’हर घर तिरंगा’ अभियान और स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाने में सहयोग करें जनप्रतिनिधि – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने की पंचायत प्रतिनिधियों से बात
मण्डला 10 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी देने तथा इस अभियान में सक्रियता से जुड़ने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक आजादी की 75वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार 13-15 अगस्त के बीच सभी घरों, शासकीय, अशासकीय संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों आदि में तिरंगा झंडा लगाया जाएगा या फहराया जाएगा। श्रीमती सिंह ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि सभी अपने क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से अभियान का हिस्सा बनें तथा आजादी के 75वे वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे इस स्वतंत्रता दिवस को भव्य रूप से मनाने में सहयोग करें। उन्होने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की जनता को ज्यादा से ज््यादा अभियान की जानकारी दें तथा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर ने कहा कि 15 अगस्त तक सभी जनप्रतिनिधि घर-घर जाकर सभी को अपने घरों पर झंडा लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बैठक में जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरुकता के लिए 12 अगस्त को आयोजित की जा रही महारैली की जानकारी दी। इसी प्रकार 13 अगस्त को घर-घर झंडा वितरण तथा 14 अगस्त की रात्रि 11-12 तक स्वतंत्रता प्रकाश रैली एवं आतिशबाजी के कार्यक्रम से संबंधित जानकारी भी दी। कलेक्टर ने कहा कि सभी पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र को यथासंभव तिरंगा थीम पर सजाएं तथा राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का उपयोग कर महत्वपूर्ण गली, चौराहे, संस्थानों, इमारतों को आकर्षक रूप से सजाएं। इसके पूर्व कलेक्टर ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को उनके नवीन कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 12 अगस्त को महारैली का आयोजन
कलेक्टर ने तैयारियों के दिए निर्देश
मण्डला 10 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित की जा रही अनेक जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत 12 अगस्त को जिला मुख्यालय में ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरुकता के लिए महारैली का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को महारैली के विशेष आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों, एनजीओ, समाजसेवी, सभी स्कूल, कॉलेजों के छात्र-छात्राएँ, जनप्रतिनिधि, नगरवासी महारैली में शामिल होंगे। 12 अगस्त को प्रातः 9ः30 बजे जिला मुख्यालय के नेहरू स्मारक से महारैली को रवाना किया जाएगा। यह महारैली जिला मुख्यालय के समस्त प्रमुख मार्गों से होकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जानकारी प्रसारित करेगी। 12 अगस्त को केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे मद्देनजर किला परिसर में भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान से संबंधित आयोजन किया जाएगा।
मुख्यालय की करें आकर्षक सजावट
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय को तिरंगे की थीम के आधार पर आकर्षक रूप से सजाएं। उन्होने कहा की रपटाघाट तथा मुख्यालय के प्रमुख मार्गों पर सफेद, केसरिया तथा हरे रंग की झालर एवं सजावटी वस्तुओं का प्रयोग करते हुए आकर्षक रूप से सजाएं। कलेक्टर ने कहा कि 12 अगस्त की शाम तक जिला मुख्यालय की सजावट का कार्य पूरा करें।
घर-घर करें तिरंगा वितरण, ध्वजसंहिता की दें जानकारी
कलेक्टर ने बताया कि 13 से 15 अगस्त के बीच जिले के सभी घरों, संस्थानों, दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस दिन पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के अमले के द्वारा घर-घर जाकर तिरंगा वितरण किया जाए तथा सभी को अपने घरों में तिरंगा लगाने प्रेरित किया जाए। इस दौरान सभी को ध्वज संहिता के बारे में जानकारी अवश्य दें।
14 की रात को स्वतंत्रता प्रकाश रैली एवं आतिशबाजी
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आजादी की पूर्व संध्या अर्थात 14 अगस्त की रात को 11 बजे से 12 बजे तक स्वतंत्रता प्रकाश रैली का आयोजन किया जाएगा तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर आतिशबाजी की जाएगी। जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता प्रकाश रैली रात 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से होकर रवाना होगी तथा रपटाघाट पर रात्रि 12 बजे आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने अपील की है कि जिलेवासी 14 अगस्त की रात्रि 11 से 12 बजे के बीच आयोजित प्रकाशरैली तथा आतिशबाजी में जरूर शामिल हों।

नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया संपन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी
मण्डला 10 अगस्त 2022
10 अगस्त को नगरीय निकाय के निर्वाचन के संबंध में वार्डों के आरक्षण से संबंधित जिले के सभी नगरीय निकायों की आरक्षण कार्यवाही संपन्न की गई। जिला योजना भवन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने आरक्षण प्रक्रिया के संबंध में सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को संबंधित प्रावधानों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। जिला योजना भवन में नगरपालिका मंडला के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया संपन्न हुई। कलेक्टर हर्षिका सिंह की उपस्थति में नगरपालिका मंडला के अलग-अलग वार्डों के आरक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, एसडीएम मंडला पुष्पेंद्र अहके, राजस्व अधिकारी, नगरपालिका के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

झंकार भवन का किया औचक निरीक्षण
जिला मुख्यालय के अलग-अलग केंद्रों में मंडला जिले के सभी नगरीय निकायों के संबंध में वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया सम्पन्न की गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने झंकार भवन में नैनपुर नगरपालिका के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया से संबंधित समस्त गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया एवं प्रक्रिया का अवलोकन किया।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित हुई बाइक रैली
कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मण्डला 10 अगस्त 2022
आजादी के 75वे वर्षगांठ को मनाने के लिए अनेक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता के लिए 10 अगस्त को बाइक रैली का आयोजन किया गया। बाइक रैली का प्रारंभ कलेक्ट्रेट से हुआ। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में भाग लेने वाले बाइक सवारों ने अपनी बाइक पर तिरंगा झंडा लगाकर जिले के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया। बाईक सवारों ने भारत माता की जय के नारों से ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए जागरूकता प्रसारित की। यह रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर रपटा घाट, रेलवे स्टेशन, झूलापुल, हाईवे, मधुरम बिंझिया, रानी रामगढ स्कूल होते हुए वापस स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न हुई। बाइक रैली प्रांरभ होने के पूर्व राष्ट्रगान गाया गया।

हर गाँव-हर टोले-हर घर तक ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करें
समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश
मण्डला 10 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक गांव, प्रत्येक टोले तथा प्रत्येक घर तक तिरंगे झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करें। ऐसे परिवार ध्वज लेने में असमर्थ हैं उन्हें निःशुल्क ध्वज उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि ध्वज वितरण के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक तथा पंचायत सचिव सहित अन्य मैदानी अमले का सहयोग प्राप्त करें।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि 12 अगस्त तक सभी घरों तक ध्वज पहुंचाएं। ध्वज वितरण के साथ ही ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी भी प्रदान करें। इस दौरान लोगों को ध्वज संहिता के संबंध में बताएं। कलेक्टर ने कहा कि 13 अगस्त की सुबह प्रत्येक घर, दुकानों, संस्थानों में राष्ट्रीय झंडा लगाने के लिए आमजन को प्रेरित करें। श्रीमती सिंह ने ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान के तहत साक्षर हुए लोगों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम की सबसे ज्यादा पढ़ी-लिखी महिला, बच्चियों तथा दिव्यांगजनों से ध्वजारोहण कराएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के आयोजन के लिए ड्यूटी तय
मण्डला 10 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह स्थल स्टेडियम ग्राउंड मंडला में आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन, सत्कार तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समारोह स्थल में अधिकारियों की ड्यूटी आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत मुख्य समारोह स्थल स्टेडियम ग्राउंड के गेट में उपस्थित रहकर मुख्य अतिथि को समारोह स्थल पर सुरक्षित ले जाना एवं कार्यक्रम उपरांत उनके वाहन तक ले जाने के लिए अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मीना मसराम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदिया, जन प्रतिनिधियों, आमंत्रित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों को समारोह स्थल तक पहुंचाना एवं बैठाना तथा व्हीआईपी गैलरी की बैठक व्यवस्था के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पेन्द्र अहके, महिला अतिथियों एवं महिला दीर्घा की बैठक व्यवस्था के लिए प्रभारी जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्वेता जाधव, पत्रकारों की बैठक व्यवस्था के लिए जिला खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम, मुख्य समारोह स्थल स्टेडियम ग्राउंड के गेट क्रं.-2 पर उपस्थित रहकर आगंतुकों को समारोह स्थल पर उनकी बैठक व्यवस्था से अवगत कराना तथा पर्याप्त पर्यवेक्षण रखने के लिए जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी मंडला, जिला खनिज अधिकारी मंडला से पुरूस्कार सामग्री प्राप्त कर वितरण के लिए प्रस्तुत करने के लिए कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एवं सहा.आयु.आदि.वि. मंडला तथा खनिज अधिकारी मंडला, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पेन्द्र अहके की ड्यूटी लगाई गई है।

