कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया का लिया जायजा
मण्डला 26 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने प्रथम चरण के अंतर्गत 25 जून को मंडला जिले की तीन जनपद मवई, बिछिया और नैनपुर क्षेत्र के मतदान का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतदान कर्मियों से मतदाता की जानकारी, उपस्थित स्टॉफ एवं अन्य आवश्यक जानकारी ली। कलेक्टर ने मतदान अधिकारियों से कहा कि समस्त मतदान प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संपादित करें। उन्होंने बिछिया और नैनपुर जनपद के अंतर्गत जहरमऊ, इंद्री, टाटरी, कामता, मोचा, कुटवाही, घटिया आरोली, बोकर, चौरंगा, खटोला, औराई, सिझोरा, माँझीपुर एवं अंजनिया के मतदान केंद्रों में किए जा रहे मतदान कार्यों को देखा। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। साथ ही स्थानीय क्षेत्र में कानून व्यवस्था के बारे में जाना।
सामग्री वापसी को सुलभ बनायें
कलेक्टर ने मवई में निर्देशित किया कि मतदान दलों की वापसी के दौरान सामग्री वितरण की व्यवस्था को सुलभ बनाएं। उन्होंने आरईएस मनोज धुर्वे को निर्देशित किया कि सामग्री वापसी के लिए समुचित व्यवस्था बनाएं। सामग्री वापसी में किसी मतदान दल को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रथम चरण के तीनों जनपदों में मतदान हुआ शांतिपूर्ण सम्पन्न
मण्डला 26 जून 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत 25 जून को प्रथम चरण में मवई, बिछिया तथा नैनपुर में मतदान हुआ। तीनों जनपदों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिछिया के सभी 222 मतदान केन्द्रों में 45754 पुरूष तथा 46007 महिला मतदाताओं के साथ कुल 91761 व्यक्तियों ने मतदान किया। इस प्रकार बिछिया जनपद में कुल 79.68 प्रतिशत मतदान हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनपुर के सभी 192 मतदान केन्द्रों में 42652 पुरूष तथा 42000 महिला मतदाताओं के साथ कुल 84652 व्यक्तियों ने मतदान किया। इस प्रकार नैनपुर जनपद में कुल 81.47 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार मवई के सभी 154 मतदान केन्द्रों में 28787 पुरूष तथा 29518 महिला मतदाताओं के साथ कुल 58305 व्यक्तियों ने मतदान किया। इस प्रकार मवई जनपद में कुल 78.14 प्रतिशत मतदान हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण के अंतर्गत बिछिया, नैनपुर तथा मवई में 25 जून को मतदान शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने में सहयोग के लिए संबंधित क्षेत्र की जनता एवं मतदाताओं, मतदान कर्मियों के प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने आभार व्यक्त किया है।
निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही पर अध्यापक निलंबित
मण्डला 26 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने रिर्टनिंग ऑफीसर बिछिया के 25 जून 2022 के प्रतिवेदन के अनुसार श्री पुष्पेन्द्र सिंह सिंगौर अध्यापक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिरईडोंगरी को मतदान क्रमांक 211 शासकीय हाईस्कूल राजोमाल में निर्वाचन की तैयारियों में बाधा उत्पन्न करने एवं कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि में पुष्पेन्द्र सिंह सिंगौर अध्यापक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिरईडोंगरी का मुख्यालय कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) नैनपुर नियत किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 26 जून 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 26 जून के दौरान 98.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 232.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 134.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जून को मंडला में 21.4 मि.मी., बिछिया में 5.8 मि.मी., निवास में 1.0 मि.मी., घुघरी में 8.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 26 जून को 6.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 26 जून 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 25 जून की शाम 3 बजे से 26 जून की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।
1 कोरोना केस मिला
मण्डला 26 जून 2022
25 जून 2022 की शाम 3 बजे से 26 जून 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयचंद मंडला निवासी 50 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।
बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी
मण्डला 26 जून 2022
बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जारी एडवाईजरी के अंतर्गत कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभवना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाइड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।
बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीयें, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोयें, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।
बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अण्डें पनपते हैं।
मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हडडी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गडडों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।
मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। .सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।
