Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

*रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 11 जुलाई 2022*

सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान प्रकरणों का निराकरण करें – हर्षिका  सिंह

कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में टीएल बैठक ली। बैठक में उन्होने सीएम हेल्पलाईन की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 19 तारीख को प्रदेशवार रैंकिंग जारी होगी। सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन की रैंकिंग को बेहतर करने नियमित रूप से शिकायतों का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को समाधान कार्यक्रम आयोजित है। संबंधित विभाग समाधान प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन गतिविधियों के पश्चात अब सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान प्रकरणों का सतत रूप से निराकरण सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने जिले में संचालित साक्षरता सर्वे की समीक्षा करते हुए कहा कि 20 जुलाई तक साक्षरता सर्वे की रिपोर्ट दें। उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग का मैदानी अमला साक्षरता सर्वे के लिए घर-घर पहुंचेगा, ऐसे में सभी अपनी निर्धारित जानकारी प्रदान करें तथा मैदानी अमले का सहयोग करें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में भी साक्षरता सर्वे को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक जिले में शतप्रतिशत साक्षरता सर्वे का लक्ष्य रखा गया है।

श्रीमती सिंह ने बैठक में जल-जीवन मिशन के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को पीने का साफ-सुथरा पानी उपलब्ध हो। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के अधिकारियों को बारिश के दौरान नालियों की साफ-सफाई, सड़क एवं जल स्त्रोतों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए इसके लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त की गई भूमि को वृक्षारोपण के लिए हस्तांतरित करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को प्रभावी वृक्षारोपण के लिए प्लान बनाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि पात्र को शौचालय का लाभ दें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से राजस्व न्यायालयों का संचालन करें। उन्होंने जिले में फसल बोनी, खाद-बीज की उपलब्धता, पीडीएस वितरण आदि के संबंध में भी चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि मत्स्य विभाग से मत्स्य बीज प्राप्त कर अमृत सरोवर, पुष्कर, खेत-तालाब एवं अन्य जल स्त्रोतों में वितरण कराएं।

कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सुरक्षित प्रसव, मातृ स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए प्रभावी इंतजाम करें। लापरवाही की स्थिति में संबंधित की सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बैठक में कुपोषण, नियमित टीकाकरण, कोविड वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रीकॉशन डोज के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि पात्र शासकीय व्यक्ति एवं आमजन जिला चिकित्सालय एवं संबंधित क्षेत्र के सीएचसी में जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएं। कलेक्टर ने बैठक में किताब वितरण, सीएम राईज स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र में बिजली कनेक्शन एवं भुगतान, संबल 2.0 योजना के पंजीयन की स्थिति, स्वामित्व योजना, पीडीएस वितरण के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबल योजना 2.0 का लाभ लेने के लिए विशेष कैम्प लगाएं तथा नए आवेदन प्राप्त करें। उन्होंने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए जिले में ड्रोन सर्वे, ग्राऊँड ट्रूथिंग, नक्शे आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

हर घर तिरंगाअभियान के संबंध में निर्देश

 

कलेक्टर ने बैठक में 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के सभी शासकीय विभागों के जिला स्तर के कार्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक के कार्यालयों में ध्वजसंहिता के अनुसार तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के घरों में भी 11 से 17 अगस्त के दौरान तिरंगा फहराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने एवं फहराने के इस अभियान के लिए फ्लैक्स, बैनर, दीवार लेखन, गीत, अनाउंसमेंट, मुनादी, वॉलेंटियर्स का सहयोग एवं अनेक आयोजन करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

13 तारीख तक सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए संपूर्ण तैयारियों को पूरा करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने 14 एवं 15 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के संबंध में योजना भवन में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी 13 जुलाई तक सभी विकासखंडों एवं जिला स्तर पर किए जाने वाले सारणीकरण कार्य के लिए सभी इंतजामों को पूरा करें। उन्होंने ईईपीआईयू एवं ईईआरईएस 1-2 को निर्देशित किया कि सभी विकासखंडों में दौरा कर जरूरी टेबल, कर्मचारियों एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अंतिम रूप से तैयारी पूर्ण करें। कलेक्टर ने कहा कि सारणीकरण के कार्य से संबंधित सभी संबंधित अधिकारी सारणीकरण के कार्य को अत्यंत गंभीरता से समझेंगे एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएंगे। उन्होंने सारणीकरण कार्य प्रारंभ करने के पूर्व आवश्यक सूचना या प्रपत्र अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता को प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सारणीकरण के संबंध में सभी आदेश जिला स्तर से जारी किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि सारणीकरण के लिए चिन्हित स्थलों एवं कक्षों में ही सारणीकरण का कार्य संपादित किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार का फेरबदल नहीं होगा। उन्होंने सारणीकरण के लिए चयनित स्थानों पर टेंट के माध्यम से कुर्सी एवं टेबल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 14 एवं 15 जुलाई को सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के संबंध में प्रातः 6 बजे से की जाने वाली अलग-अलग गतिविधियों की समयवार जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, सर्टिफिकेट वितरण, सूचनाओं प्रदान करने के लिए बोर्ड, फ्लैक्स या एलईडी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-गवर्नेंस मैनेजर को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थलों पर इंटरनेट, लैपटॉप, प्रिंटर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कमरे के बाहर एक बोर्ड की व्यवस्था करें ताकि आवश्यक सूचनाओं का अंकन भी किया जा सके।