समस्त सेनानियों एवं शहीद परिवारों को सम्मानित करने निर्देश
मण्डला 10 अगस्त 2022
अपर कलेक्टर ने समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों एवं कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए एवं वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उनके घर जाकर शॉल, श्रीफल एवं फूलमाला से सम्मानित किए जाएं।

खाद्य तेलों की जांच के लिए गए नमूने
मण्डला 10 अगस्त 2022
अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य तेलों में मिलावट रोकने एवं खाद्य तेलों की शुद्धता जांचने, तेलों में ट्रांसफेट की मात्रा की जांच, खुले में खाद्य तेलों की बिक्री रोकने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के द्वारा मध्यप्रदेश सहित देशभर में अभियान शुरु किया गया है। इसके तहत मंडला जिले से विगत दिवस खाद्य तेलों के 6 सर्विलेंस नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। स्थानीय स्तर पर निर्मित एवं रिपैकिंग होने वाले खाद्य तेलों की जांच को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही एन.सी.एम.एल. लेब मुंबई के सैंपलर के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की पैक्ड एवं लूज दालों के 20 नमूने लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन पर्व के चलते विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों से मिठाईयों के 15 नमूनों को जांच हेतु लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मिष्ठान – विक्रेताओं को साफ-सफाई रखने एवं मिठाईयों पर बेस्ट बिफोर दिनांक अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

16 से 20 अगस्त तक होगा चरणबद्ध ग्रामसभाओं का आयोजन
मण्डला 10 अगस्त 2022
16 अगस्त से 20 अगस्त तक ग्रामसभाओं का चरणबद्ध आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन ग्रामसभाओं में निर्धारित स्थाई तथा स्थानीय एजेंडा के अतिरिक्त अन्य बिन्दुओं पर भी चर्चा की जाएगी। ग्रामसभाओं में शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता तथा नलजल योजना के रख-रखाव की व्यवस्था, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सुरक्षित जल के उपयोग को बढ़ावा देने, सहयोगिनी मातृ समितियों को विभाग द्वारा प्रदत्त अधिकार, अडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम, एकीकृत बाल संरक्षण योजना, हर घर जल कार्यक्रम, ’हर घर झण्डा’ कार्यक्रम, अमृत सरोवर संरचना के रख-रखाव एवं उपयोग, ग्राम गौरव दिवस, बाल हितैषी एवं महिला सशक्तिकरण विजन, ग्राम की महिलाओं एवं किशोरियों में रक्त की जांच द्वारा एनीमिया का आंकलन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा की जाएगी। साथ ही 15वां वित्त आयोग की कार्ययोजना एवं रणनीति, राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार, ग्रामसभा में सतत् विकास के लक्ष्यों एवं जीपीडीपी एकीकरण के माध्यम से प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण, समूह चर्चा, समूह कार्य, ग्रामीण समुदाय में एसडीजी के लक्ष्यपूर्ति के बारे में जनजागरुकता लाने के लिए प्रयास, सतत् विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण एवं स्थानीय स्तर पर पंचायत, राज संस्थाओं के माध्यम से प्राप्त किये जाने की कार्यवाही, 14 अप्रैल 2022 को आयोजित ग्रामसभा में सतत् विकास लक्ष्यों हेतु लिये गये संकल्प अनुरुप थिमेटिक विषयों पर कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की जाएगी। ग्राम सभा में नवगठित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत स्तर पर जैव विविधता प्रबंधन समिति का पुर्नगठन एवं सक्रियकरण, वृक्षारोपण एवं वर्षा के जल को रोकने की कार्ययोजना, भूमि को बंजर होने से रोकने की आवश्यकता एवं रणनीति पर चर्चा की जाएगी। ग्रामसभा में अन्य विषय सरपंच की अनुमति से शामिल किए जाएंगे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 10 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 10 अगस्त के दौरान 648 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 602.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 45.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अगस्त को मंडला में 17.6 मि.मी., नैनपुर में 30.2 मि.मी., बिछिया में 19.9 मि.मी., निवास में 5 मि.मी. तथा घुघरी में 9.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 0.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 10 अगस्त को 13.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

4 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए
मण्डला 10 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 9 अगस्त की शाम 3 बजे से 10 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 4 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

