नारायणगंज क्षेत्र के पाठा, चुटका तथा मानेगाँव मतदान केंद्रों का निरीक्षण
मतदानकर्मियों के लिए व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश
मण्डला 6 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के अंतर्गत तृतीय चरण में शामिल नारायणगंज क्षेत्र के पाठा, चुटका तथा मानेगांव में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों में बिजली की अनिवार्यतः व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी प्रकार रात्रि के दौरान मतदान केंद्र में कर्मियों के ठहरने के स्थान पर पर्याप्त बिजली, साफ-सफाई, अच्छा भोजन तथा विश्राम के लिए सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण रूप से सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान मैदानी अमले से संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं एवं गांव की जनसंख्या के संबंध में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था के बारे में संबंधित से पूछा।
कलेक्टर एवं एसपी ने नारायणगंज देखी सामग्री वितरण की व्यवस्था
मण्डला 6 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह तथा पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत बुधवार के दिन नारायणगंज क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने मतदान केंद्रों के भ्रमण के दौरान नारायणगंज कन्या स्कूल में सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम सुलेखा उईके से सामग्री वितरण, मूल आदेश वितरण तथा मतदान के लिए अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर मतदानकर्मियों के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं के साथ-साथ महिलाकर्मियों के लिए अलग से व्यवस्थित इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी से नारायणगंज क्षेत्र में परिवहन के लिए वाहनों की उपलब्धता एवं अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
मतदानदलों के अंतिम प्रशिक्षण में दिए निर्देश
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज में मतदान दलों के लिए आयोजित किए गए अंतिम प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सभी मतदानकर्मी मतदान संबंधी दिशा-निर्देशों को गहनता से समझें तथा समस्त निर्वाचन प्रक्रिया का बारीकी से अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि मतदान, मतगणना तथा अन्य जरूरी प्रक्रिया समय से पूर्ण करें। उन्होंने मतदानकर्मियों को बारिश के मद्देनजर अपने पास व्यक्तिगत रूप से जरूरी सामग्री रखने के भी निर्देश दिए।
सामग्री वापसी के लिए पटवारियों का प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 6 जुलाई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के तृतीय चरण के तहत 8 जुलाई को बीजाडांडी, नारायणगंज एवं निवास विकासखंड में मतदान किया जाना है। मतदान उपरांत मतदान दलों द्वारा सामग्री वापसी के दौरान पीठासीन अधिकारियों की सहायता के लिए पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उक्त कार्य के लिए नियुक्त पटवारियों का प्रशिक्षण जिला योजना भवन में आयोजित किया गया जिसमें जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर भुवनेश्वर टेम्भरे द्वारा मतदान सामग्री वापसी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
20 किलो अमानक कटोरी, प्लेट्स एवं सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त
मण्डला 6 जुलाई 2022
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन एवं भंडारण परिवहन क्रय विक्रय एवं उपयोग 1 जुलाई 2022 से प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर मंडला के निर्देश के परिपालन में चौपाटी एवं पड़ाव में स्थित दुकानों में नगर पालिका परिषद मंडला के द्वारा गठित टीम के द्वारा औचक निरीक्षण कर अमानक कटोरी, प्लेटस एवं सिंगल यूज प्लास्टिक लगभग 20 किलो जब्ती कार्यवाही की गई। साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे- प्लास्टिक बड्स, ईयर बड, गुब्बारों की डंडी, कैण्डी, आईसक्रीम की डंडी, कटलरी आईटम, प्लेटस, कप्स, ग्लास, कांटे, चम्मच, चाकू, टेª, पैकेजिंग, मिठाई डब्बा, शादी कार्ड, सिगरेट पैकेट, अतिरिक्त आईटम 100 माईक्रोन से कम के फ्लैक्स बैनर, थर्माकोल के सजावटी आईटम का उपयोग न करने की समझाईश दी गई। साथ ही प्रतीकात्मक चालानी कार्यवाही की गई जिसमें 1700 रूपये की चालान काटे गये।
कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में 12 जुलाई तक जमा होंगे अतिथि शिक्षकों के आवेदन
मण्डला 6 जुलाई 2022
कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मंडला में 2022-23 सत्र के पैनल तैयार करने के लिए अतिथि शिक्षकों की आवश्यकता है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने अभिलेखों सहित अपने आवेदन 12 जुलाई 2022 सायं 4 बजे तक जमा कर सकते हैं। पैनल मेरिट आधार पर किया जाएगा। अतिथि शिक्षक वर्ग-1 में भौतिकी, इतिहास, शरीरिक शिक्षा के लिए योग्यता स्नातकोत्तर की डिग्री, बीएड एवं प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर डिग्री, अतिथि शिक्षक वर्ग-2 में गणित, अंग्रेजी के लिए योग्यता प्रथम श्रेणी से स्नातक डिग्री एवं बीएड व डीएड तथा अतिथि शिक्षक वर्ग-3 में पुस्तकालय सहायक के लिए योग्यता बीएलआईबी डिग्री एवं कम्प्यूटर में डीसीए व पीजीडीसीए अनिवार्य हैं। विस्तृत जानकारी प्राचार्य कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार से प्राप्त की जा सकती है।
8 जुलाई को संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित
मण्डला 6 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदान के अंतिम चरण में 8 जुलाई 2022 (शुक्रवार) को जिले के संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार उक्त दिनांक को केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिये परकाम्य लिखित अधिनियम (नेगोशिएबल इन्ट्रूमेंट एक्ट) 1881 (1881 क क्रमांक 26) की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। इसी प्रकार 8 जुलाई 2022 को विकासखण्ड नारायणगंज, बीजाडांडी निवास में चरणवार निर्वाचन के लिए निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत स्थापित दुकानों, फैक्ट्रियों, ऑफिसों आदि में नियोजित कर्मचारियों को 8 जुलाई 2022 का सार्वजनिक अवकाश स्वीकृत किया गया है।
मतदान समाप्ति के नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित
मण्डला 6 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3(ए) रिसॉर्टबार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 को दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।
जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 6 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 6 जुलाई के दौरान 224.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 18.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 206 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई को मंडला में 8.6 मि.मी., नैनपुर में 5.5 मि.मी., बिछिया में 11.2 मि.मी., घुघरी में 1.0 मि.मी., नारायणगंज में 0.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 6 जुलाई को 4.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
बाल संरक्षण सप्ताह के तहत विधिक साक्षरता शिविर
मण्डला 6 जुलाई 2022
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला आरएस शर्मा के आदेशानुसार जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डीआर कुमरे के द्वारा 6 जुलाई 2022 को बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत सेवा भारती आश्रम ग्राम पंचायत देवदरा जिला मण्डला में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश सचिव श्री डी.आर. कुमरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े, श्री विनित चौरसिया एवं ग्रामीणजन उपस्थिति रही। श्री कुमरे के द्वारा स्कूल के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का अधिकार है। हम सबको मिलकर शिक्षा के लिए प्रयास करना होगा। हमें ऐसे बालकों को स्कूल से जोड़ना है, जिन्होने स्कूल छोड़ दिया हो, हम सबके प्रयास से शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा जोड़ना है और लोगों को शिक्षा का महत्व बतलाना है। शाला त्यागी बालकों की प्रमुख समस्याओं का पता लगाकर उनकी समस्या का समाधान कर उन्हे शाला में प्रवेश दिलवाने के लिए प्रयास करें जिससे एक अच्छे समाज का निर्माण हो सके। प्रत्येक बालकों को शिक्षा का अधिकार है यदि वह आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह शाला नही जा रहा हो तो उसे शासन की योजना के बारे बतलायें जिससे वह अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सके। साथ ही विधिक सहायता अधिकारी ने बालकों के लिए मैत्रीपूर्ण व्यवहार, विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में जानकारी दी।
