’हर-घर तिरंगा’ अभियान के लिए झंडे बनाने की प्रक्रिया शुरू करें- हर्षिका सिंह
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के लिए आवश्यक तिरंगे झंडे के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करें। उन्होंने आजीविका समूह को निर्देशित किया कि झंडे निर्माण के लिए स्व-सहायता समूहों के लिए आवश्यक मटेरियल तथा डिमांड प्राप्त करें। इसी प्रकार सहकारिता विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग भी झंडे निर्माण की प्रक्रिया शुरू करें। कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि बच्चों के माध्यम से भी ध्वज निर्माण का कार्य प्रारंभ करें। प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर के लिए भी एक झंडा झंडे का निर्माण करेगा। इसी प्रकार पॉलिटेक्निक, आईटीआई, जिले के महाविद्यालय, निजी स्कूल आदि के विद्यार्थियों द्वारा भी झंडा निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि पहली से लेकर हर स्तर के विद्यार्थियों के बीच 11 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता के प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर निर्माण, प्रश्न प्रतियोगिता, गीत, स्लोगन, नारे आदि के माध्यम से सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसी प्रकार ध्वज संहिता से संबंधित प्रश्नोत्तरी को तैयार करते हुए उसे हिंदी के साथ-साथ स्थानीय भाषाओं में भी प्रसारित करें। कलेक्टर ने कहा कि निजी संस्थानों में पढ़ने वाले कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए स्कूल प्रबंधन ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत सबला तथा किशोरी बालिका, सुपरवाइजर एवं अन्य महिलाएं इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेगी तथा अन्य को भी प्रेरित करेगी।

’हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को जन अभियान बनाएं – हर्षिका सिंह
मण्डला 12 जुलाई 2022
11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जाने वाले ’हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवी संगठनों, स्व-सहायता समूहों तथा कपड़ा व्यापारियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आव्हान किया कि प्रत्येक घर, प्रत्येक परिवार तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाते हुए इसे जन आंदोलन बनाएं। इस संबंध में आवश्यक वातावरण तैयार करें। उन्होंने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान को जन अभियान बनाने के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक घर, शासकीय कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, रिसॉर्ट, औद्योगिक केन्द्र, दुकानें सहित सभी संस्थानों में ध्वज लगाये जाएं। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का पूरा ध्यान रखें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि स्व-सहायता समूह के सदस्य ध्वज निर्माण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस संबंध में सभी तैयारियाँ समय रहते पूर्ण करें, जिससे 30 जुलाई तक पर्याप्त मात्रा में ध्वज का निर्माण पूर्ण किया जा सके। ध्वज निर्माण में मापदण्डों का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने कहा कि स्वयंसेवी संगठन एवं स्व-सहायता समूह के जो भी सदस्य तिरंगा वॉलेंटियर के रूप में कार्य करना चाहते हैं वे अपना नाम लिखा सकते हैं। बैठक में श्रीमती सिंह ने कपड़ा व्यापारियों से ध्वज निर्माण के लिए कपड़ों की उपलब्धता के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित उपस्थित रहे।

रिसॉर्ट संचालक एवं उद्योगपति भी करें ’हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले के रिसॉर्ट संचालक तथा उद्योगपतियों की बैठक लेते हुए उनसे 11 से 17 अगस्त तक चलाए जाने वाले ’हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक रिसॉर्ट एवं औद्योगिक इकाईयों में भी ध्वज लगाए जाएं। श्रीमती सिंह ने रिसॉर्ट संचालकों तथा उद्योगपतियों का आव्हान किया कि वे क्षेत्र का चिन्हांकन कर ध्वज का वितरण करें। जो लोग ध्वज नहीं ले सकते उन्हें ध्वज उपलब्ध कराएं। अपने कर्मचारियों के घरों में भी ध्वज लगवाएं। इस संबंध में एसडीएम रिसॉर्ट संचालकों तथा उद्योगपतियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाएं।

