सारणीकरण पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण 12 जुलाई
मण्डला 10 जुलाई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत निर्वाचन उपरांत सारणीकरण कार्य हेतु नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण 12 जुलाई को डाईट मंडला एवं जिला योजना भवन में आयोजित किया जा रहा है।
डाईट मंडला में प्रथम पाली का प्रशिक्षण 12 बजे से 1 बजे तक संपन्न होगा जिसमें जनपद पंचायत बिछिया एवं मोहगांव के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। द्वितीय पाली में 1:30 बजे से 2:30 बजे तक जनपद पंचायत मंडला एवं निवास तथा तृतीय पाली में 3 से 4 बजे तक जनपद पंचायत नैनपुर एवं घुघरी के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। इसी प्रकार जिला योजना भवन में प्रथम पाली का प्रशिक्षण 12 बजे से 1 बजे तक संपन्न होगा जिसमें जनपद पंचायत मवई के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे। द्वितीय पाली में 1:30 बजे से 2:30 बजे तक जनपद पंचायत बीजाडांडी तथा तृतीय पाली में 3 से 4 बजे तक जनपद पंचायत नारायणगंज के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक सम्मिलित होंगे।
सारणीकरण प्रशिक्षण 12 जुलाई को
मण्डला 10 जुलाई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सारणीकरण के संबंध में जिला योजना भवन में 12 जुलाई को प्रातः 11 बजे से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में सभी जनपदों के रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर एवं मास्टर ट्रेनर्स सम्मिलित होंगे।
जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 10 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 10 जुलाई के दौरान 279.0 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 283.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 4.8 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को मंडला में 32.8 मि.मी., नैनपुर में 23.4 मि.मी., बिछिया में 6.1 मि.मी., निवास में 5.4 मि.मी., घुघरी में 18.8 मि.मी., नारायणगंज में 8.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 10 जुलाई को 15.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में 12 तक जमा होंगे अतिथि शिक्षकों के आवेदन
मण्डला 10 जुलाई 2022
कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार मंडला में 2022-23 सत्र के पैनल तैयार करने के लिए अतिथि शिक्षकों की आवश्यकता है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने अभिलेखों सहित अपने आवेदन 12 जुलाई 2022 सायं 4 बजे तक जमा कर सकते हैं। पैनल मेरिट आधार पर किया जाएगा। अतिथि शिक्षक वर्ग-1 में भौतिकी, इतिहास, शारीरिक शिक्षा के लिए योग्यता स्नातकोŸार की डिग्री, बीएड एवं प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर डिग्री, अतिथि शिक्षक वर्ग-2 में गणित, अंग्रेजी के लिए योग्यता प्रथम श्रेणी से स्नातक डिग्री एवं बीएड व डीएड तथा अतिथि शिक्षक वर्ग-3 में पुस्तकालय सहायक के लिए योग्यता बीएलआईबी डिग्री एवं कम्प्यूटर में डीसीए व पीजीडीसीए अनिवार्य हैं। विस्तृत जानकारी प्राचार्य कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार से प्राप्त की जा सकती है।
फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
मण्डला 10 जुलाई 2022
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान व जोखिमों की भरपाई के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है जिससे ऋणी एवं अऋणी दोनों ही प्रकार के किसान अपनी अधिसूचित फसलों के लिए बीमा 31 जुलाई 2022 तक करा सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत खरीफ मौसम 2022 के लिए अधिसूचित पटवारी हल्का अंतर्गत किसानों की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिए बैंकों द्वारा प्रीमियम का भुगतान किये जाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 निर्धारित की गई है। बैंक द्वारा बीमित किसानों की प्रविष्टि हेतु भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल पर बैंकों द्वारा समय सीमा में प्रविष्टि किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया है कि यदि किसी कृषकों द्वारा गत वर्ष बोई गई फसलों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया है तो किसान द्वारा संबंधित बैंक से सम्पर्क कर बीमांकन की अंतिम तिथि के दो दिन पूर्व अर्थात 29 जुलाई 2022 तक बोई गई वास्तविक फसल की जानकारी बैंक को उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। किसानों की सुविधा को देखते हुये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ मौसम 2022 के अंतर्गत प्रदेश में नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस पोर्टल पर भू-अभिलेख एकीकरण का कार्य किया जा रहा है। पंजीयन के समय कृषक की भूमि धारित संबंधित जानकारी भू-अभिलेख के आधार पर पोर्टल में ड्रॉपडाउन पर उपलब्ध हो सकेगी जिससे बीमाकर्ता द्वारा संगत खसरा नम्बर का चयन कर धारित भूमि का बीमा किया जा सकेगा। किसानों की सुविधा को देखते हुये पंजीयन के दौरान खसरा नम्बर तथा बीमित भूमि के क्षेत्रफल की सही-सही जानकारी बैंक द्वारा एनसीआईपी पोर्टल पर दर्ज किया जाना है जिससे किसानों को समय पर सही बीमा पॉलिसी जारी की जा सके। सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है ऋणी एवं अऋणी कृषकों का फसल बीमा निर्धारित समयावधि में किया जाना सुनिश्चित किया जाये।
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए पंजीयन 3 अगस्त तक