मोबाईल एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस रहेंगे प्रतिबंधित

 

जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बैठक में कहा कि सारणीकरण के लिए लगाए गए सभी कर्मियों एवं वहां पर उपस्थित व्यक्तियों के फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सारणीकरण स्थलों पर प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यक चैकिंग के बाद ही उन्हें सारणीकरण के लिए स्थानों को भेजा जाए। कलेक्टर ने परिसर की सुरक्षा, पार्किंग एवं बेरीकेटिंग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता को ही प्रवेश दिया जाएगा।

कलेक्टर ने ऐसी ट्राईबल को निर्देशित किया कि ड्यूटीरत कर्मियों के लिए सुबह का नाश्ता एवं दोपहर के खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आरटीओ ड्यूटीरत कर्मचारियों के परिवहन के लिए व्यवस्था बनाएं। कलेक्टर ने कहा कि 14 एवं 15 जुलाई को विकासखंड एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक जानकारी समय-समय पर राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपडेट कराएं। सभी आर.ओ. सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के संबंध में आरओ हैंडबुक में दिए गए निर्देशों को गंभीरता से पढ़ें। कलेक्टर ने जिला स्तर पर की जाने वाली निर्वाचन परिणामों की घोषणा के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि सारणीकरण के लिए चिन्हित किए गए स्थानों पर एक ही प्रवेश द्वार बनाएं। समुचित ढंग से जांच के उपरांत ही सारणीकरण स्थलों में प्रवेश दिया जाए।

 

 

 

 

 

 

 

11 से 17 अगस्त जिले भर में मनाया जाएगा हर घर तिरंगाअभियान

कलेक्टर ने संबंधित विभागों की ली बैठक

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में ’हर-घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक प्रदेश के साथ-साथ जिले भर में भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान का सघन स्तर पर आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नोडल अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर समस्त ग्राम पंचायत, सरकारी विभाग, पीडीएस दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र तथा प्राइवेट संस्थानों पर 11 से 17 अगस्त के दौरान ध्वजसंहिता के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ अपने क्षेत्रों के लिए आवश्यक ध्वजों की जानकारी देते हुए उनकी संख्या, निर्माण तथा वितरण के संबंध में कार्य प्रारंभ करें।

कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जागरूकता अभियान चलाएं। इस अभियान से जुड़ने के लिए आमजनों को मोटिवेट करें। इस संबंध में विभिन्न प्रतियोगिताएं, दीवार लेखन, वॉलपेंटिंग, स्लोगन, तिरंगा रैली आदि का आयोजन करें। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई के छात्र, पीडीएस एवं सहकारी समितियों के माध्यम से भी ध्वज का निर्माण कराया जाए। उन्होंने जन अभियान परिषद को निर्देशित किया कि परिषद के माध्यम से वॉलेंटियर्स तैयार करें। उन्होंने इस सप्ताह के अंत तक अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तिरंगा वॉलिंटियर्स से अपील की है कि वे स्वेच्छा से भी इस अभियान से जुड़ें। इस अभियान से जुड़ने के लिए जन अभियान परिषद के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं तथा ग्रामीण से लेकर शहरी स्तर तक घर-घर तिरंगा अभियान के प्रचार प्रसार एवं इस मुहिम में शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इन वॉलिंटियर्स को सम्मानित भी किया जाएगा। कलेक्टर ने जन अभियान परिषद को वॉलेंटियर्स के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने कहा कि 1 से 5 अगस्त तक आवश्यक ध्वजों के निर्माण का कार्य पूरा करें। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले आजीविका समूहों को ध्वज निर्माण कार्य में संलग्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्व-सहायता समूहों को झंडा निर्माण समितियां कहा जाएगा। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्वजसंहिता एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान के लिए माननीय न्यायालयों एवं जारी दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्ययन करें, ताकि अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि प्लास्टिक के झंडों का निर्माण नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजनों से भी आग्रह किया है कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उनके रख-रखाव का पूरा पालन करें एवं सहयोग करें। उन्होंने सभी विभागों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निर्धारित दायित्वों के बारे में जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर एवं एसपी ने देखा सेमरखापा में सारणीकरण की व्यवस्थाएं

