Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 21 जुलाई 2022

अपर कलेक्टर ने सम्मिलन पीठासीनों के प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं उपसरपंच के निर्वाचन के लिए तिथिवार कार्यक्रम घोषित कर दिया है। डाईट मंडला में सम्मिलन पीठासीन अधिकारियों एवं सहायकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम डाईट मंडला में आयोजित उक्त प्रशिक्षण में शामिल हुई। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सम्मिलन पीठासीन अधिकारियों एवं सहायकों को प्रशिक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं निर्देश दिए। प्रशिक्षण को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संबोधित किया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचन से जुड़े आवश्यक पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

 

 

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने आदिवासी बहुल क्षेत्र बिछिया में ऊर्जीकृत किया 132 के.व्ही. सबस्टेशन

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने मंडला जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र बिछिया में 15.2 करोड़ की लागत से 132 के.व्ही. सबस्टेशन और 27 करोड़ लागत से 132 केवी मंडला-बिछिया डबल सर्किट डबल स्ट्रिंगिंग लाइन स्थापित कर कुल 42.2 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंडला जिले की पारेषण क्षमता को मजबूती प्रदान की है। गत दिवस  132 केव्ही की 44 किलोमीटर लाइन और 50 एम.व्ही.ए. क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर के साथ नये 132 के.व्ही. सबस्टेशन बिछिया को ऊर्जीकृत किया गया। इस सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र के 316 गांवों के करीब 40 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को अब उचित वोल्टेज की गुणवत्तापूर्ण विद्युत न्यूनतम व्यवधान के साथ मिल सकेगी।

 

दुर्गम इलाकों एवं घने जंगलों के बीच से निर्मित की गई है लाईन

 

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अति उच्चदाब निर्माण संकाय के मुख्य अभियंता इंजी. आर.के. खंडेलवाल ने बताया कि 132 के.व्ही. बिछिया सबस्टेशन के लिये मंडला से 132 के.व्ही. का फीडर लाना बेहद चुनौती पूर्ण था। दुर्गम इलाकों में घने और रिजर्व जंगलों के बीच करीब 44 किलोमीटर की डबल सर्किट लाईन का निर्माण 27 करोड की लागत से किया गया है। करीब 14 हेक्टेयर वन क्षेत्र में लाईन ले जाने के लिये वन विभाग से अनुमति प्राप्त करना पड़ी, इस पूरे निर्माण में 5.256 किलोमीटर का रिजर्व वन क्षेत्र भी शामिल है।

 

50 कि.मी. फीडर अब हो गया 200 मीटर

66 किलोमीटर की लाईन हुई 16 किलोमीटर

 

इस नये सबस्टेशन के बनने से क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को बहुत लाभ होगा। बिछिया सब स्टेशन से 33 के.व्ही. के फीडरों के माध्यम से बिछिया, घुटास, कुदेला आदि क्षेत्रों को उचित गुणवत्ता की व्यवधान रहित बिजली उपलब्ध रहेगी। पहले बिछिया क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति 132 केव्ही सबस्टेशन मंडला से 50 किलोमीटर लंबे 33 केव्ही फीडर के माध्यम से हुआ करती थी। इस सबस्टेशन के बनने से ये फीडर अब मात्र 200 मीटर का हो गया है। इसी तरह पहले घुटास के लिये 66 किलोमीटर लंबा 33 के.व्ही. का फीडर था जो अब घटकर 16 किलोमीटर का रह जायेगा। इसी तरह 33 के.व्ही. कुदेला सबस्टेशन को 146 किलोमीटर लंबे फीडर के माध्यम से सप्लाई मिला करती थी जो अब घटकर 81 किलोमीटर हो गई है। इस फीडर के माध्यम से 203 गांवों के 22640 उपभोक्ताओं को विद्युत सप्लाई की जाती है।

 

मंडला जिले का चौथा अति उच्चदाब सबस्टेशन

 

132 के.व्ही. सबस्टेशन बिछिया मंडला जिले का चौथा अति उच्चदाब का सबस्टेशन है। इसके पहले मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी 132 के.व्ही. सबस्टेशन मंडला, 132 के.व्ही. सबस्टेशन मनेरी तथा 132 के.व्ही. सबस्टेशन नैनपुर के माध्यम से मंडला जिले में विद्युत आपूर्ति करती थी। इस नये सबस्टेशन के बनने से मंडला जिले की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 250 एम.व्ही.ए. की हो गई है।

 

प्रदेश का 407 नंबर का अति उच्चदाब सबस्टेशन

 

