19 के पहले करें अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 13 जून 2022
योजना भवन में कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का नियमित रूप से निराकरण करें। 19 जून के पूर्व अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कर जिले की रैंकिंग बेहतर करें। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों से लम्बित शिकायतों की जानकारी मांगी। उन्होंने ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य, राजस्व एवं अन्य विभागों को अपने निराकरण प्रतिशत को बेहतर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बारिश के पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों, पुल-पुलियों की मरम्मत, बिजली सुधार एवं मैंन्टेनेन्स कार्य को अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने कहा कि संवदेनशील एवं खतरनाक स्थानों पर संकेतक एवं साईन बोर्ड लगाएं। बैठक में एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि पीडीएस वितरण के साथ-साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत राशन वितरण करें। उन्होंने कहा कि जून माह में चावल के वितरण के संबंध में स्थानीय पीडीएस दुकानों में जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने टीएचआर वितरण की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से फ्लैगमार्च करें तथा ऑन-द-स्पॉट बाऊँड ओवर की कार्यवाही करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिले के सभी शस्त्रधारी आगामी 48 घंटे में शस्त्र जमा करें अन्यथा शस्त्र लायसेंस निरस्त किए जाएंगे। कलेक्टर ने मत्स्य विभाग को बारिश के मद्देनजर बीज वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के पूर्व भवनों की स्थिति का आंकलन करें। उन्होंने पीएचई विभाग को सभी स्कूल, आंगनवाड़ियों एवं पंचायतों में पीने के पानी की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 16 जून से प्रारंभ हो रहे ’स्कूल चले अभियान’ पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी जिलाधिकारी 16 जून को मैदानी भ्रमण पर रहकर अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों से चर्चा करेंगे। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि स्कूलों को आकर्षक ढंग से सजाएं तथा अधिक से अधिक उपस्थिति के लिए प्लानिंग करें। उन्होंने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि हेंडपंप सुधार से संबंधित सीएम हेल्पलाईन को प्राथमिकता से निराकृत करें। जल-जीवन मिशन के कार्य की प्रगति जारी रखें। उन्होंने आंगनवाड़ी एवं स्कूलों में बिजली कनेक्शन की भी समीक्षा की। उन्होंने डीपीसी को निर्देशित किया कि मतदान केन्द्रों में बिजली उपलब्धता से संबंधित सर्टिफिकेट देंगे। कलेक्टर ने खाद-बीज की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद-बीज उपलब्ध कराएं, कालाबाजारी पर कार्यवाही करें। उन्होंने स्कूलों में मूंग वितरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की।
कलेक्टर ने बैठक में वृक्षारोपण, एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम, मतदान केन्द्रों की तैयारी, नियमित टीकाकरण, अमृत सरोवर योजना की प्रगति, कोविड टीकाकरण, योग दिवस, नवभारत साक्षरता अभियान तथा आदर्श आचरण संहिता के पालन के संबंध में चर्चा की एवं जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर का काम जल्द पूरा करें। इसी प्रकार कोविड वैक्सीनेशन के प्रीकोशन डोज के लिए पात्र अधिकारी, कर्मचारी तथा विद्यार्थी अपना टीका जरूर लगाएं। कलेक्टर ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पंचायत, जनपद तथा जिला स्तर पर आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम रपटा घाट पर आयोजित होगा। इसी प्रकार नर्मदा घाटों से जुड़ी पंचायतों में भी योग कार्यक्रम आयोजित करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी शासकीय, अधिकारी कर्मचारी आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करें। किसी भी विभाग के व्यक्तियों के रिश्तेदारों द्वारा पंचायत चुनाव लड़ने की जानकारी तत्काल कलेक्टर कार्यालय को दें।

द्वितीय रेंडमाईजेशन संपन्न
मण्डला 13 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में द्वितीय रेंडमाईजेशन की प्रक्रिया संपन्न हुई। एनआईसी कक्ष में संपन्न हुई इस प्रक्रिया में मतदानकर्मियों का रेंडमाईजेशन कर दल बनाया गया।

पोषण आहार संयत्र का उत्पादन बढ़ाएँ
कलेक्टर ने संयत्र के औचक निरीक्षण में दिए निर्देश