6 कोरोना केस मिले
मण्डला 10 अगस्त 2022
9 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 10 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 6 नये कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालाजी वार्ड मंडला निवासी 7 वर्षीय बालिका, दादा धनीराम वार्ड मंडला निवासी 66 वर्षीय महिला, बिछिया निवासी 38 वर्षीय महिला, बिछुआ केवलारी निवासी 20 एवं 60 वर्षीय पुरूष तथा गुबरिया केवलारी निवासी 19 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति के लिए चलाएँ विशेष अभियान – बी. चंद्रशेखर
समीक्षा बैठक में संभाग आयुक्त ने दिए निर्देश
मण्डला 10 अगस्त 2022
जबलपुर संभाग आयुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि शालाओं में विद्यार्थियों की शतप्रतिशत उपस्थिति के लिए विशेष अभियान संचालित करें। 15 दिवस तक चलने वाले इस अभियान के दौरान शालात्यागी बच्चों को चिन्हित कर उनके माता-पिता से संपर्क कर उन्हें समझाईश दें तथा बच्चों की शाला में उपस्थिति सुनिश्चित करें।
श्री बी. चंद्रशेखर ने कहा कि शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। शाला समय के बाद शिक्षक ड्रॉपआउट बच्चों के माता-पिता से संपर्क करें। ड्रॉपआउट बच्चों के माता-पिता को दी जाने वाले समझाईश का विधिवत रिकॉर्ड रखें। उन्होंने कहा कि संभाग स्तर से गठित टीम शालाओं के निरीक्षण के दौरान इन अभिलेखों की भी जांच करेगी। शतप्रतिशत बच्चे अगली कक्षा में दर्ज एवं उपस्थित होने चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी स्कूलों की सतत मॉनिटरिंग करें। जर्जर भवनों में शालाएं संचालित न करें। नियमानुसार शाला भवनों की मरम्मत कराएं। संभाग आयुक्त ने औसत उपस्थिति, पुस्तक वितरण, जाति प्रमाण पत्र आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
अंकुर अभियान की समीक्षा करते हुए बी. चंद्रशेखर ने कहा कि सघन वृक्षारोपण जारी रखें। साथ ही अंकुर पोर्टल पर वृक्षारोपण की जानकारी भी अपलोड करें। वृक्षारोपण के लिए गड्ढों की साईज पर विशेष ध्यान रखें। 2 पौधों के बीच में पर्याप्त अंतर रखें। रोपे गए जा रहे पौधों की सुरक्षा चिंता करें। स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि एनआरसी में कोई भी सीट खाली न रहे। आवश्यकतानुसार बच्चों का रोस्टर बनाकर उन्हें एनआरसी भेजें। संभाग आयुक्त ने कहा कि आमजन से जुड़ी योजनाओं पर ज्यादा फोकस करें। बी. चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

’हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनें व्यापारी संगठन – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने की व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा
मण्डला 10 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए उनसे ’हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक आजादी की 75वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सभी व्यापारी अपने घर एवं प्रतिष्ठान को तिरंगे की थीम पर सुसज्जित करें। इसी प्रकार 13-15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी घरों, शासकीय, अशासकीय संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों आदि में तिरंगा झंडा लगाएं। कलेक्टर ने आव्हान किया कि सभी व्यापारी एवं उद्योगपति इस अभियान का सक्रिय रूप से हिस्सा बनें तथा आजादी के 75वे वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे इन आयोजनों को भव्य रूप से मनाने में सहयोग करें।
बैठक में श्रीमती सिंह ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 12 अगस्त को आयोजित की जा रही महारैली के संबंध में भी जानकारी देते हुए व्यापारीजनों से सपरिवार सहभागिता का आव्हान किया। उन्होंने 14 अगस्त की रात्रि 11-12 बजे तक स्वतंत्रता प्रकाश रैली एवं आतिशबाजी के कार्यक्रम से संबंधित जानकारी भी दी। कलेक्टर ने व्यापारियों से स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में भी शामिल होने का आग्रह किया।

प्रधान डाकघर में लगाई गई 5 दिवसीय प्रदर्शनी
मण्डला 10 अगस्त 2022
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की स्मृति में प्रधान डाकघर मंडला में आयोजित होने वाली 5 दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन 10 अगस्त 2022 को जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम द्वारा प्रधान डाकघर मंडला प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकगण, आमजन एवं समस्त डाक कर्मचारी भी मौजूद रहे। देश के बटवारे के दर्द को कभी भुलाया नही जा सकता। नफरत और हिंसा की वजह से हमारे लाखों बहनों और भाइयों को विस्थापित होना पड़ा और अपनी जान तक गवानी पड़ी। उन लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को शासन द्वारा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के तौर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। जनमानस से प्रदर्शनी में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

