प्रीकॉशन डोज लगवाने समाज आगे आए
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील
मण्डला 20 जुलाई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिनके कोविड वैक्सीनेशन के 6 माह हो चुके हैं वे स्वप्रेरणा से वैक्सीनेशन सेंटर आकर प्रीकॉशन डोज लगवाएं। जो लोग वैक्सीनेशन सेंटर तक आने में असमर्थ हैं वे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है, जिसे हर स्तर पर जांचा और परखा गया है।

आनंद उर्फ छुट्टू एक वर्ष के लिए जिलाबदर
मण्डला 20 जुलाई 2022
आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा आनंद उर्फ छुट्टू पिता जसवंत पटेल निवासी साकिन सिलगी थाना बम्हनी जिला मंडला (म.प्र.) उम्र 26 वर्ष को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से संबद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निर्बन्ध आदेश की अवधि में आनंद उर्फ छुट्टू जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेंगे, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देंगे तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए गाँव-गाँव तक रैली का आयोजन
मण्डला 20 जुलाई 2022
प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी 11 से 17 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। जिले के सभी गांवों तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता एवं आम आदमी को इस अभियान से जुड़ने के उद्देश्य से अभियान का सघन रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्कूली विद्यार्थियों के लिए ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रंगोली, चित्रकला, शपथ का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार विद्यार्थियों द्वारा अपने अभिभावकों को पत्र लिखकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में जुड़ने की जानकारी भी प्रदान की जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गांव-गांव में मैदानी अमले के माध्यम से जागरूकता रैली एवं दीवार लेखन का कार्य भी किया जा रहा है। इसी प्रकार राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ भी दिलाई जा रही है।

15 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, हुई चालानी कार्यवाही
मण्डला 20 जुलाई 2022
मध्यप्रदेश शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन एवं भंडारण परिवहन क्रय विक्रय एवं उपयोग 1 जुलाई 2022 से प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर मंडला के निर्देश के परिपालन में 20 जुलाई 2022 को वार्ड क्रं.-24 दादा धनीराम वार्ड कारीकोन के पास सुनील अग्रवाल एवं प्रजापति किराना दुकानों से नगर पालिका परिषद मंडला के द्वारा गठित टीम के द्वारा औचक निरीक्षण कर अमानक सिंगल यूज प्लास्टिक, गिलास, प्लेटस एवं पॉलीथीन लगभग 15 किलो जब्त की गई। साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे- प्लास्टिक बड्स कटलरी आईटम पैकेजिंग अतिरिक्त आईटम 100 माईक्रोन से कम के फ्लैक्सी बैनर, थर्माकोल के सजावटी आईटम का उपयोग न करने की समझाईश दी गई। साथ ही चालानी कार्यवाही की गई जिसमें 1700 रूपये का चालान काटा गया। नगर वासियों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन का उपयोग एवं भंडारण न करें। साथ ही ग्राहक बाजार आते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 20 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 20 जुलाई के दौरान 389.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 300.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 88.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को मंडला में 3.2 मि.मी., नैनपुर में 2 मि.मी., बिछिया में 6.2 मि.मी., घुघरी में 3.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 9.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 20 जुलाई को 3.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 20 जुलाई 2022
19 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 20 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वाला जी वार्ड मंडला निवासी 14 वर्षीय बालिका की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ का शुभारंभ 21 जुलाई को
मण्डला 20 जुलाई 2022
’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ के अन्तर्गत 15 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक ’जन-अभियान’ के रूप में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के पात्र नागरिकों को कोविड-19 टीके का ’प्रिकॉशन डोज’ निःशुल्क दिया जाना है। ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ का शुभारम्भ 21 जुलाई 2022 को किया जायेगा।
18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के ऐसे समस्त नागरिक जिन्होंने कोविड-19 वैक्सीन की द्वितीय डोज उपरांत 6 माह की अवधि पूर्ण कर ली है, वे सभी नागरिक कोविड-19 वैक्सीन की ’प्रिकॉशन डोज’ हेतु पात्र होंगे। जिन हितग्राहियों को जिस वैक्सीन का द्वितीय डोज दिया गया है प्रिकॉशन डोज के रूप में भी वही वैक्सीन दी जाये अर्थात कोवीशील्ड से टीकाकृत हितग्राहियों को कोवीशील्ड तथा कोवैक्सीन से टीकाकृत हितग्राहियों को कोवैक्सीन दी जाये। जिले की प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था पर कोविड-19 टीकाकरण सत्र प्रतिदिन आयोजित किये जायें। नियमित टीकाकरण के सत्र मंगलवार एवं शुक्रवार को यथावत् आयोजित किये जायेंगे। ’कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव’ के दौरान 27 जुलाई, 3 अगस्त, 17 अगस्त, 31 अगस्त, 14 सितंबर एवं 28 सितंबर 2022 को जन भागीदारी द्वारा वैक्सीनेशन महाअभियान आयोजित किये जायेंगे। विशेष कार्यस्थलों तथा स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रिकॉशन डोज हेतु विशेष टीकाकरण केम्प का आयोजन करें। केम्पस में टीकाकृत नागरिकों को कोविन पोर्टल आधारित टीकाकरण का प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रदान किये जायें। प्रिकॉशन डोज के सत्र आयोजन हेतु कमकपबंजमक अंबबपदंजवत एवं अमतपपिमत को आवश्यक प्रशिक्षण उपरांत अगले 75 दिनों तक जन-अभियान के रूप में ड्यूटीरत करें।
जारी निर्देश में कहा गया है कि कोविन पोर्टल पर प्रिकॉशन डोज हेतु पात्र हितग्राहियों की सूची उपलब्ध है। अतः कोविड-19 वैक्सीनेशन केन्द्रवार सत्र निर्माण कार्ययोजना तैयार की जा सकती है। वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार कोविड-19 वैक्सीनेशन सत्रों की प्लानिंग सुनिश्चित की जाये। सुनिश्चित करें कि समय पर वैक्सीन प्राप्त कर सत्र स्थल पर पहुंचायें।

