Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 7 जुलाई 2022

निवास क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का हुआ निरीक्षण

कलेक्टर एवं एसपी ने लिया निर्वाचन की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत गुरुवार को निवास क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने निवास क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर 8 जुलाई को होने वाले मतदान की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। कलेक्टर ने मनेरी, चौदस, बबलिया, तौरा, आदर्श मतदान केंद्र अमदरा तथा ताकबेली मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान दलों के लिए व्यवस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्रीमति सिंह ने मतदान केंद्रों में 8 जुलाई के निर्वाचन को संपन्न कराने पहुंचे मतदानकर्मियों से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

चौदस में ग्रामीणों से हुई चर्चा

 

कलेक्टर ने चौदस में मतदान केंद्रों के निरीक्षण के पश्चात उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से गांव की समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमति सिंह ने उपस्थित मतदाताओं से कहा कि 8 जुलाई को अपने नजदीकी मतदाता केंद्रों में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

निवास उत्कृष्ट विद्यालय में देखी गई सामग्री वितरण की व्यवस्था

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निवास क्षेत्र के भ्रमण के दौरान शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय निवास में सामग्री वितरण, मूल आदेश वितरण तथा परिवहन की व्यवस्थाओं के संबंध में निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम प्रियंका वर्मा एवं पुष्पेंद्र अहके से मतदानकर्मियों की रवानगी, परिवहन व्यवस्था, मूल आदेश वितरण तथा सामग्री वितरण के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय से कार्य करें तथा निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

 

 

 

 

 

 

तृतीय चरण के तहत निवास, नारायणगंज एवं बीजाडांडी में आज होगा मतदान

मतदान समय प्रातः 7 से दोपहर 3 बजे तक

तीनों जनपदों के कुल 320 मतदान केन्द्रों में होगा मतदान

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत तृतीय चरण में होने वाले निर्वाचन में जिले की तीन जनपद निवास, नारायणगंज एवं बीजाडांडी शामिल हैं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा तीनों जनपदों में मतदान, मतगणना, सारणीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने 6 तथा 7 जुलाई को तीनों जनपदों का दौरा कर त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा मतदान दलों के रूकने, सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था आदि के संबंध में निर्धारित स्थलों में व्यवस्था की गई है। महिला मतदानकर्मियों के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार तृतीय चरण के अंतर्गत 8 जुलाई को निवास जनपद के 10 जनपद पंचायत, 35 ग्राम पंचायत, 534 पंच पदों के लिए 93 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। निवास जनपद में 23598 पुरूष मतदाता, 24093 महिला मतदाता तथा 1 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 47692 मतदाता हैं। नारायणगंज जनपद के अंतर्गत 14 जनपद पंचायत, 50 ग्राम पंचायत, 715 पंच पदों के लिए 124 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। नारायणगंज जनपद में 31864 पुरूष मतदाता, 33158 महिला मतदाता के साथ कुल 65022 मतदाता हैं। इसी प्रकार बीजाडांडी जनपद के अंतर्गत 12 जनपद पंचायत, 42 ग्राम पंचायत, 617 पंच पदों के लिए 103 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। बीजाडांडी जनपद में 28628 पुरूष मतदाता, 29560 महिला मतदाता तथा 3 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 58191 मतदाता हैं।

 

अपने मताधिकार प्रयोग अवश्य करें, कलेक्टर ने की अपील

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के तारतम्य में जिले के मतदाताओं से अपील की है कि पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण में 8 जुलाई 2022 को 3 विकासखंडों निवास, नारायणगंज तथा बीजाडांडी में निर्वाचन संपादित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि 8 जुलाई को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच में किया जाएगा। सभी मतदाता अपने नजदीकि मतदान केन्द्र में जाकर अपना वोट अवश्य डालें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह के तहत

मॉडल स्कूल भुआ-बिछिया में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला न्‍यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला आर.एस. शर्मा के आदेशानुसार, जिला न्यायाधीश, सचिव डी0आर0 कुमरे के द्वारा बाल संवर्धन एवं संरक्षण सप्ताह के तहत मॉडल स्कूल भुआ-बिछिया में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश, सचिव डी0आर0 कुमरे, न्यायिक मजिस्टेªट श्वेता परते एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय कुमार खोब्रागड़े सहित स्कूल के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