मण्डला 13 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रसैयादोना मंडला में स्थित पोषण आहार संयत्र केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संयत्र के संबंधित अधिकारियों से प्रति माहवार किए जाने वाले उत्पादन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मांग अनुरूप पोषण आहार का उत्पादन कर तत्काल परिवहन कराएं। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जून माह का पोषण आहार जुलाई माह के 10 तारीख तक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संयत्र में पोषण आहार तैयार करने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने उत्पादन बढ़ाने के लिए परिवहन एवं मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संयत्र की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी लेते हुए निर्धारित जिलों को लगातार पोषण आहार की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, डीपीसी, प्रभारी श्रम अधिकारी, एपीसी श्री वर्मा, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, तहसीलदार मंडला श्री चक्रवर्ती एवं संबंधित उपस्थित थे।

बर्राटोला स्कूल में साक्षर महिलाओं को किया प्रोत्साहित
मण्डला 13 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में जिले में निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने के लिए नवभारत साक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत माध्यमिक शालाओं में गांव के पढ़े-लिखे व्यक्तियों या महिलाओं द्वारा निरक्षर व्यक्तियों को अक्षरज्ञान दिया जाता है। इसी क्रम में बर्राटोला माध्यमिक शाला में कलेक्टर ने निरक्षर से साक्षर हुई महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं को अक्षरज्ञान सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अब अपना नाम लिखना सीखने के बाद बैंक के कार्यों में भी अपने हस्ताक्षर करें। इस दौरान उपस्थित सबसे बुजुर्ग महिला ने अपना नाम लिखकर भी दिखाया। कलेक्टर ने सभी महिलाओं को बैंकिंग कार्यों से भी परिचय प्राप्त करने की बात कही। उन्होंने अक्षरसाथियों से भी चर्चा करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे स्वेच्छिक ज्ञानदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने महिलाओं से कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन में अपने नजदीकि मतदान केन्द्र में मतदान अवश्य करें। साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

नर्सिंग कॉलेज में मतदाता जागरूकता और शपथ
मण्डला 13 जून 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिससे ज़िले में मतदान का प्रतिशत बढ़ सके। इसी तारतम्य में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में ग्राम धोरानाला में संचालित रावतपुरा सरकार मेडिकल नर्सिंग कॉलेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही नर्सों को जिला टीम की ओर से आर.के. क्षत्री और श्री श्याम के द्वारा पहले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की जानकारी दी गई। साथ ही निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की सभी सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
संयुक्त कलेक्टर श्री कर्ण परीक्षा प्रभारी नियुक्त
मण्डला 13 जून 2022
म.प्र. लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा राज्य सेवा एवं राज्य वनसेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021-22, 19 जून 2022 को जिला मुख्यालय मंडला में 2 सत्रों में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तथा अपरान्ह 2:15 से 4:15 तक जिला मुख्यालय के निर्धारित 18 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जा रही है। आयोग द्वारा आयोजित उक्त परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर पुष्पेन्द्र अहके को कार्यालयीन आदेश 19 अप्रैल 2022 द्वारा परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया था जिस आदेश को निरस्त करते हुए संयुक्त कलेक्टर व्हीके कर्ण को परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही उक्त परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्र उत्तर पुस्तिकाएं तथा अन्य गोपनीय सामग्री जिला कोषालय के डबल लॉक में जमा करने एवं प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है।
जून माह में पीडीएस से होगा चावल का वितरण
मण्डला 13 जून 2022