मुख्य सचिव ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान एवं अंकुर अभियान के संबंध में ली वीसी
मण्डला 12 जुलाई 2022
मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री इकबाल सिंह बैस ने प्रदेश के सभी जिलों की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने ’हर घर तिरंगा’ अभियान तथा अंकुर अभियान के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए। श्री बैस ने 11 से 17 अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिले अपने जिलों की आवश्यकता के अनुसार तिरंगे ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक चलाए जाने वाले अभियान में ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले से लेकर पंचायत स्तर तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों को अभियान के संबंध में जानकारी के साथ-साथ उन्हें इस अभियान में जुड़ने के लिए प्रेरित भी करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला जिले में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत की जाने वाली गतिविधियों की प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी।
मुख्य सचिव श्री बैस ने वीसी में ’अंकुर योजना’ के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में बारिश के दौरान वृक्षारोपण का सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने आमजनों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान एवं विशेष अवसरों पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं तथा फोटो लेकर उसे वायुदूत ऐप पर अपलोड करें। बैठक में उन्होंने जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन के संबंध में सभी कलेक्टर से जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।

27 एवं 28 जुलाई को मनाया जाएगा बिजली महोत्सव
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 27 एवं 28 जुलाई को मण्डला तथा नैनपुर में मनाए जाने वाले ’बिजली महोत्सव’ के संबंध में संबंधित अधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि 27 जुलाई को मंडला एवं 28 जुलाई को नैनपुर में ’बिजली महोत्सव’ का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की समस्त तैयारियों के लिए डीई एमपीईबी को नोडल अधिकारी बनाया है। बिजली महोत्सव के लिए आयोजित बैठक में एडीएम मीना मसराम, एनटीपीसी से टीके सोनी तथा बिजली विभाग के अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित थे।

सारणीकरण के लिए प्रशिक्षण आयोजित
मण्डला 12 जुलाई 2022
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के सारणीकरण के कार्य के लिए जिला योजना भवन एवं डाइट मंडला में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण अलग-अलग पालियों में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में सभी 9 जनपदों के सारणीकरण कार्य से संबंधित पर्यवेक्षक एवं सारणीकरण सहायकों को सारणीकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

आकांक्षी विकासखंडों के संबंध में बैठक हुई आयोजित
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिले के आकांक्षी विकासखंडों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकांक्षी विकासखंडों के अंतर्गत अलग-अलग विभागों द्वारा किए जाने वाले ग्रामीण विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आकांक्षी विकासखंडों के लिए मध्यप्रदेश शासन से निर्धारित विभिन्न संकेतकों की स्थिति की विकासखंडवार समीक्षा की। उन्होंने स्कूलों एवं आईटीआई में अलग-अलग स्तरों पर बिजली कनेक्शन, पेयजल सुविधा, लायब्रेरी सुविधा, प्रयोगशाला, शौचालयों की स्थिति तथा छात्रावास की स्थिति की समीक्षा की। इसी प्रकार आकांक्षी विकासखंडों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की अलग-अलग संकेतकों के अनुसार समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सहित ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कृषि तथा पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए खाद एवं बीज की उपलब्धता, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के वितरण, नाडेप पिट, कृत्रिम गर्भाधान का प्रतिशत, खरीफ तथा रबी फसलों की उत्पादकता, सिंचित क्षेत्र, पशु टीकाकरण आदि की भी समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग के अंतर्गत कोदो-कुटकी के उत्पादन के संबंध में भी आवश्यक जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीण तथा शहरी अधोसंरचना के अंतर्गत बारहमासी सड़कें, आवास की स्थिति, आंगनवाड़ी एवं अन्य संकेतक बिन्दुओं के बारे में चर्चा की। आकांक्षी विकासखंडों में कौशल विकास एवं रोजगार तथा सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन के संबंध में बैठक में समीक्षा की गई। बैठक में आकांक्षी विकासखंडों के विकास के लिए स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग, कृषि, शिक्षा विभाग, कौशल एवं तकनीकि, रोजगार, पशुपालन एवं डेयरी, मनरेगा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किए गए कार्यों की आंकड़ेवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत उक्त विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 12 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 12 जुलाई के दौरान 304.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 294.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 9.8 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जुलाई को मंडला में 11.2 मि.मी., नैनपुर में 57.2 मि.मी., बिछिया में 20 मि.मी., घुघरी में 2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 12 जुलाई को 15 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा के लिए स्थल निर्धारित
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के कार्यों को संपन्न कराने के लिए स्थलों का निर्धारण कर आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के तहत सभी जनपदों के जिला पंचायत सदस्य पद के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए एकलव्य विद्यालय परिसर सेमरखापा मंडला निर्धारित किया गया है। नैनपुर जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नैनपुर, बिछिया जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए कन्या शिक्षा परिसर पड़रिया बिछिया, मवई जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए शासकीय कन्या हाईस्कूल मवई, मंडला जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए एकलव्य विद्यालय सेमरखापा मंडला, मोहगांव जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर मोहगांव, घुघरी जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए शास.उत्कृ.उच्च.माध्य.विद्या.घुघरी, नारायणगंज जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए शासकीय हाईस्कूल नारायणगंज, बीजाडांडी जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए उत्कृ.विद्या.बीजाडांडी तथा निवास जनपद के अंतर्गत जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय निवास निर्धारित किया गया है।

