’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए ब्लॉक स्तरों पर बैठकें आयोजित
मण्डला 18 जुलाई 2022
11 से 17 अगस्त तक प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जायेगा। इस अभियान के तहत शासकीय तथा निजी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। आजादी के 75वी वर्षगांठ पर जिले के हर घर में भी तिरंगा लगाया जाएगा। इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अभियान से जुड़ने के लिए जिले के साथ-साथ ब्लॉक स्तरों पर भी अलग-अलग विभागों द्वारा मैदानी अमले की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। विकासखंड बीजाडांडी में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। इसी प्रकार सभी विकासखंडों मंे भी अभियान के प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन की योजना से संबंधित बैठक आयोजित की जा रही है। खाद्य विभाग द्वारा ब्लॉक स्तरीय अमले के साथ उचित मूल्य की दुकानों पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए बैठकें आयोजित की जा रही है। इसी प्रकार ब्लॉकस्तरीय आजीविका समूहों द्वारा भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान एवं ध्वज निर्माण तथा उपलब्धता के लिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
’प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ कृषक रथ को दिखाई गई हरी झंडी
मण्डला 18 जुलाई 2022
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि फसल बीमा प्रचार-प्रसार के लिए कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना। यह रथ हर ब्लॉक तहसील व गांव में जाकर योजना का प्रचार-प्रसार करेगी ताकि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना की जानकारी व लाभ मिल सके। मौसम खरीफ वर्ष 2022 के प्रचार-प्रसार के लिए इस रथ को पूरे एक महीने जिले के प्रत्येक विकासखण्डों में घुमाया जायेगा। ताकि अधिक किसानों को इस योजना से जोड़कर लाभ दिया जा सके। साथ ही उप संचालक ने जिले के सभी कृषकों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा अपने फसल का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदा और वे मौसम की मार से अपने फसल की सुरक्षा करें। कृषक अपने फसल का पंजीयन नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र या बैंक के माध्यम से करा सकते हैं। इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 है।

दस्तक अभियान का हुआ शुभांरभ, 31 अगस्त तक चलेगा
मण्डला 18 जुलाई 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय के एन.आर.सी में दस्तक अभियान का शुभांरभ किया गया। दस्तक अभियान का आयोजन 18 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। दस्तक अभियान के दौरान समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल, शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, बाल्यकालीन दस्त रोग नियंत्रण हेतु ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में ओ.आर.एस. पहुंचाना, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फालोअप को प्रोत्साहन, गृह भेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण स्थिति की जानकारी लेना आदि गतिविधियां की जायेंगी। दस्तक अभियान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्था और मैदानी स्तर तक आशाओ एवं ए. एन. एम के द्वारा घर घर दस्तक देकर 0 से 5 वर्ष के बच्चों की जांच कि जाएगी तथा एनिमिया की जांच हेतु डिजिटल एच.बी. मीटर से हीमोग्लोबिन की जांच कि जायेगी जिसका प्रशिक्षण दिया गया।
यात्री वाहनों की हुई चैकिंग, 2 वाहन जब्त
मण्डला 18 जुलाई 2022
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि यात्री वाहनों के विरूद्ध विशेष चैकिंग अभियान की कार्यवाही के तहत मण्डला-डिण्डौरी मार्ग एवं मण्डला-सिवनी मार्ग पर 18 बसों की जांच की गई जिसमें 2 वाहनों पर कार्यवाही की गई। मुख्य रूप से यात्री बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर एवं ओव्हर लोडिंग व बसों में आपातकालीन खिड़की आदि की जांच की गई। चैकिंग के दौरान बस क्रमांक सीजी 04 ई 0535 टेक्स बकाया व बिना परमिट एवं एमपी 50 पी 1177 बिना परमिट के संचालन करते पाई गई। दोनों बसों को जिला परिवहन कार्यालय परिसर मण्डला में जब्त कर रखा गया है। चैकिंग में जिला परिवहन अधिकारी बिमलेश कुमार गुप्ता एवं जिला परिवहन कार्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा।


कोतवाली थाना मण्डला में किया गया पौधारोपण
मण्डला 18 जुलाई 2022
म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं माननीय आरएस शर्मा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार पंच-ज अभियान पर्यावरण संरक्षण एवं संर्वधन कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जुलाई को जिला न्यायाधीश/सचिव श्री डीआर कुमरे के कुशल मार्गदर्शन में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े के द्वारा प्रजापति ब्रहाकुमारी आश्रम मण्डला के सहयोग से कोतवाली थाना मण्डला में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण का महत्व बताते हुए कहा कि वृक्ष लगाना ही हमारी जवाबदारी नहीं है अपितु उनका संरक्षण करना भी आवश्यक है, पेड़ों से हमें ऑक्सीजन मिलती है। इस कोरोना महामारी के समय में ऑक्सीजन की आवश्यकता को भी हमने जाना है। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए हमे वृक्षों को अधिक से अधिक मात्रा में लगाये जाने एवं उनके संरक्षण के प्रयास किये जाने की अपील की। इस अवसर पर इस अवसर पर थाना कोतवाली का स्टॉफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टॉफ और पीएलवी आशीष चौधरी, रागिनी हरदहा, चन्द्रलता कछवाहा उपस्थित रहे।

’’उज्ज्वल भारत एवं उज्ज्वल भविष्य’’ Power@2047
मण्डला 18 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत 25 जुलाई से 30 जुलाई 2022 के दौरान विकासखंड नैनपुर एवं मंडला मुख्यालय पर ’’उज्ज्वल भारत एवं उज्ज्वल भविष्य’’ Power@2047 एक दिवसीय उत्सव मनाए जाने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत विकासखंड नैनपुर में 29 जुलाई को सामुदायिक भवन में तथा मंडला में 30 जुलाई 2022 को झंकार भवन में समारोह का आयोजन करने के लिए अधिकारियों को आदेशित किया गया है।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 18 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 18 जुलाई के दौरान 382 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 294.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 87.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को मंडला में 43.6 मि.मी., नैनपुर में 16.3 मि.मी., बिछिया में 12.5 मि.मी., निवास में 10.4 मि.मी., घुघरी में 17.7 मि.मी. तथा नारायणगंज में 41.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 18 जुलाई को 23.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

8 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, हुई चालानी कार्यवाही
मण्डला 18 जुलाई 2022
मध्यप्रदेश शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन एवं भंडारण परिवहन क्रय-विक्रय एवं उपयोग 1 जुलाई 2022 से प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर मंडला के निर्देश के परिपालन में 18 जुलाई 2022 को वार्ड क्रं.-20 कलेक्ट्रेड रोड माँ पान किराना स्टोर दुकान एवं संगमघाट के पास दुकान से नगर पालिका परिषद मंडला के द्वारा गठित टीम के द्वारा औचक निरीक्षण कर अमानक सिंगल यूज प्लास्टिक, गिलास, प्लेटस एवं पॉलीथीन लगभग 8 किलो जब्ती कार्यवाही की गई। साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे कटलरी आईटम पैकेजिंग अतिरिक्त आईटम 100 माईक्रोन से कम के फ्लैक्स बैनर, थर्माकोल के सजावटी आईटम का उपयोग न करने की समझाईश दी गई। साथ ही चालानी कार्यवाही की गई जिसमें 700 रूपये की चालान काटे गये। कार्यवाही में एस.सी. चौधरी प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक, पुष्पेन्द्र पाण्डेय वार्ड सुपरवाईजर के द्वारा की गई।