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के अंतर्गत जिले के अन्तर्गत संचालित समस्त 526 शासकीय उचित मूल्य दुकानों से संलग्न समस्त पात्र परिवार व सदस्य को माह जून 2022 में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का नियमित खाद्यान्न एवं पीएमजीकेएवाई का निःशुल्क खाद्यान्न में पात्रता अनुसार गेहूं-चावल के स्थान पर केवल चावल का वितरण किया जायेगा।
31 जुलाई तक चलाया जा रहा है हर घर दस्तक अभियान
मण्डला 13 जून 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 से छूटे एवं ड्यू नागरिकों को टीकाकरण पूर्ण करने के लिए भारत शासन के निर्देशानुसार 1 जून से 31 जुलाई तक हर घर दस्तक 2.0 अभियान चलाकर टीका लगाया जायेगा। अभियान के अंतर्गत हेल्थ केयर व फ्रंटलाइन वर्कर तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पात्र नागरिकों का प्रिकॉशन डोज एवं 12 से 17 वर्ष के ड्यू बालक व बालिकाओं को प्रथम एवं द्वितीय डोज लगाया जायेगा। आमजन से अपील की गई है कि कोविड-19 टीका के दोनों डोज एवं प्रिकॉशन डोज जरूर लगवाएं एवं अपने आस-पड़ोस के लोगों को टीका लगवाने हेतु प्रेरित करें। जिले में कोविड-19 महामारी का खतरा अभी टला नहीं है, पुनः कोरोना के 1, 2 केस प्रति दिन सामने आ रहे हैं। टीका के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। जिले में अभी तक कोविड-19 कुल टीकाकृत- प्रथम डोज- 18 वर्ष से अधिक- 725319, 15 से 17 वर्ष- 61857, 12 से 14 वर्ष – 31609, द्वितीय डोज- 18 वर्ष से अधिक- 719662, 15 से 17 वर्ष- 41790, 12 से 14 वर्ष – 6690, प्रिकॉशन डोज- 12660
3 कोरोना केस मिले
मण्डला 13 जून 2022
12 जून 2022 की शाम 3 बजे से 13 जून 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 3 नये कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राम्हेपुर निवासी 35 वर्षीय महिला, चर्राटोला निवासी 55 वर्षीय महिला एवं जिला जेल परिसर मंडला निवासी 26 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।
इन्द्री में रेत उत्खनन के लिए बना अवैध पुल तोड़ा गया
मण्डला 13 जून 2022
सहायक खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देशानुसार नायब तहसीलदार चिरईडोंगरी, सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक एवं पुलिस बल चौकी टाटरी द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम इन्द्री कन्हार नदी में रेत ठेकेदार द्वारा सीमेन्ट पाईप की सहायता से बनाए गये अस्थाई पुल का तोड़ दिया गया है। सहायक खनि अधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त क्षेत्र से रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन किये जाने की शिकायत प्राप्त होने पर रेत ठेकेदार एवं अवैध परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध पूर्व में कार्यवाही की जा चुकी है। मानसून अवधि में रेत का अवैध खनन न हो एवं अवैध रेत खनन के नियंत्रण हेतु उक्त पुल को संयुक्त दल द्वारा तोड़ दिया गया है।
प्रवेश परीक्षा के आवेदन 15 तक
मण्डला 13 जून 2022
म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल की योजनांतर्गत पंजीकृत पात्र निर्माण श्रमिकों के पुत्र व पुत्रियों का उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराये जाने हेतु श्रमोदय आवासीय विद्यालय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर एवं जबलपुर में कक्षा 6वी की समस्त सीटों तथा कक्षा 7वीं, 8वी एवं 9वी की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2022 का आयोजन किया जाना है।
प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन-पत्र श्रमोदय पोर्टल www.shramodayvidyalay.mp.gov.in पर उपलब्ध है। प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु अभ्यर्थियों द्वारा 15 जून 2022 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 2022 की विवरणिका एवं विद्यालयों में रिक्त सीटों की जानकारी श्रमोदय पोर्टल पर उपलब्ध है।
जिलेवासी कोविड गाईडलाईन का पालन करें – कलेक्टर
मण्डला 13 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए कोविड गाईडलाईन का पालन करने में शासन-प्रशासन का सहयोग करें। धार्मिक आयोजन, शादियों, सामाजिक कार्यक्रमों में जाने से बचें, भीड़-भाड़ से दूर रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, बार-बार साबुन से हाथ धोएं, मॉस्क लगाएं तथा कोविड-19 के टीके के दोनों डोज के साथ-साथ समयावधि पूरा होने पर प्रीकॉशन डोज भी लगवायें। यदि कोई संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आते हैं या सर्दी, खाँसी, बुखार के लक्षण दिखाई देते हैं तो कोरोना की जाँच जरूर कराएं। साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें।