पी.एम. किसान योजना के अंतर्गत 31 जुलाई ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि
मण्डला 20 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग भोपाल एवं आयुक्त भू-अभिलेख म.प्र द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए के निर्देशानुसार पी.एम. किसान योजना हेतु ई.के.वाई.सी. आधार वेस्ड भुगतान हेतु 31 जुलाई 2022 तक अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2022 ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि है इसके बाद ई.के.वाई.सी. से लंबित कृषक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किश्त प्राप्त नहीं कर पायेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हितग्राहियों को वर्ष में कुल 6000 रूपये की राशि हस्तांतरित की जाती है। अब तक 11 किस्तों का लाभ हितग्राहियों को प्राप्त हो चुका है। माह जुलाई 2022 के उपरांत 12वी किस्त आधार से बैंक खाता में उन हितग्राहियों को प्रदान की जायेगी जिनके द्वारा ई.के.वाई.सी की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है। वर्तमान में जिले में पी.एम. किसान योजना के हितग्राहियों का ई.के.वाई.सी का कार्य मात्र 52 प्रतिशत ही पूर्ण हो सका है। इस हेतु हितग्राहियों की 12वी किश्त के भुगतान के लिये पी.एम. किसान पोर्टल पर ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अनिवार्य रूप से माह 31 जुलाई 2022 में अभियान चलाकर करें।
जिला मंडला अंतर्गत पी.एम.किसान योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों के ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अभियान चलाकर 31 जुलाई 2022 तक कार्य पूर्ण करने हेतु पटवारियों को आदेशित करें। सर्वाधिक लम्बित ग्रामों को चिहिन्त कर स्थानीय सी.एस.सी. सेन्टर से वहाँ कार्यशाला आयोजित की जायें। उक्त कार्य का पर्यवेक्षण एवं समयावधि मे पूर्ण करने हेतु अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील स्तर पर तहसीलदार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाता है, जो प्रतिदिन की प्रगति से कलेक्टर कार्यालय को अवगत करायेंगे। उक्त कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए 28 जुलाई तक होगा पंजीयन
मण्डला 20 जुलाई 2022
म.प्र. शासन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार वर्ष 2022 प्राईस सपोर्ट स्कीम योजनांतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्म कालीन फसल मूंग एवं उड़द के लिए जिले में 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिनमें 18 जुलाई से 28 जुलाई 2022 तक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार लेम्स मानादेई, मानेगाँव, नारायणगंज, निवास, जामगांव, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेलवे, मोहगांव, मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी एवं मवई तथा विपणन केन्द्र पड़ाव, नैनपुर मंडी एवं बिछिया मंडी में पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कृषकों की सुविधा की दृष्टि से समितियों के अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोकसेवा केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है। कृषक इन केन्द्रों पर जाकर समग्र सदस्य आईडी, आधार नंबर, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर दर्ज के साथ, भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शेष पंजीयन से संबंधित जानकारी पंजीयन केन्द्र में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 20 जुलाई 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 21 जुलाई 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे सिवनी से रवाना होकर दोपहर 2 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 22 जुलाई 2022 को प्रातः 10 बजे जेवरा से डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 7 बजे डिंडौरी से प्रस्थान कर रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे एवं 23 जुलाई 2022 को प्रातः 6 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