मण्डला 10 जुलाई 2022
अग्निपथ भर्ती योजना 2022 के तहत जबलपुर स्थित भर्ती कार्यालय जबलपुर द्वारा 15 सितंबर 2022 से 25 सितंबर 2022 तक जबलपुर में मंडला सहित मध्यप्रदेश के 14 जिलों अनूपपुर, बालाघाट, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया के पुरूष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोर कीपर तकनीकी, ट्रेडसमैन दसवीं पास तथा ट्रेड्समैन आठवीं पास की सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है।
भर्ती कार्यालय जबलपुर के भर्ती अधिकारी द्वारा बताया गया कि अग्निवीर भर्ती योजना का ऑनलाइन पंजीकरण 5 जुलाई 2022 से 3 अगस्त 2022 शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। 22 अगस्त 2022 से 27 अगस्त 2022 तक अग्निवीर भर्ती योजना में पंजीयन करवाने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से भेजे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
डायरेक्ट सेल्स एजेंट चयन साक्षात्कार 25 जुलाई को
मण्डला 10 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग ने बताया कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यवसाय अर्जन के लिए डायरेक्ट सेल्स एजेंट का चयन किया जाना है जिसके लिये साक्षात्कार का आयोजन 25 जुलाई 2022 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता 10वी पास या समकक्ष राज्य व केन्द्रीय बोर्ड तथा आयु 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए, कम्प्यूटर ज्ञान एवं स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान की अहर्ताएं पूर्ण करने वाले इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा एवं मूल दस्तावेज लेकर कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग मण्डला, प्रधान डाकघर मण्डला संभाग परिसर में निर्धारित समय पर उपस्थित हो सकते हैं। अपने आवेदन तथा अन्य जानकारी के लिए अपने निकटतम डाकघर पर संपर्क करें सकते हैं।
31 जुलाई तक किए जा सकेंगे पदम पुरस्कार के लिए ऑनलाईन नामांकन
मण्डला 10 जुलाई 2022
प्रभारी अधिकारी कार्यालय कलेक्टर ने बताया कि विगत वर्षों की भांति वर्तमान वर्ष में भी म.प्र. शासन गृह विभाग द्वारा निर्मित अवार्ड्स पोर्टल www.padmaawards.mp.gov.in पर जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन ऑनलाईन ही प्रेषित किए जाने हैं। जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का चयन कर उनके नामांकन एवं आवश्यक दस्तावेज गृह विभाग के ऑनलाईन पोर्टल पर 31 जुलाई 2022 तक प्रेषित करें, समयावधि पश्चात प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जायेगा।
बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी
मण्डला 10 जुलाई 2022
बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जारी एडवाईजरी के अंतर्गत कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभवना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।
बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीयें, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।
बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अण्डें पनपते हैं।
मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हडडी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गडडों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।
मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।
सर्पदंश से बचाव के लिए जानकारी
मण्डला 10 जुलाई 2022
बरसात के दिनों में सांप काटने के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सर्पदंश में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।
लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें, ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहाँ पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।
उपचार:- साँप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।
बचाव: – अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल और जूते पहनकर ही चलें।
18 जुलाई से चलाया जायेगा ’’दस्तक अभियान’’
मण्डला 10 जुलाई 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं पोषण वृद्धि के लिए शासन द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में दस्तक अभियान प्रदेश की एक महत्वपूर्ण गतिविधि है। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ जिला मंडला में भी दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दस्तक अभियान का आयोजन 18 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। दस्तक अभियान के दौरान समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल, शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, बाल्यकालीन दस्त रोग नियंत्रण के लिए ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में ओ.आर.एस. पहुंचाना, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फॉलोअप को प्रोत्साहन, गृह भेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण स्थिति की जानकारी लेना आदि गतिविधियां की जायेंगी। दस्तक अभियान के दौरान किये जाने वाले समस्त गतिविधियों के दौरान कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन किया जायेगा। दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिए समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक के मैदानी स्वास्थ्य के अमला को प्रशिक्षण दिया गया है और तैयारियां चल रही हैं।