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने सेमरखापा में 15 जुलाई को किए जाने वाले जिला स्तरीय सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के संबंध में दौरा किया। उन्होंने ईईपीआईयू श्री पटले से सारणीकरण के लिए लगाई जाने वाली टेबल व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सर्टिफिकेट वितरण, भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली एवं जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सेमरखापा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र की विकासखंडों में सारणीकरण के कार्यों के संबंध में भी आवश्यक निर्देश भी दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

विश्व जनसंख्या स्थिरता माह का शुभारंभ

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि कोविड-19 महामारी के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए तथा आर्दश आचार संहिता का पालन करते हुए 11 जुलाई 2022 को विश्व जनसंख्या स्थिरता माह का शुभांरभ मुख्यालय के अर्बन पी.एच.सी. में डॉ0 आर के पीपरे जिला स्वास्थ्य अधिकारी 2 के द्वारा माँ सरस्वती की फोटो में माला अर्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इसी तरह जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विश्व जनसंख्या स्थिरता माह का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि जनसंख्या स्थिर हो, जिससे देश एवं परिवार का विकास होगा।

नवीन परिवार नियोजन – परिवार नियोजन का अपनाओ उपाय, लिखो तरक्की का नया अध्याय। डॉक्टर आर.के. पीपरे जिला स्वास्थ्य अधिकारी परिवार कल्याण नोडल ऑफिसर ने उपस्थित शहरी क्षेत्र के आशा कार्यकर्ता एवं हितग्राहियों को जनसंख्या स्थिरता माह का उद्देश्य एवं मिशन विकास परिवार की जानकारी दी एवं उपस्थित हितग्राहियों को अस्थाई साधनों का वितरण किया गया। विश्व जनसंख्या स्थिरता माह को दो भागों में विभाजित किया गया है। दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा 27 जून से 10 जुलाई 2022। जनसंख्या स्थिरता माह सेवा प्रदायगी माह 11 जुलाई से 11 अगस्त 2022 तक होगा, जिसमें चिन्हित दंपत्ति को परिवार कल्याण के स्थाई एवं अस्थाई साधनों का वितरण किया जायेगा। लघु कालीन गर्भ निरोधक साधन जैसे- ओरल पिल्स, सप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली, कंडोम इंजेक्शन अंतरा प्रशिक्षित नर्स, डॉक्टर से लगवाया जायेगा। स्थाई साधन फिक्स डे सर्विस महिला नसबंदी शिविर, पुरुष नसबंदी शिविर में सी.टी.टी एल.टी.टी एन.एस.व्ही ऑपरेशन होंगे। मीडिया के प्रचार प्रसार गतिविधियां जिले एवं ग्राम स्तर तक स्लोगन वॉल पेंटिंग, सास बहू सम्मेलन, नवदंपति को नई पहेली किट का वितरण, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, फेसबुक के माध्यम से जन जागरूकता लाई जायेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

हर घर तिरंगाअभियान के क्रियान्वयन के लिए समिति गठित

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत 11 से 17 अगस्त 2022 तक ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान के लिए समिति गठित कर दी है। समिति अंतर्गत कलेक्टर अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला सदस्य सचिव होंगे। इसी प्रकार संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान, जिला जनसंपर्क अधिकारी मंडला, जिला समन्वयक म.प्र. जन अभियान परिषद मंडला, सर्व प्राचार्य महाविद्यालय जिला मंडला, जिला युवा कल्याण अधिकारी मंडला, परियोजना जिला शहरी विकास अभिकरण, प्राचार्य आईटीआई मंडला, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी मंडला, जिला समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र मंडला, जिला परिवहन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम, महाप्रबंधक जिला व्यापार उद्योग केन्द्र तथा जिलाधिकारी द्वारा नामित उद्योग मंडलों व व्यापार मंडलों के प्रतिनिधिगण सदस्य होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन परिणाम की घोषणा एवं जानकारी संकलन के लिए टीम प्रभारी नियुक्त