बिछिया मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी का 407 वें नंबर का अति उच्चदाब सबस्टेशन है। प्रदेश में 132 के.व्ही. के 307, 220 के.व्ही. के 86 तथा 400 के.व्ही. के 14 सबस्टेशन संचालित है।

 

 

 

 

कक्षा 9वीं के प्रत्येक विद्यार्थियों का बेसलाईन टेस्ट लिया जाना होगा अनिवार्य

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

समग्र शिक्षा अंतर्गत जिले में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में प्रवेश के समय कक्षा 9वीं के छात्रों के शैक्षणिक स्तर का आंकलन ब्रिज कोर्स मोड्यूल के आधार पर किया जा रहा है। इस संबंध में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए ब्रिज कोर्स के संचालन हेतु जिले के समस्त प्राचार्यों एवं विषय शिक्षकों को एक दिवसीय शिक्षण प्रशिक्षण दिया गया है। इस वर्ष अंग्रेजी, गणित एवं हिन्दी विषय के माड्यूल के प्रभावी उपयोग हेतु राज्य स्तर से प्रशिक्षित जिले के मुख्य स्त्रोत विशेषज्ञों के द्वारा शासकीय विद्यालयों में अध्यापन कराने वाले संबंधित शिक्षकों को विषयवार 16, 18, 19 एवं 20 जुलाई को एक दिवसीय शिक्षण प्रशिक्षण शासकीय रानी अवंती बाई कन्या उमावि मण्डला में प्रदान किया गया।

जिले में ब्रिजकोर्स का संचालन हेतु निर्देश- ब्रिजकोर्स प्रशिक्षण में सभी विद्यार्थियों का बेस लाईन टेस्ट लेकर उसकी वास्तविक जानकारी विमर्श पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 31 अगस्त तक कक्षा 9वीं के लिए ब्रिज कोर्स से संबंधित विषयों के दो-दो पीरीयड लेने हेतु निर्देशित किया। बेसलाईन टेस्ट के आंकलन कर छात्रों को दो ग्रुप 3 से 5 एवं 6 से 8 में पृथक कर उनकी दक्षता का आंकलन कर उन्हें कक्षा 9वीं के अनुरूप अध्यापन कराकर दक्ष किया जायेगा। इसके पश्चात उन विद्यार्थियों का मिडलाईन टेस्ट 31 जुलाई के पूर्व लिया जाकर प्राचार्य विषयवार समीक्षा करेंगें।

एण्डलाईन टेस्ट – त्रैमासिक परीक्षा के आधार पर इन बच्चों का एण्डलाईन टेस्ट होगा जिसका परीक्षा परिणाम 15 सितम्बर तक विमर्श पोर्टल पर प्रविष्ट किया जायेगा।

विद्यार्थियों के लिए अभ्यास एवं शिक्षकों का दायित्व – ब्रिजकोर्स के दौरान नियमित अभ्यास की आवश्यकता होगी। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों के लिए हिन्दी, गणित एवं अंग्रेजी की वर्कबुक दी गई है। शिक्षकों का दायित्व होगा कि छात्रों का अधिक से अधिक अभ्यास करायें व प्रतिदिन संचालित ब्रिजकोर्स का अवलोकन कर वर्कबुक पर किये गये कार्य का सत्यापन करेंगे।

प्राचार्यों का दायित्व- बेसलाईन टेस्ट की आवश्यक संख्या में फोटोकॉपी करवाकर विद्यार्थियों का टेस्ट करवाना। विद्यार्थियों के स्तर की प्रविष्टि विमर्श पोर्टल पर निर्धारित समयावधि में प्रविष्ट करें, नामांकन के आधार पर रिपोर्ट दर्ज न करें। जिले से प्राप्त निर्देशानुसार वर्कबुक एवं मॉड्यूल की उपलब्धता एवं शिक्षकों द्वारा उपयोग सुनिश्चिवत करें। हिन्दी, गणित एवं अंग्रेजी के विषय शिक्षक उपलब्धन होने की दशा में संस्था में पदस्थ व्याख्याता व उमाशि से ब्रिज कोर्स का अध्यापन करायें एवं अतिथि शिक्षक की नियुक्ति उपरांत जिले से प्रशिक्षण प्राप्त कर ही ब्रिज कोर्स का अध्यापन कराया जाये। समय-सारणी में ब्रिजकोर्स के लिये समय आवंटित कर पर्याप्त संख्या में शिक्षकों को कक्षा 9वीं में अध्यापन हेतु कालखण्ड आवंटित करें। कम से कम 10 विद्यार्थियों की वर्कबुक की क्रॉस चेकिंग कर उन पर प्रतिहस्ताक्षर करना।

मॉनिटरिंग –    जिले में ब्रिज कोर्स का संपूर्ण संचालन का दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया है। राज्य, संभागीय एवं जिला स्तर से अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग किया जायेगा। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारियों द्वारा प्रतिमाह कम से कम 10 विद्यालयों की मॉनिटरिंग की जायेगी जिसकी सूची राज्य स्तर से प्रेषित की जायेगी। बेसलाईन टेस्ट एवं मिडलाईन टेस्ट के दिवसों में जिला शिक्षा अधिकारी स्वयं एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक तथा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। डीएड, बीएड एवं एमएड के विद्यार्थियों को शाला आवंटित कर बेसलाईन टेस्ट का निरीक्षण कराया जायेगा। वे अपने सामने टेस्ट संचालित कर टेस्ट कॉपी का मूल्यांकन तथा प्रश्नवार विश्लेषण कर रिपोर्ट के आधार पर जिले की विश्लेषण रिपोर्ट तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजी जायेगी।

जिला स्तर पर ब्रिज कोर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी एवं सहायक प्रभारी सुभाषचन्द्र चतुर्वेदी, ए.च. खान, अखिलेश चंद्रौल, अखिलेश उपाध्याय एवं गायत्री शुक्ला रहे। कार्यक्रम दिवसों में 196 प्राचार्यों, 180 हिन्दी, 173 अंग्रेजी एवं 185 गणित के शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। गणित विषय में शिवप्रसाद साहू, राकेश चौरसिया, सनातन सैनी, रितेश ताम्रकार, अंग्रेजी विषय में चैनसिंह कुशरो, भागवत प्रसाद यादव, ऐहतेशाम नूर, नुज़हत अंजुम, हिन्दी विषय का प्रशिक्षण शांति प्रकाश अग्रवाल, लक्ष्मी़ उईके द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा निर्मित पीपीटी के द्वारा शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण का शुभारंभ 16 जुलाई 2022 को कलेक्टर मण्डला की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सहायक आयुक्त डॉ. विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, जिला योजना अधिकारी एलएस मसराम, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक मुकेश पाण्डे्य, एपीसी सर्व शिक्षा अभियान हरेन्द्र सिंह वर्मा, एपीसी सर्व शिक्षा अभियान के.के. उपाध्याय, जयलक्ष्मी सोनी, समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी जिला मंडला, समस्त विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक एवं समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे। कलेक्टर मण्डला द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता को सुनिश्चित करने को कहा तथा इस अभियान संबंधित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। इस वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणाम को और बेहतर करने हेतु प्राचार्यों को प्रेरित किया। वर्षाकाल में अंकुर अभियान अंतर्गत अधिकाधिक वृक्षारोपण कराने हेतु चर्चा की व विद्यालय में नियमित कैरियर मार्गदर्शन गतिविधियों का आयोजित करने को कहा एवं पंचायत निर्वाचर कार्य में शिक्षकों की भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा हरित शपथ दिलाई गई। संपूर्ण प्रशिक्षण में मुकेश पाण्डेय द्वारा कक्षा 9वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों हेतु ब्रिजकोर्स का संचालन, कक्षा 8वीं से 9वीं में एवं कक्षा 10वीं से 11वीं में नवीन प्रवेश के संबंध में, दिव्यां्ग श्रेणी के विद्यार्थियों का प्रवेश, यू-डाईस की एन्ट्री, व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम का संचालन, फर्नीचर, पुस्तक वितरण, झण्डा अभियान को सम्पन्न कराने, व्यावसायिक एवं एसएमडीसी आडिट, वित्तीय चर्चा, विद्यालय में विद्युत की उपलब्धता समस्त बिन्दुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। अखिलेश उपाध्याय द्वारा एमपी टुरिज्म क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता के विषय में एवं आईसीएसजीपीएस कैरियर पोर्टल पर विद्यार्थियों के पंजीयन के विषय में समस्त प्राचार्यों को जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला कैरियर कांउसलर अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। कार्यशाला में प्राचार्य रानी अवंती बाई जयलक्ष्मी सोनी, देवेन्द्र दुबे, इकबाल खान, सुमित कुशवाहा, अंकुश चौरसिया, अभिषेक चौधरी, सैयद जावेद जैदी, शिवराज पटैल, अरविन्द यादव, प्रशांत प्रधान, पुलकित यादव का कार्यशाला में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