समस्त अभ्यर्थियों के लिए सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा से संबंधित आवश्यक जानकारी
मण्डला 12 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के कार्यों को संपन्न कराने के लिए चयनित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार खण्डस्तर पर सारणीकरण का कार्य 14 जुलाई 2022 को प्रातः 10ः30 बजे से तथा जिला स्तरीय सारणीकरण का कार्य 15 जुलाई 2022 को प्रातः 10ः30 बजे से प्रारंभ होगा। सारणीकरण कार्य के दौरान अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता उनके लिए निर्धारित किए गये स्थान पर उपस्थित रह सकते हैं। अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता को अपना परिचय पत्र धारण करना अनिवार्य है, परिचय पत्र के अभाव में उन्हें सारणीकरण कार्य के दौरान परिसर, कक्ष में प्रवेश देने से वंचित किया जा सकता है। खण्डस्तर पर सारणीकरण के कार्य हेतु 14 जुलाई 2022 को प्रातः 6 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा। स्ट्रांग रूम खुलने के दौरान अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकेंगे।
जिला स्तरीय सारणीकरण के कार्य हेतु 15 जुलाई 2022 को प्रातः 9 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा। जिला स्तरीय स्ट्रांग रूम खुलने के दौरान जिला पंचायत सदस्य पद के अभ्यर्थी अथवा उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रह सकेंगे। सारणीकरण स्थल पर मोबाईल, अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस, पान, गुटखा, धूम्रपान वर्जित है, जिसका सभी के द्वारा विशेष ध्यान रखा जाये। सारणीकरण का कार्य पूर्ण शुद्धता से पूर्ण करने के लिए यह आवश्यक है कि कार्य पर नियोजित कार्मिकों के कार्य में व्यवधान उत्पन्न न किया जाये। अतः सभी अभ्यर्थी एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ता इसका विशेष ध्यान रखेंगे तथा सम्पूर्ण कार्य के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखेंगे।

निवास में 14 को प्रातः 10:30 से होगा सारणीकरण का कार्य
मण्डला 12 जुलाई 2022
रिटर्निंग अधिकारी निवास ने बताया कि म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी मंडला द्वारा अनुमोदित स्थल शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय निवास में 14 जुलाई 2022 को प्रातः 10:30 बजे से पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्यों को प्राप्त मतों की सारणीकरण कार्य किया जाना है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी, अभिकर्ता, गणन अभिकर्ता अपने-अपने परिचय पत्र के साथ उपस्थित हो सकते हैं। सारणीयन स्थल पर मोबाईल पूर्णरूपेण प्रतिबंधित है। साथ ही एक समय में एक ही व्यक्ति, अभ्यर्थी, अभिकर्ता, गणन अभिकर्ता की उपस्थिति मान्य होगी एवं पूर्व की भांति सारणीयन के लिए आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की गई है।