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी आदेश में कहा है कि त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 अंतर्गत 14 जुलाई 2022 को पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य पद के खण्ड स्तरीय सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा किए जाने की कार्यवाही संपन्न होगी। मतगणना परिणाम के सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा से संबंधित जानकारी के संकलन के लिए जिला मुख्यालय पर गठित जिला स्तरीय कम्यूनिकेशन प्लान टीम में नियुक्त किए गए अधिकारियों, कर्मचारियों को टीम प्रभारी व सहयोगी कर्मचारी के रूप में कार्य संपादन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

निरीक्षक अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विभाग प्रीति गठरे एवं सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी मंडला प्रियंका मेश्राम को 14 जुलाई एवं 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक के लिए टीम प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार संस्थागत वित्त अधिकारी मंडला आरके बांगरे तथा एपीसी कार्या.जिला शिक्षा अधिकारी मंडला मुकेश पांडे को 14 जुलाई एवं 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे से सारणीकरण कार्य की समाप्ति तक के लिए टीम प्रभारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजीटिव

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            10 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 11 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कटंगी निवासी 22 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

श्रमोदय आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा परिणाम देखें ऑनलाईन

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रमोदय आवासीय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2022-23 में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए 3 जुलाई 2022 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परीक्षा परिणाम म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड भोपाल के पोर्टल तथा श्रमोदय पोर्टल पर ऑनलाईन देखा जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

सारणीकरण पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण आज

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत निर्वाचन उपरांत सारणीकरण कार्य हेतु नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण 12 जुलाई को डाईट मंडला एवं जिला योजना भवन में आयोजित किया जा रहा है।

डाईट मंडला में प्रथम पाली का प्रशिक्षण 12 बजे से 1 बजे तक संपन्न होगा जिसमें जनपद पंचायत बिछिया एवं मोहगांव के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। द्वितीय पाली में 1:30 बजे से 2:30 बजे तक जनपद पंचायत मंडला एवं निवास तथा तृतीय पाली में 3 से 4 बजे तक जनपद पंचायत नैनपुर एवं घुघरी के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। इसी प्रकार जिला योजना भवन में प्रथम पाली का प्रशिक्षण 12 बजे से 1 बजे तक संपन्न होगा जिसमें जनपद पंचायत मवई के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। द्वितीय पाली में 1:30 बजे से 2:30 बजे तक जनपद पंचायत बीजाडांडी तथा तृतीय पाली में 3 से 4 बजे तक जनपद पंचायत नारायणगंज के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे।

 

 

 

 

 

 

सारणीकरण के लिए प्रशिक्षण आज

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सारणीकरण के संबंध में जिला योजना भवन में 12 जुलाई को प्रातः 11 बजे से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में सभी जनपदों के रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर एवं मास्टर ट्रेनर्स सम्मिलित होंगे।

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 11 जुलाई के दौरान 289.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 292.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 3.6 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जुलाई को मंडला में 12.8 मि.मी., नैनपुर में 32.4 मि.मी., बिछिया में 12 मि.मी., घुघरी में 2.5 मि.मी., नारायणगंज में 2.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 11 जुलाई को 10.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में 12 तक जमा होंगे अतिथि शिक्षकों के आवेदन

 

मण्डला 11 जुलाई 2022

            कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मंडला में 2022-23 सत्र के पैनल तैयार करने के लिए अतिथि शिक्षकों की आवश्यकता है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने अभिलेखों सहित अपने आवेदन 12 जुलाई 2022 सायं 4 बजे तक जमा कर सकते हैं। पैनल मेरिट आधार पर किया जाएगा। अतिथि शिक्षक वर्ग-1 में भौतिकी, इतिहास, शारीरिक शिक्षा के लिए योग्यता स्नातकोत्‍तर की डिग्री, बीएड एवं प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर डिग्री, अतिथि शिक्षक वर्ग-2 में गणित, अंग्रेजी के लिए योग्यता प्रथम श्रेणी से स्नातक डिग्री एवं बीएड व डीएड तथा अतिथि शिक्षक वर्ग-3 में पुस्तकालय सहायक के लिए योग्यता बीएलआईबी डिग्री एवं कम्प्यूटर में डीसीए व पीजीडीसीए अनिवार्य हैं। विस्तृत जानकारी प्राचार्य कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार से प्राप्त की जा सकती है।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 फरवरी 2023

Reva India News

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 5 साल में दोगुना करने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Reva India News

महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment