकीय संस्थान, जैवविविधता स्वामित्व रखने वाले शासकीय विभाग तथा स्थानीय निकायों पर गठित जैवविविध प्रबंधन समितियाँ निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जिले के कलेक्टर अथवा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वन मंडलाधिकारी व जिले के जैवविविधता से संबद्ध विभाग के जिलास्तरीय अधिकारी के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड को प्रेषित कर सकते हैं। पुरूस्कार से संबंधित दिशा-निर्देश एवं प्रपत्र बोर्ड की वेबसाईट www.mpsbb.nic.in पर उपलब्ध हैं।

 

 

 

 

 

 

 

आपदा प्रबंधन के लिए मॉकड्रिल आयोजित

 

मण्डला 14 जून 2022

13 जून को नगरपालिका परिसर में आपदा प्रबंधन के संबंध में मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल में नगरपालिका मंडला की टीम सहित कंपनी कमांडर श्री शालिवाहन पांडेय, प्लाटून कमांडर श्री हेमराज परस्ते एवं होमगार्ड तथा एसडीईआरएफ की संयुक्त टीम उपस्थित रही। श्री शालिवाहन पांडेय कम्पनी कमाण्डर के द्वारा आपदा प्रबंधन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई उसके बाद पीसी हेमराज परस्ते द्वारा बाढ़, भूकंप, सर्पदंश आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उपलब्ध समस्त आपदा राहत उपकरणों के बारे में जानकारी देते हुए उपकरणों का डेमो भी दिया गया। मॉकड्रिल में इंप्रोवाइज विधि से पानी की बोतल से बेल्ट बनाना, मूविंग और लिफ्टिंग पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। मॉकड्रिल में नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा फायर फाइटिंग का भी अभ्यास किया गया।

 

 

 

 

 

 

16 जून से मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित

 

मण्डला 14 जून 2022

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि वर्षाऋतु में मछलियों की वंशवृद्धि के दृष्टिकोण से उन्हें संरक्षण देने के लिए म.प्र. नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 के अंतर्गत 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को बंद ऋतु के रूप में अधिघोषित किया गया है। म.प्र. शासन मछली पालन विभाग के अनुसार छोटे तालाब या अन्य स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी व नाले से नही है और जिन्हें निर्दिष्ट जल की परिभाषा के अंतर्गत नहीं लाया गया है, को छोड़कर समस्त नदियों, जलाशयों में बंद ऋतु में मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही मत्स्य विक्रय या मत्स्य विनिमय अथवा परिवहन करना भी प्रतिबंधित हैं। इन नियमों के उल्लंघन पर म.प्र. राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम 1981 की धारा 5 के तहत उल्लंघनकर्ता को एक वर्ष का कारावास या 5 हजार रूपये तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित किये जाने का प्रावधान हैं। मत्स्य समितियों, मत्स्य समहों, निजी मत्स्यपालकों एवं जन साधारण को सूचित किया जाता है, कि वे 16 जून 2022 से 15 अगस्त 2022 तक किसी भी प्रकार का मत्स्याखेट, मत्स्य विनिमय, परिवहन न तो स्वयं करें, न ही इसमें किसी अन्य को सहयोग दें अन्यथा उल्लंघन करने पर उपरोक्त नियमों के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय आईटीआई मंडला में 17 जून को प्लेसमेंट ड्राईव

 

मण्डला 14 जून 2022

प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय आईटीआई मडला में प्रातः 10 बजे से मारुती सुजुकी कंपनी मानेसर मनवारा प्लेसमेंट डाइव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें केवल टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, ऑटोमोटिव तकनीशियन, पेंटर ट्रेड के ही आईटीआई उतीर्ण प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक http://cms.sunbrightgroup.com/ पर अपना रजिस्ट्रेशन करें एवं अभ्यर्थी 17 जून 2022 को अपने मूल दस्तावेज फोटो एवं रिज्यूम के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा लिखित एवं मौखिक परीक्षा द्वारा चयन किया जायेगा। इसमें केवल 18 वर्ष से 26 वर्ष तक के अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कंपनी में चयनित अभ्यर्थियों को सैलरी रु. 27890 एवं अन्य सुविधायें दिये जायेंगे। जॉब की अवधि सात माह के लिए होगी, जॉब लोकेशन मानेसर गुड़गाँव है। प्लेसमेंट ड्राइव में मॉस्क लगाकर आएं एवं कोविड गाईडलाइन्स का पालन करें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

मण्डला 14 जून 2021

जिले में इस वर्ष एक जून से 14 जून के दौरान 0.01 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 117.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 117.4 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जून को बिछिया में 0.1, नारायणगंज में 0.5 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 14 जून को 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Related posts

ईव्हीएम कमिशनिंग एवं मतदान का सामान्य प्रशिक्षण 24 दिसम्बर को

Reva India News

अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे दलिया फैक्ट्री के मजदूर जिला प्रशासन नहीं ले रहा सुध

Reva India News

मुख्यमंत्री बाल खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित बालगृह के बच्चों को मिला अपनी प्रतिभाओं के प्रदर्शन का अवसर

Reva India News

Leave a Comment