उक्त शिविर में श्रीमान कुमरे से उपस्थित छात्र-छात्राओं से चर्चा करते हुए बच्चों को बाल संवर्धन एवं संरक्षण का मतलब बताया एवं छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के महत्व को समझाते हुये कहा कि पढ़ाई हमारे व्यक्तित्व को निखारने के लिये बहुत आवश्यक हथियार है। हम बच्चों को स्वयं के साथ-साथ जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं, उन्हें भी स्कूल जाने के लिये प्रेरित करना है, ताकि हमारे देश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहें और देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित रहे। उपस्थित न्यायिक मजि0 श्वेता ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया कि वे अपनी पढ़ाई में आने वाली परेशानियों से घबराये बिना आगे पढ़े और देश और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा बच्चों को बालकों के संरक्षण अधिनियम के संबंध में कानूनी जानकारी दी गई, ताकि बच्चे जागरूक हो सके और देश में हो रही घटनाओं से बच सके। इस प्रकार उपस्थित को कानून एवं व्यवहारिक जीवन की जानकारियां दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

अमानक उर्वरक का क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन प्रतिबंधित

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            पंजीयक एवं उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास ने उर्वरक आदेश 1985 की धारा 26 के तहत् प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाये गये उर्वरक के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है। म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित भंडार निवास के केन्द्र से प्राप्त उर्वरक नमूने के विश्लेषण के पश्चात अमानक पाया है। यह उर्वरक नेशनल फर्टीलाईजर लिमिटेड नोएडा द्वारा निर्मित है जिसका बैच, लॉट नंबर उर्वरक डीएपी-4111/8 है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

5 वर्षीय बालक मिला कोरोना पॉजीटिव

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            6 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 7 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बहेलिया टोला महाराजपुर निवासी 5 वर्षीय बालक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कक्षा छटवी में प्रवेश के लिए आवेदन 10 जुलाई तक

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार की 2 रिक्त सीटों में अनुसूचित जनजाति संवर्ग की पात्र छात्राओं को प्रवेश दिया जाना है। जानकारी के अनुसार कक्षा छटवी में एसटी संवर्ग की दिव्यांग छात्रा के लिए 1 तथा कोविड महामारी में अनाथ हुई छात्रा के लिए एक रिक्त सीट है। इच्छुक छात्राएँ अपने समस्त प्रमाण पत्रों की छायाप्रति सहित 10 जुलाई 2022 को सायं 3 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

8 जुलाई को संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदान के अंतिम चरण में 8 जुलाई 2022 (शुक्रवार) को जिले के संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार उक्त दिनांक को केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिये परकाम्य लिखित अधिनियम (नेगोशिएबल इन्ट्रूमेंट एक्ट) 1881 (1881 क क्रमांक 26) की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। इसी प्रकार 8 जुलाई 2022 को विकासखण्ड नारायणगंज, बीजाडांडी निवास में चरणवार निर्वाचन के लिए निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत स्थापित दुकानों, फैक्ट्रियों, ऑफिसों आदि में नियोजित कर्मचारियों को 8 जुलाई 2022 का सार्वजनिक अवकाश स्वीकृत किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदान समाप्ति के नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3(ए) रिसॉर्टबार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 को दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 7 जुलाई के दौरान 245.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 268.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 23.5 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जुलाई को मंडला में 9.2 मि.मी., नैनपुर में 8.2 मि.मी., बिछिया में 41.6 मि.मी., निवास में 21.2, घुघरी में 41.1 मि.मी., नारायणगंज में 4.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 7 जुलाई को 20.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

पंचायत निर्वाचन में मीडिया के प्रवेश एवं कव्हरेज के लिए दिशा-निर्देश

 

मण्डला 7 जुलाई 2022

            राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान केन्द्र, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा के समय निर्धारित स्थलों में प्रवेश एवं कव्हरेज संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा मतदान केन्द्र के बाहर कतार में खड़े मतदाताओं के फोटो लिए जा सकते हैं, किन्तु उनके द्वारा मतदान केन्द्र के अंदर, मतांकन करते हुए किसी भी मतदाता का फोटो नहीं लिया जाना चाहिए। प्रवेश पासधारी मीडिया प्रतिनिधि मतदान कक्ष के निकट (जहाँ मतदाता, मतपत्र पर निशान लगाता है) न जाएँ।

इसी प्रकार मतगणना केन्द्रों, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए निर्धारित स्थलों पर आने-जाने की व्यवस्था, संबंधित पासधारी संवाददाता व मीडिया प्रतिनिधि को स्वयं ही करनी होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

 

Related posts

प्रदेश के 19 जिलों में ट्रायबल मल्टी-पर्पज मार्केटिंग सेंटर्स की स्थापना के लिये प्रस्ताव भेजा

Reva India News

ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये कंट्रोल रूम स्थापित  

Reva India News

मानव अधिकार, न्यायालयीन और समाधान ऑनलाईन के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा कलेक्टर श्री मिश्रा ने समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की

Reva India News

Leave a Comment