 

 

 

 

सुरक्षाकर्मियों की भर्ती के लिए रोजगार शिविर कार्यक्रम

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षागार्ड कैम्प का आयोजन विकासखण्डवार कार्यालय ग्रामीण आजीविका मिशन जनपद पंचायतों में किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार 26 जुलाई को निवास में, 27 जुलाई को नैनपुर में, 28 जुलाई को नारायणगंज में, 29 को बीजाडांडी में, 1 अगस्त को बिछिया में, 2 को घुघरी में, 3 को मोहगांव में तथा 4 अगस्त 2022 को मंडला में सुरक्षाकर्मियों के रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए निवास के लिए लक्ष्मी रजक का मो.नं. 6261640072, नैनपुर के लिए पिरविद धुर्वे मो.नं. 8349901638, नारायणगंज के लिए श्रुतिसागर उपाध्याय मो.नं. 8349901622, बीजाडांडी के लिए साहेबलाल सूर्यवंशी मो.नं. 8349901670, बिछिया के लिए शाहीन परवीन खान मो.नं. 8349901592, घुघरी के लिए दीपक वाजपेई मो.नं. 8349901573, मोहगांव के लिए मुकेश नंदा मो.नं. 8349901578 तथा मंडला के लिए योगेन्द्र तिवारी मो.नं. 9406809181 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

यूरिया की कालाबाजारी रोकने की जा रही कार्यवाही

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

उपसंचालक कृषि ने बताया कि कृषि विभाग की टीम यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए सतत निगरानी कर रही है। प्राइवेट दुकानों में कालाबाजारी रोकने के लिए उर्वरक विक्रेताओं के यहां कृषि विभाग के अमले की उपस्थिति में उर्वरक का विक्रय किया जा रहा है, जिससे विक्रेता द्वारा अधिक रेट पर खाद न बेचा जा सके। साथ ही सभी विकासखंड में उर्वरक निरीक्षक द्वारा भी निरीक्षण किया जा रहा है। उपसंचालक कृषि मधुअली और जिला स्तरीय टीम आर.डी. जाटव सहायक संचालक और देवेन्द्र बारसकर द्वारा बिछिया, मंडला और नैनपुर के उर्वरक विक्रेताओं के यहां निरीक्षण किया गया। उपसंचालक कृषि द्वारा समस्त उर्वरक विक्रेताओं को सचेत किया गया है कि निर्धारित दर पर ही खाद का विक्रय किया जाए और खाद उपलब्ध होने पर कृषकों को विक्रय करने से इंकार नहीं किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या उर्वरक नियंत्रण आदेश के उलंघन किए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी और लायसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। अधिक दर पर खाद विक्रय करने पर विक्रेता के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। जिला स्तरीय निरीक्षण टीम द्वारा योगेश खाद भंडार करियागांव में अधिक दर पर खाद का विक्रय किए जाने पर विक्रय प्रतिबंधित किया गया।

 

 

 

 

 

रहेश राव एक वर्ष के लिए जिलाबदर

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा रहेश राव पिता गणेश राव निवासी ग्राम भपसा चौकी हिरदेनगर थाना महाराजपुर, जिला मंडला (म.प्र.) उम्र 45 वर्ष को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से संबद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निर्बन्ध आदेश की अवधि में रहेश राव जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेंगे, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देंगे तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 21 जुलाई के दौरान 391.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 319 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 72.1 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को मंडला में 1.8 मि.मी., नैनपुर में 3.6 मि.मी., बिछिया में 3.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 21 जुलाई को 1.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

अमानक उर्वरक पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

पंजीयक एवं उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 26 के तहत शक्तियों का उपयोग करते हुए धारा 19-ए के तहत उर्वरक डीएपी, विक्रेता मेसर्स योगेश खाद भंडार करियागांव विकासखंड बिछिया के नमूने गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए जाने के फलस्वरूप संबंधित लॉट व बैच नंबर के उर्वरकों का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

 

 

 

 

सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी

 

मण्डला 21 जुलाई 2022

बरसात के दिनों में सर्पदंश के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सर्पदंश में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें,  ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

उपचार:- सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।

बचाव: – अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल व जूते पहनकर ही चलें।

 

 

Related posts

संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत दी गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

Reva India News

सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने की पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा

Reva India News

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

Reva India News

Leave a Comment